पहले अलर्ट से विमान के दुबई में उतरने तकः पीटीआई ने कैसे दी आईसी814 के अपहरण से जुड़ी हर जानकारी
जारी... सुभाष पवनेश
- 07 Sep 2024, 08:29 PM
- Updated: 08:29 PM
दिल्ली अपहरण ईंधन
अपहृत विमान में ईंधन भरा गया
नयी दिल्ली, 24 दिसंबर (भाषा) इंडियन एयरलाइंस के अपहृत विमान में लाहौर में ईंधन भर दिया गया और हवाई अड्डे को इसकी संभावित उड़ान के लिए अनुमति दे दी गई है, हालांकि पाकिस्तानी अधिकारी अपहरणकर्ताओं के साथ बातचीत करने का प्रयास कर रहे हैं।
केंद्रीय नागर विमानन सचिव रवींद्र गुप्ता ने बताया कि विमान में ईंधन भरे जाने का काम रात 10:37 बजे पूरा हो गया और उसके उड़ान भरने के लिए रनवे तैयार है।
उन्होंने बताया कि विमान में तकनीकी गड़बड़ी आ गई है क्योंकि इसके इंजन का एक वाल्व खराब हो गया है। गड़बड़ी को ठीक करने के लिए विमान का इंजीनियर एक अपहरणकर्ता के साथ पहली बार विमान से बाहर आया।
रात 10 बजकर 49 मिनट
--------------------------------------------
दिल्ली अपहरण-काबुल
अपहृत विमान काबुल के लिए रवाना हुआ
नयी दिल्ली, 24 दिसंबर (भाषा) केंद्रीय नागर विमानन सचिव रवींद्र गुप्ता ने कहा है कि इंडियन एयरलाइंस के अपहृत विमान ने लाहौर से उड़ान भरी है और यह आज रात काबुल जा रहा है। जारी...
रात 10 बजकर 53 मिनट
---------------------------------------------
दिल्ली, अपहरण जसवंत दो अंतिम
विदेश मंत्री जसवंत सिंह ने यात्रियों की सुरक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा, ‘‘शुरू से ही हम चालक दल के प्रत्येक सदस्य और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठा रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तान के विदेश मंत्री सरताज अजीज से व्यक्तिगत रूप से संपर्क में बने हुए हैं और इस्लामाबाद में नियुक्त भारतीय उच्चायुक्त पाकिस्तानी विदेश कार्यालय के साथ संपर्क में है।
केंद्रीय गृह मंत्री लालकृष्ण आडवाणी, वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा, नागर विमानन मंत्री शरद यादव और प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव ब्रजेश मिश्रा के एक बैठक में शामिल होने के बाद, विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘मेरे पाकिस्तानी समकक्ष ने मुझे भरोसा दिलाया है कि जैसे ही उन्हें अधिक जानकारी मिलेगी, वे मुझसे संपर्क करेंगे। यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या विमान में अमृतसर में ईंधन भरा गया, उन्होंने कहा, ‘‘विमान में अमृतसर में ईंधन नहीं भरा गया। उन्होंने लाहौर में ईंधन भरने देने की मांग की है। मेरे (पाकिस्तानी) समकक्ष ने मुझे बताया कि अपहरणकर्ताओं ने ईंधन भरने के अलावा भोजन और पानी की भी मांग की।’’
रात 10 बजकर 54 मिनट
---------------------------------------------------
दिल्ली, अपहरण-काबुल दो
गुप्ता ने कहा कि विमान ने रात 10 बजकर 37 मिनट पर लाहौर हवाई अड्डे से उड़ान भरी।
उन्होंने बताया कि खाड़ी देशों में सभी भारतीय मिशन को अलर्ट कर दिया गया है।
रात 10 बजकर 56 मिनट
------------------------------------
दिल्ली, अपहरण विदेशी नागरिक
अपहृत विमान में सवार विदेशी नागरिकों की पहचान हुई
नयी दिल्ली, 24 दिसंबर (भाषा) केंद्रीय नागर विमानन सचिव रवींद्र गुप्ता ने आज यहां कहा कि अपहृत विमान में सवार सभी 24 विदेशी नागरिकों की पहचान हो गई है।
उन्होंने कहा कि 19 विदेशी नागरिकों की पहचान पहले ही हो गई, जिनमें आठ नेपाली, स्विट्जरलैंड और स्पेन के चार-चार तथा कनाडा और बेल्जियम का एक-एक नागरिक है, जबकि शेष पांच में दो की पहचान फ्रांस के नागरिक के रूप में तथा अमेरिका, इटली और ऑस्ट्रिया के एक-एक नागरिक के रूप में हुई है।
रात 11 बजकर 03 मिनट
---------------------------------------------
दिल्ली, अपहरण घटनाक्रम
भारत में विमान अपहरण की पूर्व की घटनाएं
नयी दिल्ली, 24 दिसंबर (भाषा) भारत में विमान अपहरण की अन्य घटनाएं इस प्रकार है:
13 जनवरी 1994: बेंगलूर से चेन्नई (पूर्व में मद्रास) जा रहे इंडियन एयरलाइंस के एक विमान का समाजवाद समर्थक छात्र कार्यकर्ताओं ने अपहरण कर लिया। विमान में 56 यात्री और चालक दल के सात सदस्य सवार थे।
24 अप्रैल 1993: दिल्ली से श्रीनगर जा रहे इंडियन एयरलाइंस के बोइंग-737 विमान को, जिसमें 141 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे, एक अपहरणकर्ता ने अपने कब्जे में ले लिया और विमान को काबुल ले जाने के लिए दबाव बनाया। बाद में, उसने आत्मसमर्पण कर दिया।
10 अप्रैल 1993: लखनऊ से दिल्ली जा रहे इंडियन एयरलाइंस के एक विमान का चार (कॉलेज) छात्रों ने अपहरण कर लिया। ये छात्र अपने विश्वविद्यालय की समस्याओं को रेखांकित करना चाहते थे। वे संतरे को कपड़े से इस तरह लपेटे हुए थे कि वह बम जैसा दिख रहा था। अपहरणकर्ताओं को काबू कर लिया गया।
27 मार्च 1993: हैदराबाद से दिल्ली जा रहे इंडियन एयरलाइंस के एक विमान का एक सिख चरमपंथी ने अपहरण कर लिया।
22 जनवरी 1993: पटना से लखनऊ के रास्ते दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाले इंडियन एयरलाइंस की उड़ान संख्या 810 को एक राजनीतिक कार्यकर्ता ने अगवा कर लिया।
10 नवम्बर 1990: बर्मा के दो कार्यकर्ताओं ने थाई एयरलाइंस के विमान का अपहरण कर लिया, जिसमें कलकत्ता जा रहे 221 यात्री सवार थे। बाद में, अपहरणकर्ताओं ने आत्मसमर्पण कर दिया। जारी...
रात 11 बजकर पांच मिनट
--------------------------------------
दिल्ली, अपहरण घटनाक्रम दो अंतिम
13 सितंबर 1990: इंडियन एयरलाइंस की कोयंबटूर-बेंगलूर-चेन्नई उड़ान का अपहरण कर लिया गया और उसे श्रीलंका ले जाया गया। हालांकि, विमान के लौटने पर इसमें सवार सभी लोग सुरक्षित मिले।
29 सितंबर 1981: सिख अलगाववादी इंडियन एयरलाइंस की दिल्ली-श्रीनगर उड़ान को लाहौर ले गए।
29 सितंबर 1971: इंडियन एयरलाइंस के श्रीनगर जा रहे विमान का कश्मीरी आतंकवादियों ने अपहरण कर लिया और उसे इस्लामाबाद ले गए। पाकिस्तानी कमांडो ने हमलावरों को काबू कर लिया।
रात 11 बजकर 06 मिनट
----------------------------------------------------
लाहौर, अपहरण काबुल कुरैशी
इंडियन एयरलाइंस के अपहृत विमान को काबुल ले जाया जा रहा
लाहौर, 24 दिसंबर (भाषा) इंडियन एयरलाइंस के अपहृत विमान ने ईंधन भरने के बाद आज रात लाहौर हवाई अड्डे से उड़ान भरी। ऐसी खबरें हैं कि विमान काबुल जा रहा है।
पाकिस्तान के सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर राशिद कुरैशी ने कहा कि ‘‘विमान में ईंधन पूरा भरा गया है।’’
उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी अधिकारियों को विमान के गंतव्य के बारे में कोई जानकारी नहीं है क्योंकि ‘‘वे (अपहरणकर्ता) हमसे सीधे बात नहीं कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा ‘‘वे केवल पायलट के माध्यम से बातचीत कर रहे हैं। हमने अपहरणकर्ताओं को इसके लिए मनाने की पूरी कोशिश की कि वे कम से कम महिलाओं और बच्चों को छोड़ दें। लेकिन विमान ने ईंधन भरने के बाद उड़ान भर ली।’’
उन्होंने कहा कि विमान ने लाहौर से रात 10:05 बजे (भारतीय समयानुसार रात 10:35 बजे) उड़ान भरी।
रात 11 बजकर 12 मिनट
------------------------------------------------
दिल्ली, अपहरण-दुबई
अपहरण कर लिये गए विमान को दुबई ले जाया जा रहा
नयी दिल्ली, 24 दिसंबर (भाषा) नागर विमानन सचिव रवींद्र गुप्ता ने कहा कि अपहरण कर लिये गए इंडियन एयरलाइंस के विमान को आज रात दुबई ले जाया जा रहा है।
रात 11 बजकर 29 मिनट
जारी... सुभाष