साहित्य का नोबेल पुरस्कार दक्षिण कोरियाई लेखिका हान कांग को
एपी अविनाश वैभव
- 10 Oct 2024, 07:43 PM
- Updated: 07:43 PM
स्टाकहोम, 10 अक्टूबर (एपी) इस वर्ष साहित्य के नोबेल पुरस्कार के लिए दक्षिण कोरियाई लेखिका हान कांग (53) को चुना गया है। नोबेल समिति ने बृहस्पतिवार को इसकी घोषणा की।
स्वीडिश अकादमी की नोबेल समिति के स्थायी सचिव मैट्स माल्म ने यहां इस पुरस्कार की घोषणा की। नोबेल समिति के अनुसार हान कांग के ‘गहन काव्यात्मक गद्य के लिए" यह सम्मान दिया जाएगा जिसमें ऐतिहासिक आघातों और मानव जीवन की नाजुकता को रेखांकित किया गया है।
नोबेल समिति के अध्यक्ष एंडर्स ओल्सन ने अपने पात्रों खासकर कमजोर महिलाओं के प्रति सहानुभूति के लिए हान की सराहना की।
ओल्सन ने कहा, ‘‘शरीर और आत्मा, जीवित और मृत के बीच के संबंधों के बारे में उनकी चेतना अनूठी है, और अपनी काव्यात्मक एवं प्रयोगात्मक शैली में वह समकालीन गद्य की प्रणेता हैं।"
नोबेल साहित्य समिति की सदस्य अन्ना-करिन पाम ने कहा कि हान "व्यापक पद्यात्मक गद्य लिखती हैं जो कोमल और निर्मम दोनों है, और कभी-कभी वह थोड़ा अतियथार्थवादी भी है।"
हान नोबेल साहित्य पुरस्कार जीतने वाली पहली एशियाई महिला और दक्षिण कोरिया की पहली साहित्यकार हैं। वह नोबेल पुरस्कार जीतने वाली दूसरी दक्षिण कोरियाई नागरिक हैं। इससे पहले दिवंगत पूर्व राष्ट्रपति किम दाए-जंग को 2000 में शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्हें दक्षिण कोरिया में लोकतंत्र बहाल करने और प्रतिद्वंद्वी देश उत्तर कोरिया के साथ संबंधों को बेहतर बनाने के उनके प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया था।
हान को 2016 में उनकी कृति "द वेजिटेरियन" के लिए अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। "द वेजिटेरियन" एक उपन्यास है जिसमें एक महिला के मांस खाना बंद करने के फैसले के विनाशकारी परिणाम होते हैं।
उस पुरस्कार की घोषणा के बाद हान ने कहा था कि उपन्यास लिखना "मेरे लिए सवाल पूछने का एक तरीका है। मैं अपने लेखन की प्रक्रिया के जरिए अपने सवालों को पूरा करने की कोशिश करती हूं और मैं सवालों में रहने की कोशिश करती हूं, कभी-कभी दर्दनाक, कभी-कभी - अच्छा - कभी-कभी चुनौतीपूर्ण।’’
उनका उपन्यास "ह्यूमन एक्ट्स" 2018 में अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार के लिए अंतिम सूची में शामिल किया गया था।
हान का साहित्यिक सफर 1993 में बतौर कवि उनकी पहली किताब के प्रकाशन के साथ आरंभ हुआ था। उसके बाद उनका पहला लघु कहानी संग्रह अगले वर्ष प्रकाशित हुआ और उनका पहला उपन्यास "ब्लैक डियर" 1998 में प्रकाशित हुआ। उनका नवीनतम उपन्यास, "वी डू नॉट पार्ट" अगले वर्ष अंग्रेजी में प्रकाशित होने वाला है।
नोबेल साहित्य सम्मान की लंबे समय से आलोचना होती रही है। आलोचकों की दलीलें हैं कि इसमें कहानियों से ज्यादा शैली पर जोर दिया जाता है और यह यूरोपीय और उत्तरी अमेरिकी लेखकों पर बहुत अधिक केंद्रित है। इसके साथ ही इस सम्मान के पुरुष-प्रधान होने का भी आरोप लगता रहा है। अब तक 119 लेखकों को यह सम्मान दिया गया है जिनमें महिलाओं की संख्या सिर्फ 17 है। इससे पहले 2022 में फ्रांस की लेखिका एनी एरनॉक्स को यह सम्मान दिया गया था।
इस साल के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा सोमवार से शुरू हुई। अमेरिकी वैज्ञानिकों विक्टर एंब्रोस और गैरी रुवकुन को चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार प्रदान किये जाने की घोषणा सोमवार को की गई।
मंगलवार को जॉन होपफील्ड और ज्योफ्री हिंटन को मशीन लर्निंग को सक्षम बनाने वाली खोजों के लिए भौतिकी के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई।
बुधवार को डेविड बेकर, डेमिस हस्साबिस और जॉन जंपर को रसायन विज्ञान के नोबेल पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गयी।
शांति के लिए नोबेल पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को और अर्थशास्त्र के लिए इस सम्मान की घोषणा 14 अक्टूबर को की जाएगी।
विजेताओं को पुरस्कार के संस्थापक अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि 10 दिसंबर को एक समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
एपी अविनाश