पहले अलर्ट से विमान के दुबई में उतरने तकः पीटीआई ने कैसे दी आईसी814 के अपहरण से जुड़ी हर जानकारी
राजकुमार पवनेश
- 07 Sep 2024, 07:54 PM
- Updated: 07:54 PM
लाहौर संपूर्ण लीड अपहरण तीन (पुन: जारी)
हवाई अड्डे पर मौजूद जनरल परवेज मुशर्रफ के प्रेस सचिव ब्रिगेडियर रशीद कुरैशी ने 'पीटीआई’ को बताया कि विमान उतरने के बाद अपहर्ताओं ने हमसे संपर्क करने की कोशिश की है और ‘‘हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उनकी मांगें क्या हैं।’’
जब उनसे पूछा गया कि विमान को कैसे उतरने की इजाजत दी गयी तो उन्होंने जवाब दिया, ‘‘ आपको कैसे पता कि इसे उतरने की अनुमति दी गयी। हो सकता है कि यह जबरन उतरा हो।’’
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में दावा किया कि भारतीय अधिकारियों ने अपहृत विमान को उस समय लाहौर में उतरने की अनुमति मांगी थी जब उसने पहली बार पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया था।
उसने कहा था, ‘‘1971 में...भारतीय विमान के सुनियोजित अपहरण के पिछले अनुभव को देखते हुए यह अनुमति देने से इनकार कर दिया गया था।’’
उसने कहा था कि पाकिस्तान विमान अपहरण सहित सभी प्रकार के आतंकवादी कृत्यों की निंदा करता है तथा ‘‘किसी को भी ऐसे कायरतापूर्ण कृत्य में शामिल होने की अनुमति नहीं दे सकता।’’
अंधेरे में डूबे हवाईअड्डे पर कम से कम 20 एंबुलेंस को जाते देखा गया। हवाईअड्डे पर चिकित्सकों ने आपातकालीन ऑपरेशन थियेटर स्थापित किए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आस-पास के अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया।
रात दस बजकर सात मिनट
........................................
दिल्ली अपहरण संदेश
पायलट ने लाहौर एटीसी को भेजा ‘एसओएस’ संदेश
नयी दिल्ली, 24 दिसंबर (भाषा) लाहौर में उतरने से पहले ‘इंडियन एयरलाइंस’ के अपहृत विमान के पायलट कैप्टन डी शरण ने विमान यातायात नियंत्रक को रेडियो संदेश भेजा, ‘‘ मेरे पास महज दस मिनट का ईंधन बचा है और मेरे पास उतरने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।’’
इससे पूर्व पाकिस्तानी अधिकारियों ने अपहृत विमान को उतरने से रोकने के लिए रनवे की लाइटें बंद कर दी थीं।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बाद में कहा कि मानवीय आधार पर विमान आईसी814 को उतरने की अनुमति दी गयी क्योंकि ईंधन टैंक खाली होता जा रहा था।
रात दस बजकर 11 मिनट
.............................
लाहौर अपहरण कुरैशी
अपहर्ताओं ने पाकिस्तानी अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया
लाहौर, 24 दिसंबर (भाषा) ‘इंडियन एयरलाइंस एयरबस’ के अपहर्ताओं ने लाहौर में अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया और ईंधन एवं खाने-पीने की चीजें मांगीं हैं। एक सैन्य प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
पाकिस्तानी सैन्य शासक जनरल परवेज मुशर्रफ के प्रेस सचिव राशिद कुरैशी ने लाहौर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘अपहर्ताओं ने लाहौर में अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया है तथा ईंधन और भोजन की मांग की है। वे पायलट के माध्यम से बातचीत कर रहे हैं।’’
हताहतों के बारे में पूछे गये एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे इसकी जानकारी नहीं है और अपहर्ताओं ने कोई चिकित्सा सहायता नहीं मांगी है।’’
अपहर्ताओं की मांगों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा था,‘‘हमें उनके इरादों के बारे में कुछ पता नहीं है - मुझे नहीं पता कि वे ईंधन भरने के बाद रवाना होना चाहते हैं या नहीं।’’
पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त जी पार्थसारथी विशेष हैलीकॉप्टर से रात में इस्लामाबाद से लाहौर पहुंचे।
अपहर्ताओं की पहचान को लेकर कुरैशी ने कहा, ‘‘ हमें नहीं पता कि वे किस देश के हैं।’’ जारी...
रात दस बजकर 32 मिनट
...................................
लाहौर अपहरण कुरैशी दो अंतिम
जब कुरैशी से पूछा किया कि शुरू में पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा इंकार करने के बाद फिर विमान को लाहौर में क्यों उतरने दिया गया तो उन्होंने कहा कि पायलट ने यह कहते हुए विमान उतारने की अनुमति मांगी कि ईंधन खत्म हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पायलट ने रेडियो संदेश में कहा कि, ‘‘ यदि विमान को उतरने नहीं दिया गया तो वह दुर्घटनाग्रस्त हो जायेगा। हमारे पास बहुत कम ईंधन बचा है।’’
रात दस बजकर 36 मिनट
.............................
दिल्ली अपहरण जसवंत
पाकिस्तान ने भारत को यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में हर तरह की मदद का आश्वासन दिया
नयी दिल्ली, 24 दिसंबर (भाषा) विदेश मंत्री जसवंत सिंह ने कहा है कि पाकिस्तान ने भारत को लाहौर में उतरे इंडियन एयरलाइंस के अपहृत विमान के यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर तरह की मदद का आश्वासन दिया है।
सिंह ने यहां प्रधानमंत्री आवास पर वरिष्ठ मंत्रियों की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘ मेरे समकक्ष (सरताज अजीज) ने मुझे व्यक्तिगत रूप से आश्वासन दिया है कि वे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएंगे और मैं लगातार उनके साथ संपर्क में हूं।’’
अजीज से बात कर चुके सिंह ने कहा कि ‘किसी यात्री को मार दिये जाने की पुष्ट खबर नहीं है।’
सिंह ने कहा कि पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त जी पार्थसारथी पाकिस्तान सरकार द्वारा उपलब्ध कराये गये हेलीकॉप्टर से इस्लामाबाद से लाहौर के लिए रवाना हो गये हैं।
उन्होंने कहा था कि अजीज ने उन्हें बताया कि अपहर्ताओं की पहचान अभी तक ज्ञात नहीं है और न ही उनकी मांगों के बारे में पता चला है, उन्होंने (अपहर्ताओं ने) लाहौर में ईंधन भरने की सुविधा तथा भोजन और पानी की मांग की है।
सिंह ने कहा कि उन्होंने इस घटना से निपटने में मदद करने को लेकर पाकिस्तान के प्रति आभार प्रकट किया है।
सिंह ने कहा कि विदेश सचिव ललित मानसिंह पाकिस्तान के उच्चायुक्त के संपर्क में हैं। जारी...
रात दस बजकर 40 मिनट
...................................
लाहौर अपहरण आपात
अपहृत विमान ‘खतरनाक ढंग’ से दुर्घटनग्रस्त होने से बचा
लाहौर, 24 दिसंबर (भाषा) ‘इंडियन एयरलाइंस’ का अपहृत विमान लाहौर हवाई अड्डे पर उतरते समय ‘खतरनाक ढंग’ से दुर्घटनाग्रस्त होने से बचा, क्योंकि विमान को हवाई अड्डे के अधिकारियों से कोई पूर्व अनुमति नहीं मिली थी। सरकारी समाचार एजेंसी एपीपी ने यह जानकारी दी।
एजेंसी ने नागर विमानन अधिकारियों के हवाले से कहा, ‘‘ एहतियात के तौर पर हवाई अड्डे पर सभी लाइट बंद कर दी गयी थीं लेकिन यात्री विमान , जिसके बारे में कहा जाता है कि उसका ईंधन खत्म हो चला है, खतरनाक स्थिति में अंधेरे में हवाई अड्डे पर उतरा और हादसाग्रस्त होते-होते बचा।’’
हवाई अड्डे पर मौजूद जनरल परवेज मुशर्रफ के प्रेस सचिव राशिद कुरैशी से जब पूछा गया कि विमान को कैसे उतरने दिया गया तो उन्होंने ‘पीटीआई’ से कहा ,‘‘ आपको कैसे पता कि उसे उतरने दिया गया। हो सकता है कि यह जबरन उतरा हो।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अभी तक मुझे इस बात की जानकारी नहीं है कि विमान को अनुमति देने से इनकार करने और फिर उसे अनुमति देने के बीच क्या हुआ।’’
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में दावा किया कि भारतीय अधिकारियों ने पहली बार पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने के दौरान अपहृत विमान को लाहौर में उतरने को लेकर अनुमति मांगी थी।
उसने कहा, ‘‘1971 में भारतीय विमान के नियोजित अपहरण के पिछले अनुभव को देखते हुए यह अनुमति देने से इनकार कर दिया गया था।’’
रात दस बजकर 46 मिनट
जारी...
राजकुमार