बदलापुर यौन शोषण मामला : प्रदर्शनकारियों ने रेल रोको वापस लेने की सरकार की अपील खारिज की
रंजन वैभव
- 20 Aug 2024, 07:58 PM
- Updated: 07:58 PM
मुंबई, 20 अगस्त (भाषा) ठाणे के एक स्कूल की दो बच्चियों के कथित यौन शोषण के खिलाफ बदलापुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को छह घंटे बाद भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा और महिलाओं समेत प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनों को गुजरने देने की राज्य सरकार की अपील मानने से मना कर दिया।
राज्य के कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन ने दोपहर में प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पीड़ित लड़कियों को न्याय मिलेगा और दोषियों को मृत्युदंड दिया जाएगा।
महाजन ने रेल पटरियों को खाली करने की अपील की, जिस पर प्रदर्शनकारियों ने ‘फांसी दो, फांसी दो’ के नारे लगाये।
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी सहयोगी समझे जाने वाले महाजन ने कहा कि पीड़ित लड़कियों के माता-पिता की शिकायतों को दूर करने में कथित रूप से विफल रहे पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
महाजन ने कहा, ‘‘राज्य सरकार ने (यौन शोषण) घटना के बारे में गहरी चिंता व्यक्त की है। दोषी व्यक्ति को कठोरतम सजा मिलेगी।’’
उन्होंने कहा कि रेल रोको आंदोलन के कारण आम नागरिक परेशान हैं, जिसके कारण लोकल ट्रेन स्थगित करनी पड़ी हैं।
मंत्री ने कहा, ‘‘पटरियों पर छह घंटे से अधिक समय से कब्जा है। राज्य सरकार ने प्रदर्शनकारियों की मांग के अनुसार सभी निर्णय किए हैं।’’ हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने हटने से इनकार कर दिया।
इस बीच, ठाणे जिले के मुरबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक किसन कथोरे ने आरोप लगाया कि बदलापुर रेलवे स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन राजनीति से प्रेरित है।
उन्होंने दावा किया कि आंदोलनकारी बदलापुर से नहीं बल्कि पड़ोसी इलाकों से आए हैं।
कथोरे ने कहा, ‘‘ये प्रदर्शनकारी बदलापुर शहर के नहीं हैं; वे उल्हासनगर जैसे पड़ोसी इलाकों से आए हैं। स्कूल के प्रधानाचार्य एवं अन्य स्टाफ सदस्यों के खिलाफ व्यापक जांच की जा रही है, जिन्होंने कथित तौर पर घटना को दबाने की कोशिश की।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दलों से जुड़े कुछ लोगों ने बदलापुर में बैनर लगाकर ‘‘मुख्यमंत्री माझी लाड़की बहिन योजना’’ के तहत दिए जाने वाले धन को खारिज कर दिया था, लेकिन अब वे न्याय की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘बदलापुर स्टेशन पर प्रदर्शनकारी स्थानीय नहीं हैं। वे पड़ोसी इलाकों के निवासी हैं।’’
पुलिस ने स्कूल के एक कर्मचारी को 17 अगस्त को किंडरगार्टन की तीन और चार साल की दो छात्राओं के साथ कथित तौर पर यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया।
शिकायत के अनुसार, उसने स्कूल के शौचालय में लड़कियों के साथ दुर्व्यवहार किया।
स्कूल प्रबंधन ने इस घटना के लिए प्रधानाध्यापक, एक शिक्षिका और एक महिला कर्मी को निलंबित कर दिया है।
भाषा रंजन