बम टिप्पणी : तमिलनाडु पुलिस ने ‘द्वेष फैलाने’ के आरोप में शोभा करांदलाजे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की
धीरज पवनेश
- 20 Mar 2024, 08:57 PM
- Updated: 08:57 PM
मदुरै/बेंगलुरु, 20 मार्च (भाषा) तमिलनाडु की मदुरै पुलिस ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजापा) की नेता और केंद्रीय मंत्री शोभा करांदलाजे के खिलाफ विभिन्न समूहों के बीच ‘शत्रुता को बढ़ावा देने’ के आरोप में मामला दर्ज किया।
तमिलनाडु पुलिस ने यह कार्रवाई करांदलाजे की उस टिप्पणी के बाद की है जिसमें कथित तौर पर उन्होंने कहा था कि ‘तमिलनाडु के लोग कर्नाटक में बम लगाते हैं।’ उनकी इस टिप्पणी की मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने आलोचना की है।
तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने करांदलाजे के खिलाफ निर्वाचन आयोग का दरवाजा भी खटखटाया है। पार्टी ने भाजपा नेता पर आदर्श आचार संहिता और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।
हालांकि, भाजपा नेता ने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी है और अपना बयान वापस ले लिया है।
करांदलाजे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मंगलवार देर रात जारी पोस्ट में कहा, ‘‘ मैं अपने तमिल भाइयों और बहनों को स्पष्ट करना चाहती हूं कि मेरे शब्द स्थिति को उजागर करने के लिए थे,न कि माहौल बिगाड़ने के लिए। फिर भी मैं देख रही हूं कि मेरी टिप्पणियों से कुछ लोगों को दुख पहुंचा है और मैं इसके लिए मैं माफी मांगती हूं। मेरी टिप्पणियां पूरी तरह से कृष्णगिरि जंगल में प्रशिक्षित उन लोगों के लिए थीं, जो रामेश्वरम कैफे विस्फोट से जुड़े थे।... मैं अपने दिल की गहराइयों से क्षमा मांगती हूं। इसके अलावा, मैं अपनी पिछली टिप्पणियां वापस लेती हूं।’’
करांदलाजे ने मंगलवार को बेंगलुरु में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान कहा, ‘‘कर्नाटक में कानून-व्यवस्था खराब हो गई है। तमिलनाडु से आए लोग यहां बम लगाते हैं, दिल्ली से आए लोग ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाते हैं और केरल से आए लोग तेजाब से हमले में शामिल थे।’’ हालांकि, बाद में उन्होंने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी और कहा कि वह अपना बयान वापस ले रही हैं
इस बीच, मदुरै पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने वरिष्ठ भाजपा नेता पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 153 (ए) सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने करांदलाजे पर ‘‘धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास, भाषा आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच द्वेष को बढ़ावा देने और सद्भाव के प्रतिकूल कार्य करने का आरोप लगाया है।’’
द्रमुक के संगठन सचिव आरएस भारती ने निर्वाचन आयोग से की गई शिकायत में कहा कि बेंगलुरु में रामेश्वरम कैफे विस्फोट की जांच कर रही राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने अब तक दोषी की पहचान नहीं की है लेकिन करांदलाजे ने ‘‘बेबुनियाद आरोप लगाया कि बम तमिलनाडु के लोगों ने रखा था।’’
वहीं, दिल्ली में निर्वाचन आयोग ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) द्वारा आदर्श आचार संहिता के कथित उल्लंघन के बारे में की गई शिकायत के आधार पर बुधवार को कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता शोभा करांदलाजे के खिलाफ उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निर्वाचन आयोग ने इसी के साथ 48 घंटे के भीतर मामले पर अनुपालन रिपोर्ट भी तलब की है।
भाषा धीरज