जम्मू-कश्मीर चुनाव: मतगणना से एक दिन पहले कांग्रेस-नेकां, भाजपा, पीडीपी को जीत का भरोसा
आशीष माधव
- 07 Oct 2024, 09:25 PM
- Updated: 09:25 PM
जम्मू, सात अक्टूबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की मतगणना से एक दिन पहले कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के शीर्ष नेताओं ने केंद्र शासित प्रदेश में अगली सरकार बनाने का विश्वास जताया।
कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने चुनाव पूर्व गठबंधन किया था। गठबंधन ने दावा किया कि वे अपने दम पर 90 सदस्यीय सदन में 46 का जादुई आंकड़ा पार कर लेंगे। वहीं, भाजपा निर्दलीय उम्मीदवारों पर निर्भर है और पीडीपी ने कहा कि उसके समर्थन के बिना जम्मू-कश्मीर में कोई धर्मनिरपेक्ष सरकार संभव नहीं है।
भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रमुख रवींद्र रैना ने कहा कि उनकी पार्टी 35 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। उन्होंने कहा कि निर्दलीय और समान विचारधारा वाले दलों की मदद से भाजपा बहुमत का आंकड़ा पार कर जाएगी।
रैना ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें जम्मू-कश्मीर में 35 सीटें जीतने का भरोसा है और निर्दलीय तथा समान विचारधारा वाले समूहों के समर्थन से, जिन्हें करीब 15 सीटें मिलेंगी, हम बहुमत के आंकड़े को पार कर जाएंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लोगों ने विकास और शांति के लिए हमारे दृष्टिकोण का समर्थन करते हुए हमें वोट दिया है।’’
रैना ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की रैलियों में ‘‘बड़ी भीड़’’ का हवाला देते हुए भाजपा के लिए ‘‘जोरदार समर्थन’’ मिलने की बात कही। उन्होंने कांग्रेस की ‘‘करारी हार’’ की भविष्यवाणी की।
जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के प्रमुख तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ पार्टी के गठबंधन को बढ़त हासिल है। उन्होंने कहा, ‘‘लोगों ने नेकां-कांग्रेस गठबंधन को वोट दिया है, जैसा कि हमने उम्मीद की थी। हमें जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाने का पूरा भरोसा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पहले दिन से ही हमें सरकार बनाने का अंदाजा है और जम्मू-कश्मीर के लोगों की भी यही अपेक्षा है।’’
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने भी सरकार बनाने का भरोसा जताया। जम्मू क्षेत्र के लिए पार्टी के प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता ने कहा कि एग्जिट पोल के अनुमान के बावजूद नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन अगली सरकार बनाएगा।
गुप्ता ने कहा, ‘‘अधिकतर एग्जिट पोल ने नेकां-कांग्रेस गठबंधन को 53 से अधिक सीटों के साथ स्पष्ट जनादेश दिया है। गठबंधन को जम्मू क्षेत्र में 20 से 24 सीटें जीतने की उम्मीद है।’’
पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में अगली सरकार धर्मनिरपेक्ष होगी और उनकी पार्टी के समर्थन के बिना नहीं बनेगी। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार धर्मनिरपेक्ष होगी... पीडीपी के समर्थन के बिना जम्मू-कश्मीर में कोई सरकार नहीं बनेगी। इस क्षेत्र में कभी भी भाजपा की सरकार नहीं बनेगी।’’
जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को होने वाली मतगणना के लिए भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। वर्ष 2019 में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में यह पहला विधानसभा चुनाव है।
भाषा आशीष