अनुच्छेद 370 पर जम्मू कश्मीर विधानसभा में प्रस्ताव लाने के लिये नेकां ने पीडीपी के पारा की निंदा की
राजकुमार प्रशांत
- 04 Nov 2024, 08:09 PM
- Updated: 08:09 PM
श्रीनगर, चार नवंबर (भाषा) सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने सोमवार को अनुच्छेद 370 के निरसन के विषय पर जम्मू-कश्मीर विधानसभा में एक प्रस्ताव लाने को लेकर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के विधायक वहीद पारा की आलोचना की, जबकि घाटी के अन्य राजनीतिक दलों ने इसके प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
नेकां ने कहा कि पुलवामा से पीडीपी विधायक पारा का यह कदम इस मुद्दे पर जम्मू-कश्मीर सरकार के प्रस्ताव को दरकिनार करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
नेकां ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ यह पीडीपी विधायक द्वारा किया गया एक बहुत ही चतुराईपूर्ण प्रयास था, जिसका स्पष्ट उद्देश्य प्रस्ताव पेश करने के सरकार के कदम को विफल करना था।’’
सत्तारूढ़ पार्टी ने कहा कि उसे उम्मीद है कि सत्र के दौरान जब सत्ता पक्ष इस प्रस्ताव को पेश करेगा तो सभी विधायक इसका समर्थन करेंगे।
पुलवामा के विधायक पारा ने अनुच्छेद 370 के निरसन का विरोध करते हुए एवं पूर्ववर्ती राज्य के विशेष दर्जे को बहाल करने की मांग करते हुए विधानसभा में एक प्रस्ताव पेश किया। उसके बाद सदन में हंगामा होने लगा।
सात बार के विधायक अब्दुल रहीम राथर के इस केंद्रशासित प्रदेश की विधानसभा के पहले अध्यक्ष निर्वाचित होने के तत्काल बाद पारा ने अपना प्रस्ताव पेश किया।
पारा के प्रस्ताव का भाजपा विधायकों ने जबर्दस्त विरोध किया और सभी 28 पार्टी विधायक अपनी सीटों पर खड़े हो गये।
बाद में पारा ने कहा कि उनका प्रस्ताव नेकां संस्थापक शेख मुहम्मद अब्दुल्ला की विरासत को बहाल करने के लिए था।
पारा की पार्टी ने कहा कि उसे इस कदम पर नाज है।
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ अनुच्छेद 370 के निरसन का विरोध करने और विशेष दर्जे को बहाल करने का प्रस्ताव लाने के लिए वहीद पारा पर नाज है । ईश्वर आपका भला करे।’’
एक अलग पोस्ट में उन्होंने पारा के प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के प्रमुख और हंदवारा के विधायक सजाद लोन, शोपिया के विधायक शबीर कुल्ले और लांगेट के विधायक शेख खुर्शीद के प्रति आभार व्यक्त किया।
लोन ने कहा कि वह अनुच्छेद 370 की बहाली की मांग करने वाले किसी भी प्रस्ताव का पूरा समर्थन करते हैं।
आवामी इत्तेहाद पार्टी के नेता और लांगेट के विधायक शेख खुर्शीद ने नेकां पर भाजपा के साथ ‘हाथ मिला लेने’ का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि यह ‘साठगांठ’ जम्मू कश्मीर विधानसभा में स्पष्ट नजर आयी जब दोनों ही दल अनुच्छेद 370 पर ‘किसी भी चर्चा का गला घोंटने के लिए’ एकजुट नजर आये।
भाषा
राजकुमार