वित्तीय शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 378 अंक चढ़ा, निफ्टी में लगातार चौथे दिन तेजी
रमण अजय
- 20 Aug 2024, 05:45 PM
- Updated: 05:45 PM
मुंबई, 20 अगस्त (भाषा) वैश्विक बाजारों में ज्यादातर में मजबूती के रुख के बीच बैंक, वित्तीय और वाहन शेयरों में लिवाली से स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को अच्छी तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 378 अंक चढ़ गया। एनएसई निफ्टी भी लाभ में रहा।
कारोबारियों के अनुसार, इसके अलावा, पश्चिम एशिया में तनाव कम होने तथा कच्चे तेल के दाम में नरमी से भी धारणा को बल मिला।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 378.18 अंक यानी 0.47 प्रतिशत की बढ़त के साथ 80,802.86 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 518.28 अंक तक उछल गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में लगातार चौथे दिन तेजी रही और यह 126.20 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,698.85 अंक पर बंद हुआ।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू बाजार में अच्छी शुरुआत हुई। इजराइल-हमास के बीच युद्ध विराम को लेकर बातचीत और हाल के अनुकूल आंकड़ों के साथ अमेरिका में मंदी की आशंका दूर होने से वैश्विक स्तर पर धारणा सकारात्मक रही।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसके साथ, वैश्विक स्तर पर जोखिम कम होने तथा चीन में कमजार मांग के कारण कच्चे तेल के दाम में नरमी आई। इससे घरेलू अर्थव्यवस्था को लाभ हुआ।’’
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से बजाज फिनसर्व, इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी और सन फार्मा प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।
दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में भारती एयरटेल, आईटीसी, अदाणी पोर्ट्स, जेएसडब्ल्यू स्टील और टाटा मोटर्स शामिल हैं।
मझोली कंपनियों के शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाला बीएसई मिडकैप सूचकांक 0.98 प्रतिशत चढ़ा जबकि छोटी कंपनियों के शेयरों से जुड़ा स्मॉलकैप सूचकांक 0.52 प्रतिशत ऊपर गया।
नायर ने कहा, ‘‘हालांकि, जापान में मुद्रास्फीतिक दबाव और येन की विनिमय दर बढ़ने से तेजी पर कुछ अंकुश लगा। इस सप्ताह जापान के मुद्रास्फीति के आंकड़े तथा अमेरिकी एफओएमसी (फेडरल ओपन मार्केट कमेटी) की बैठक के ब्योरे से भविष्य में नीतिगत दर और बाजार के रुख को लेकर अंदाजा लगेगा।’’
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की लाभ में जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहा।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में कारोबार के दौरान तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त में रहे थे।
मेहता इक्विटीज लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रशांत तापसे ने कहा, ‘‘खुदरा निवेशकों के एसआईपी के जरिये म्यूचुअल फंड में निवेश जारी रहने के साथ शेयर बाजार को काफी हद तक मजबूती मिल रही है। प्रतिभागियों की नजर वैश्विक कारकों पर होगी। निवेशकों को बुधवार को जारी होने वाले जुलाई में हुई एफओएमसी (फेडरल ओपन मार्केट कमेटी) की बैठक के ब्योरे की प्रतीक्षा है।’’
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 2,667.46 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,802.92 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.72 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77.10 डॉलर प्रति बैरल रहा।
बीएसई सेंसेक्स सोमवार को सीमित कारोबार में 12.16 अंक टूटा था, जबकि एनएसई निफ्टी 31.50 अंक के लाभ में रहा था।
भाषा रमण