ऑनलाइन ट्रेडिंग घोटाले के आरोपी को गुवाहाटी पुलिस ने गोवा से गिरफ्तार किया
पारुल संतोष
- 28 Oct 2024, 08:44 PM
- Updated: 08:44 PM
गुवाहाटी, 28 अक्टूबर (भाषा) असम पुलिस ने राज्य में करोड़ों रुपये के ‘ऑनलाइन ट्रेडिंग’ घोटाले में संलिप्तता के आरोपी दीपांकर बर्मन को गोवा से गिरफ्तार कर लिया है और उसे तटीय राज्य में सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गुवाहाटी ले आया जाएगा। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक, 29 वर्षीय बर्मन को उत्तरी गोवा के पेरनेम थाना क्षेत्र से रविवार शाम गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाने के लिए गोवा की एक स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।
गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त दिगंत बराह ने संवाददाताओं से कहा कि बर्मन के खिलाफ पहला मामला 22 अगस्त को पलटन बाजार पुलिस थाने में दर्ज किया गया था, हालांकि मीडिया में उसकी कंपनी के धोखाधड़ी में शामिल होने की खबरें आने के बाद वह 18 अगस्त को शहर से फरार हो गया था।
राज्य में करोड़ों रुपये के इस ऑनलाइन ट्रेडिंग घोटाले का अगस्त में तब खुलासा हुआ था, जब 29 वर्षीय बर्मन की कंपनी में बड़े पैमाने पर निवेश करने वाले निवेशकों ने शिकायत की कि उसने उन्हें उचित लाभ नहीं दिया और उसका कार्यालय भी बंद हो गया है।
घोटाले के संबंध में दर्ज ज्यादातर मामलों की जांच, जिनमें बर्मन से जुड़ा मामला भी शामिल है, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी गई है।
बराह ने कहा कि हालांकि, गुवाहाटी पुलिस मामले की जांच के दौरान बर्मन का पता नहीं लगा पाई थी, लेकिन उसने अपना तकनीकी विश्लेषण जारी रखा, जिसके बाद वह गोवा पहुंची।
उन्होंने कहा, “हमारी टीम दो हफ्ते गोवा में रही। हमारे पास कुछ जानकारी थी, जैसे कि बर्मन ने असम से गोवा में राशि कैसे स्थानांतरित की। हमने गोवा पुलिस की अपराध शाखा के साथ समन्वय किया और वहां भी अपने कुछ खबरी बनाए।”
बराह के मुताबिक, बर्मन के ठिकाने के बारे में विश्वसनीय सूचना शनिवार को मिली, जिसके बाद एक अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम रविवार सुबह गोवा के लिए रवाना हुई।
उन्होंने कहा, “चूंकि, बर्मन के खिलाफ दर्ज मूल मामला सीबीआई को स्थानांतरित कर दिया गया था, इसलिए हमने शनिवार को पलटन बाजार पुलिस थाने में एक नया मामला दर्ज किया और उसके तहत आरोपी की तलाश की।”
बराह ने बताया, “बर्मन एक सुनसान जगह पर ‘होम-स्टे’ में रह रहा था। उसके कमरे की तलाशी लेने पर हमारी टीम को 27 लाख रुपये से ज्यादा की नकदी, उसका पासपोर्ट और सोने के गहने बरामद हुए।”
उन्होंने कहा कि चूंकि, गिरफ्तारी दूसरे राज्य में हुई है, इसलिए उसे असम लाने से पहले कुछ कानूनी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
बराह ने कहा, “बर्मन को ट्रांजिट रिमांड के अनुरोध के साथ सोमवार को पेरनेम की एक अदालत में पेश किया जाएगा। अदालत के आदेश और परिवहन विकल्पों की उपलब्धता के आधार पर उसे गुवाहाटी लाया जाएगा।”
उन्होंने बताया कि बर्मन से “मौके पर ज्यादा पूछताछ नहीं की गई” और उसे गुवाहाटी लाए जाने के बाद ही गहन पूछताछ की जाएगी।
बराह ने कहा, “चूंकि, बर्मन की कंपनी के खिलाफ कई राज्यों में मामले दर्ज हैं और कई मामलों की जांच सीबीआई कर रही है, इसलिए आगे चलकर कई एजेंसियों को उसकी हिरासत मिलेगी। हम अभी ज्यादा कुछ नहीं बता सकते हैं।”
बर्मन के माता-पिता को भी इस घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किया जा चुका है। असमिया अभिनेत्री सुमी बोरा और उनके फोटोग्राफर पति तारिक बोरा को भी इस घोटाले में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। राज्य सरकार ने घोटाले के सिलसिले में दर्ज 41 मामलों की जांच सीबीआई को सौंप दी है।
कई कंपनियों ने निवेशकों को भारी रिटर्न का लालच देते हुए उन्हें शेयर बाजार में कथित तौर पर करोड़ों रुपये निवेश करने के लिए प्रेरित किया था। जब कंपनियां निवेशकों को लाभ का भुगतान करने में नाकाम रहीं, तब इस घोटाले का पर्दाफाश हुआ।
भाषा पारुल