‘इंडियन ओशन’ के सह-संस्थापक सुस्मित सेन ने शिकायत दर्ज कराई
प्रशांत अविनाश
- 31 Aug 2024, 08:31 PM
- Updated: 08:31 PM
नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) संगीत बैंड ‘इंडियन ओशन’ के सह-संस्थापक सुस्मित सेन ने अपने पूर्व साथियों राहुल राम और अमित किलम के खिलाफ रॉयल्टी का भुगतान न किए जाने के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। दोनों ने इसे “अवैध और अनुचित मांग” के लिए दबाव बनाने की रणनीति बताकर खारिज कर दिया है।
सेन ने अशीम चक्रवर्ती की पत्नी सुनीता चक्रवर्ती के साथ मिलकर शिकायत दर्ज कराई है, जिनके साथ मिलकर उन्होंने 1990 में ‘इंडियन ओशन’ बैंड का गठन किया था।
अशीम चक्रवर्ती की 2009 में हृदयाघात के कारण मृत्यु हो गई, जबकि सेन ने 2013 में ‘इंडियन ओशन’ छोड़ दिया और ‘सुस्मित सेन क्रॉनिकल्स’ नाम से अपना खुद का बैंड शुरू किया।
‘इंडियन ओशन’ बैंड चलाने वाली कंपनी कंडिसा म्यूजिक प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड को भी पुलिस शिकायत में आरोपी के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। सेन ने 16 अगस्त को नयी दिल्ली के मुखर्जी नगर थाने में शिकायत दी थी। इस मामले में अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत लगाए गए आरोपों में आपराधिक षडयंत्र, आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी, गबन, खातों में हेराफेरी, रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (आरओसी) और प्राधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी आदि शामिल हैं।
सेन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “बैंड बनाने के बाद मैं उनके साथ साढ़े 23 साल तक रहा... बहुत ज्यादा भरोसा था। और जब यह टूटता है, तो यह बहुत दर्दनाक प्रक्रिया होती है। जब आपके करीबी दोस्त, पार्टनर और सहकर्मी इस तरह का व्यवहार करते हैं, तो बहुत दुखद होता है।”
सेन ने दावा किया कि उन्हें 2020 से ‘इंडियन ओशन’ से कोई रॉयल्टी या भुगतान नहीं मिला है, और सुनीता चक्रवर्ती को 2021 से भुगतान नहीं किया गया है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि दो वर्ष पूर्व की गई गणना के आधार पर उन्हें 50-50 लाख रुपये से अधिक की रॉयल्टी से वंचित कर दिया गया है।
सेन की शिकायत सार्वजनिक होने के बाद राम और किलम ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा कि वे पुलिस के मामले से आश्चर्यचकित हैं, क्योंकि यह मामला पहले से ही राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) में लंबित है।
उन्होंने कहा, “हमें मीडिया से यह जानकर दुख हुआ कि सुस्मित सेन (इंडियन ओशन के पूर्व सदस्य) और सुनीता चक्रवर्ती (इंडियन ओशन के पूर्व सदस्य अशीम चक्रवर्ती की पत्नी) द्वारा हमारे खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई है। हमने अभी तक शिकायत की प्रति नहीं देखी है...।”
सेन ने कहा कि राम और किलम ने अभी तक मामले को सुलझाने के लिए उनसे संपर्क नहीं किया है।
सेन ने कहा, “एक और मामला है जो हमने मार्च 2023 में एनसीएलटी में दायर किया था। उस समय, अदालत ने भी उन्हें इस मामले को आपस में सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाने के लिए कहा था। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।”
उन्होंने दावा किया कि बैंड के सदस्यों ने कोविड-19 महामारी के दौरान उन्हें बताया था कि काम की कमी के कारण वे रॉयल्टी का भुगतान करने में सक्षम नहीं हैं।
उन्होंने आरोप लगाया, “इसलिए हमने बैलेंस शीट मांगी, जो हम मांग सकते हैं। और जब हमने बैलेंस शीट देखी, तो पता चला कि उन्होंने 1.5 करोड़ रुपए का कारोबार किया है। और तब से लेकर अब तक उन्होंने बहुत काम किया है। तो अब रकम कितनी है, कोई नहीं जानता। वे इसका खुलासा नहीं कर रहे हैं।”
राम और किलम ने आपराधिक शिकायत के समय पर सवाल उठाया और कहा कि यह लंबित दीवानी विवाद को निपटाने के लिए उन पर दबाव बनाने का प्रयास है।
भाषा
प्रशांत