जम्मू कश्मीर के उधमपुर में बस खाई में गिरी, दो लोगों की मौत
भाषा
- 21 Oct 2026, 04:32 PM
- Updated: 04:32 PM
जम्मू, 21 अक्टूबर (भाषा) जम्मू कश्मीर के उधमपुर जिले में दूरदराज के इलाके में बुधवार को एक यात्री बस के पर्वतीय मार्ग से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस घटना पर दुख जताया और पीड़ितों तथा उनके परिजनों को हरसंभव सहायता मुहैया कराने का आश्वासन दिया।
अधिकारियों ने बताया कि बस पचौंड से रामनगर जा रही थी, तभी सुबह करीब आठ बजे गुल्ली गला के पास यह हादसा हो गया। इस घटना में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर लोहे के मलबे में तब्दील हो गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और 17 घायल यात्रियों को बसंतगढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया।
अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को रामनगर अस्पताल ले जाया गया जहां सुनीता देवी (24) और चार वर्षीय तक्षिका ने दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि घायलों में से 11 को बेहतर इलाज के लिए उधमपुर जिला अस्पताल भेजा गया है। इनमें से अधिकतर की हालत गंभीर बताई गई है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और विधायक सुनील भारद्वाज ने रामनगर अस्पताल पहुंचकर घायल यात्रियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
उन्होंने उस सड़क की हालत पर चिंता जताई जहां दुर्घटना हुई थी और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सड़क को बेहतर बनाने की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के महत्व पर भी जोर दिया ताकि लोगों को खासकर आपातकालीन स्थितियों में समय पर चिकित्सा सहायता और बेहतर इलाज मिल सके।
इस घटना पर दुख जताते हुए उपराज्यपाल ने 'एक्स' पर कहा कि उन्होंने प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद मुहैया कराने और दुर्घटना में घायल लोगों का हर संभव बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अब्दुल्ला ने भी शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा और मदद मुहैया कराई जाए।
मुख्यमंत्री कार्यालय संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है।
इससे पहले हादसे की जानकारी मिलने पर सिंह ने उधमपुर के उपायुक्त अनंत द्विवेदी से बात की।
सिंह ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''दुर्भाग्य से, हादसे में दो लोगों के मरने की सूचना है... इस बीच मैंने दिल्ली में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों के समक्ष रामनगर से बसंतगढ़ तक सड़क के निर्माण का मुद्दा उठाया।''
भाषा