चित्रकूट में अपहृत बच्ची बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार
सं आनन्द पारुल
- 14 Oct 2024, 08:57 PM
- Updated: 08:57 PM
बांदा, 14 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के मारकुंडी थाना क्षेत्र से अपहृत नवजात बच्ची को पुलिस ने कौशांबी जिले के एक अस्पताल से बरामद कर लिया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि मामले में एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने बच्ची के पिता से उसे 10 हजार रुपये में खरीदने का दावा किया है।
चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरुण कुमार सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि नवजात के अपहरण में शामिल कौशांबी जिले के कार मालिक संतोष मिस्त्री, अस्पताल संचालक सुधीर सिंह उर्फ डॉक्टर, अमित पटेल, जसवंत प्रजापति और चित्रकूट जिले के गोपीपुर गांव की आशा बहू गुड्डू देवी आरख को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी जसवंत ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी को शादी के 10 साल बाद भी कोई संतान नहीं हुई थी और लोग उसे ताना मारते थे, इसलिए उसने सुनील से दस हजार रुपये में बच्ची को खरीदा था।
एसपी के अनुसार, जसवंत के बयान के आधार पर मामले में बच्ची को बेचने की धारा भी बढ़ाई गई है और उसके पिता सुनील की भी तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मारकुंडी थाना क्षेत्र के डोडामाफी गांव के रहने वाले सुनील की पत्नी गुंजा ने बृहस्पतिवार को टिकरिया में अपनी ननद के घर पर एक बच्ची को जन्म दिया था।
एसपी के मुताबिक, शुक्रवार को एक महिला सहित पांच लोग कार से उसके घर पहुंचे और 50 हजार रुपये सरकारी लाभ दिलाने तथा टीकाकरण के बहाने सुनील और नवजात बच्ची को अपने साथ कर्वी (चित्रकूट) ले गए।
सिंह ने बताया कि कर्वी के पटेल तिराहे पर अपहर्ताओं ने सुनील को दस्तावेजों की फोटो कॉपी कराने के बहाने वाहन से उतार दिया और बच्ची को लेकर फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम मारकुंडी थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ नवजात बच्ची के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था और पुलिस व एसओजी टीम को जांच में लगाया गया था।
सिंह के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज से वारदात में इस्तेमाल कार और मोटरसाइकिल की पहचान हुई, जिसके बाद रविवार को कार मालिक की निशानदेही पर कौशांबी जिले के एक निजी अस्पताल से नवजात बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया तथा पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा
सं आनन्द