प्रधानमंत्री मोदी ने पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज डूडा से मुलाकात की
सुभाष सुरेश
- 22 Aug 2024, 10:33 PM
- Updated: 10:33 PM
वारसॉ, 22 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज डूडा से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ करने तथा वाणिज्यिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
मोदी दो देशों की अपनी यात्रा के पहले चरण में बुधवार को पोलैंड पहुंचे। वह यूक्रेन की राजधानी कीव भी जाएंगे।
मोदी ने मुलाकात के बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वारसॉ में राष्ट्रपति आंद्रेज डूडा से मिलकर खुशी हुई। हमने भारत-पोलैंड संबंधों को और प्रगाढ़ करने के तरीकों पर शानदार चर्चा की। भारत, पोलैंड के साथ गर्मजोशी भरे संबंधों को बहुत महत्व देता है। हम आने वाले समय में अपने देशों के बीच वाणिज्यिक और सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा देने को उत्सुक हैं।’’
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दोनों नेताओं के बीच ‘‘सार्थक वार्ता’’ हुई, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में भारत-पोलैंड साझेदारी को और मजबूत बनाने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने भारत-पोलैंड संबंधों को रणनीतिक साझेदारी में बदलने का स्वागत किया। उन्होंने यूक्रेन और पश्चिम एशिया में संघर्ष सहित क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 'ऑपरेशन गंगा' के दौरान यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित रूप से निकालने में पोलैंड द्वारा समय पर की गई सहायता के लिए आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति डूडा को भारत आने का आमंत्रण फिर से दिया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत-पोलैंड साझेदारी को बढ़ावा! प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वारसॉ के बेलवेडर पैलेस में पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज डूडा से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और इन्हें अगले मुकाम पर ले जाने के तरीकों पर चर्चा की। क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।’’
प्रधानमंत्री मोदी की पोलैंड यात्रा पिछले 45 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पोलैंड की पहली यात्रा है।
इससे पहले दिन में, पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ उनकी वार्ता से पहले, चांसलरी में मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया।
भाषा सुभाष