पहले अलर्ट से विमान के दुबई में उतरने तकःपीटीआई ने कैसे दी आईसी814 के अपहरण से जुड़ी हर जानकारी
सुभाष पवनेश
- 07 Sep 2024, 09:28 PM
- Updated: 09:28 PM
लाहौर, दूसरी संपूर्ण लीड अपहरण
इंडियन एयरलाइंस के अपहरण कर लिये गए विमान को दुबई ले जाया जा रहा
लाहौर, 24 दिसंबर (भाषा) काठमांडू से नयी दिल्ली जा रहे इंडियन एयरलाइंस के जिस विमान का अपहरण कर लिया गया, वह अमृतसर और लाहौर की नाटकीय यात्रा के बाद आज रात दुबई जा रहा है।
विमान में 187 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार हैं।
विमान के अमृतसर और लाहौर जाने के दौरान, हथियारों से लैस पांच अपहरणकर्ताओं ने चार यात्रियों की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी।
लखनऊ के हवाई क्षेत्र में अपहरण किये जाने के बाद, विमान को अमृतसर में ईंधन भरने के लिए 25 मिनट तक रुकना पड़ा। इसके बाद, उसे लाहौर ले जाया गया, जहां से वह भारतीय समयानुसार रात 10:35 बजे काबुल के लिए रवाना हुआ।
केंद्रीय नागर विमानन सचिव रवींद्र गुप्ता ने नयी दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि पकड़े गये रेडियो संदेशों के अनुसार, अपहरणकर्ताओं ने काबुल और कंधार में हवाई नियंत्रण टावरों से कहा कि वे वहां उतरना चाहते हैं, लेकिन वे ऐसा करने में विफल रहे क्योंकि दोनों हवाई अड्डों पर रात में उतरने की सुविधा नहीं है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने दिल्ली में बताया कि विमान लगभग तीन घंटे की उड़ान के लिए ईंधन भर कर अब दुबई के लिए रवाना हो गया है।
रात 11 बजकर 44 मिनट
---------------------------------------
दिल्ली, अपहरण आडवाणी
आडवाणी संकट प्रबंधन केंद्र पहुंचे
नयी दिल्ली, 24 दिसंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री लालकृष्ण आडवाणी मध्य रात्रि के कुछ समय बाद नागर विमानन मंत्रालय के संकट प्रबंधन केंद्र पहुंचे।
विमान के दुबई के लिए उड़ान भरने के बाद भी, यह केंद्र विमान अपहरण की घटना से उपजी स्थिति से निपट रहा है।
आडवाणी शीर्ष नागर विमानन और सुरक्षा अधिकारियों की मौजूदगी वाले नियंत्रण कक्ष पहुंचे, जहां से, वे विमान अपहरण की घटना से निपट रहे हैं।
रात बारह बजकर 16 मिनट
----------------------------------------
दिल्ली, अपहरण जसवंत यूएई
जसवंत सिंह यात्रियों की सुरक्षा के लिए यूएई के साथ संपर्क में
नयी दिल्ली, 24 दिसंबर (भाषा) विदेश मंत्री जसवंत सिंह इंडियन एयरलाइंस के अपहरण हुए विमान को दुबई में उतरने की अनुमति देने के लिए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अधिकारियों के संपर्क में हैं। आधिकारिक सूत्रों ने यहां यह जानकारी दी।
सिंह ने यूएई में भारत के राजदूत के सी सिंह से भी बात की है, जो अबू धाबी से दुबई जा रहे हैं।
‘एयरबस ए-300’ (अपहृत विमान) के मस्कट में उतरने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर सूत्रों ने कहा कि ‘‘अभी ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि विमान दुबई जा रहा है।’’
उन्होंने कहा कि विमान में, दुबई तक पहुंचने के लिए पर्याप्त ईंधन है। उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
रात 12 बजकर 41 मिनट
--------------------------------------------
दुबई, अपहरण लीड दुबई
अपहरण किये गए विमान को दुबई या मस्कट ले जाया जा रहा
दुबई, 24 दिसंबर (भाषा) भारत के महावाणिज्य दूत ए मुखर्जी ने यहां बताया कि काठमांडू से नयी दिल्ली जाने के दौरान इंडियन एयरलाइंस का अपहरण कर लिया गया विमान आज रात दुबई या मस्कट जा रहा है।
दुबई में हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि विमान ने भारतीय समयानुसार रात आठ बजकर 35 मिनट पर लाहौर से उड़ान भरी और वह अबतक दुबई में नहीं उतरा है। जारी..
रात 12 बजकर 47 मिनट
-----------------------------------------
दुबई, अपहरण लीड दुबई दो
अपहृत विमान को सामान्य नियम के तहत यूएई में उतरने की अनुमति नहीं
समाचार एजेंसी ‘एएफपी’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि ओमान के अधिकारियों ने विमान को मस्कट हवाई अड्डा पर उतरने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
रात 12 बजकर 51 मिनट
-----------------------------------------
दिल्ली, अपहरण दूसरी लीड दुबई (डेटलाइन में परिवर्तन के साथ)
अपहृत विमान को दुबई में उतरने की अनुमति दी गई
नयी दिल्ली, 24 दिसंबर (भाषा) इंडियन एयरलाइंस के अपहृत विमान को आज रात दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतरने की अनुमति दे दी गई है। एक अधिकारिक प्रवक्ता ने यहां यह जानकारी दी। जारी...
रात एक बजकर एक मिनट
----------------------------------------
दिल्ली, अपहरण दूसरी लीड दुबई दो
आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि पायलट के दुबई हवाई अड्डा के अधिकारियों से संपर्क करने पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने अपहृत विमान को उतरने की अनुमति दे दी।
उन्होंने बताया कि विमान के उतरने का संभावित समय भारतीय समयानुसार रात डेढ़ बजे है।
रात एक बजकर तीन मिनट
-------------------------------------
दिल्ली, अपहरण घटनाक्रम दो
रात 8 बजकर 25 मिनट: विमान को ‘‘मानवीय आधार पर’’ उतरने की अनुमति मिलने के बाद, अपहरणकर्ताओं ने पाकिस्तानी अधिकारियों से संपर्क किया क्योंकि विमान का ईंधन लगभग समाप्त हो चुका था। उन्होंने ईंधन और भोजन उपलब्ध कराने की मांग की।
रात 8 बजकर 25 मिनट: लाहौर में, विमान में ईंधन भरा गया।
रात 8 बजकर 30 मिनट: विमान इंजीनियर एक अपहरणकर्ता के साथ, एक इंजन की तकनीकी गड़बड़ी ठीक करने के लिए विमान से बाहर आया।
रात 8 बजकर 37 मिनट: विमान ने लाहौर से उड़ान भरी, काबुल की ओर बढ़ रहा।
रात 11 बजे: काबुल एटीसी (हवाई यातायात नियंत्रण) ने ‘एयरबस ए-300’ को उतरने की अनुमति देने से इनकार करते हुए कहा कि वहां रात में विमान उतारने की सुविधाएं नहीं हैं। विमान दुबई की ओर बढ़ा।
रात 12 बजकर 45 मिनट: विमान को मस्कट में उतरने की अनुमति देने से रात एक बजे मना कर दिया गया। विमान को दुबई में उतरने की अनुमति दी गई।
(रात एक बजकर 12 मिनट)
-----------------------------------------
दिल्ली, अपहरण हताहत
अपहृत विमान में चार यात्रियों की हत्या कर दिये जाने की ‘नहीं हो सकी है पुष्टि’
नयी दिल्ली, 24 दिसंबर (भाषा) केंद्रीय नागर विमानन मंत्री शरद यादव ने आज देर रात कहा कि इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि विमान के अपहरणकर्ताओं ने चार यात्रियों की हत्या कर दी है।
इंडियन एयरलाइंस के विमान का काठमांडू से नयी दिल्ली की उड़ान के दौरान अपहरण कर लिया गया है।
विमान के पायलट कैप्टन डी. शरण ने इससे पहले अमृतसर हवाई अड्डे के अधिकारियों को बताया था कि अपहरणकर्ताओं ने विमान में सवार 187 लोगों में से चार को मार डाला है।
नागर विमानन सचिव रवींद्र गुप्ता ने कहा, ‘‘एक अपहरणकर्ता ‘कॉकपिट’ में घुसा और पायलट से कहा कि वह हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) को यह बताये कि चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है और पांच अन्य को घायल कर दिया गया है।’’
रात एक बजकर 21 मिनट
--------------------------------------
दिल्ली, अपहरण दुबई-विमान उतरा
नयी दिल्ली, 24 दिसंबर (भाषा) इंडियन एयरलाइंस का अपहृत विमान अबू धाबी के निकट एक एयरबेस पर रात एक बजकर 35 मिनट पर उतरा। विमान में 187 लोग सवार हैं। जारी...
रात एक बजकर 47 मिनट
----------------------------------------
दिल्ली, अपहरण दुबई-विमान उतरा दो अंतिम
नागर विमानन सचिव रवींद्र गुप्ता ने कहा कि विमान संभवत: ईंधन भरने के लिए उतरा है।
भाषा सुभाष