राहुल, सोनिया को अनुच्छेद 370 और नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रस्ताव पर रुख स्पष्ट करना चाहिए: रेड्डी
संतोष वैभव
- 22 Aug 2024, 08:40 PM
- Updated: 08:40 PM
जम्मू, 22 अगस्त (भाषा) केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस से कहा कि वह अनुच्छेद 370 पर और इसे वापस लेने के अपने सहयोगी दल नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रस्ताव पर अपना रुख स्पष्ट करे।
जम्मू कश्मीर के राज्य के दर्जे और अनुच्छेद 370 की बहाली के साथ-साथ वर्ष 2000 में तत्कालीन विधानसभा द्वारा पारित स्वायत्तता के प्रस्ताव का क्रियान्वयन नेशनल कॉन्फ्रेंस के घोषणापत्र में घोषित 12 गारंटियों में से एक है।
रेड्डी ने जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता की।
रेड्डी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के घोषणापत्र पर कांग्रेस से सवाल किया और कहा कि फारूक अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली पार्टी ने केंद्र शासित प्रदेश में विभिन्न वर्गों के लोगों को दिए गए अधिकारों को उलटने की कोशिश की है।
जून, 2000 में अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार ने विधानसभा में एक प्रस्ताव पारित किया जिसमें राज्य में वर्ष 1953 से पहले की संवैधानिक स्थिति को बहाल करने की मांग की गई। हालांकि, इसे तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाले केंद्रीय मंत्रिमंडल ने खारिज कर दिया था।
जम्मू कश्मीर में भाजपा के चुनाव प्रभारी रेड्डी ने यहां भाजपा मुख्यालय पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘सोनिया गांधी और राहुल गांधी को देश को नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रस्ताव के बारे में अवगत कराना चाहिए। तरुण चुघ पहले ही उनसे सवाल कर चुके हैं। उन्हें अनुच्छेद 370 पर कांग्रेस के रुख को भी स्पष्ट करना चाहिए।’’
उन्होंने यह भी पूछा कि क्या कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस जम्मू कश्मीर के लोगों के अधिकारों को फिर से छीनना चाहते हैं, वो अधिकार जो उन्हें बीआर आंबेडकर के संविधान के आधार पर दिए गए थे।
रेड्डी ने कहा, ‘‘वे पश्चिम पाकिस्तानी शरणार्थियों, महिलाओं, वाल्मीकि समाज, आदिवासियों और अन्य लोगों के अधिकार छीनना चाहते हैं। कांग्रेस को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।’’
नरेन्द्र मोदी सरकार ने 2019 में जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया था और पूर्ववर्ती राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू कश्मीर और लद्दाख में विभाजित कर दिया।
राहुल गांधी द्वारा श्रीनगर के एक होटल में आइसक्रीम का आनंद लेने के सवाल पर रेड्डी ने कहा कि यह मोदी सरकार के 10 साल के काम का नतीजा है कि वह लाल चौक जा सके और शांति से भोजन कर सके।
बैठक से इतर पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन की आलोचना की और इसे एक ‘बेकार गठबंधन’ करार दिया जो भाजपा को नुकसान नहीं पहुंचा पाएगा।
चुघ ने कहा, ‘‘गठबंधन का भाजपा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा जो बहुमत के साथ विजयी होगी।’’
भाषा संतोष