दक्षिणी लेबनान में इजराइली हमले में एक महिला और दो बच्चों सहित 10 लोगों की मौत
एपी जितेंद्र माधव
- 17 Aug 2024, 08:49 PM
- Updated: 08:49 PM
नाबातीह, 17 अगस्त (एपी) दक्षिणी लेबनान में शनिवार तड़के इजराइल द्वारा किये गये एक हमले में कम से कम 10 सीरियाई नागरिकों की मौत हो गयी। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
हमास के दक्षिणी इजराइल पर हमले के एक दिन बाद आठ अक्टूबर को हिजबुल्ला उग्रवादी समूह और इजराइली सेना के बीच एक-दूसरे पर हमले किये जाने के बाद से नाबातीह प्रांत के वादी अल-कफूर पर यह हमला लेबनान पर किये गये सबसे घातक हमलों में से एक माना जा रहा है।
हिजबुल्ला का कहना है कि जब तक गाजा पट्टी में युद्ध विराम नहीं हो जाता तब तक वह अपने हमले बंद नहीं करेगा।
मंत्रालय के मुताबिक, मृतकों में एक महिला और उसके दो बच्चे शामिल हैं। पांच अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इजराइली मंत्रालय के प्रवक्ता अविचय अद्री ने बताया कि दक्षिणी प्रांत में हुए इस हमले में हिजबुल्ला के हथियार डिपो को निशाना बनाया गया था।
वादी अल-कफूर में बूचड़खाना चलाने वाले मोहम्मद शोएब ने बताया कि हमला एक ‘औद्योगिक और नागरिक क्षेत्र’ में किया गया, जहां ईंट, धातु और एल्युमीनियम बनाने वाली फैक्टरियां और एक डेरी फार्म भी था।
हमले में मारे गये तीन लोगों के संबंधी ने बताया कि वे (मृतक) फैक्टरी के कर्मचारी थे, जो हमले के वक्त उस गोदाम में रह रहे थे।
उन्होंने इस बात से इनकार किया कि गोदाम में हथियार थे।
हुसैन शाहौद ने बताया, “ऐसा कुछ भी नहीं था। गोदाम में इमारतों के निर्माण के सभी तरह के औजार मौजूद थे।”
हिजबुल्ला ने बाद में इस हवाई हमले के जवाब में उत्तरी इजराइल में सफद के नजदीक ऐलेट हाशाहर समुदाय पर एक के बाद एक कई रॉकेट दागने की घोषणा की।
बयान के मुताबिक, लेबनान में मारे गए सभी 10 लोग आम नागरिक थे।
हिजबुल्ला आमतौर पर अपने सदस्यों के मारे जाने पर मौत की सूचना जारी करता है।
इजराइली सेना ने कहा कि लेबनान से दागे गये 55 तोप के गोलों की पहचान की गई, जिनमें से कुछ खुले इलाकों में गिरे।
सेना ने बताया कि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है लेकिन हमलों के कारण कई जगहों पर आग लग गयी।
इससे पहले शनिवार को लेबनान द्वारा किये गये हमले में दो इजराइली सैनिक घायल हो गए, जिनमें से एक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
यह हमला मिसगाव एम इलाके में हुआ था।
इजराइली सेना ने यह भी बताया कि उसने शनिवार को तटीय शहर टायर के इलाके में एक अलग हमले में हिज्बुल्ला के एक कमांडर को मार गिराया।
लेबनान की सरकारी मीडिया के मुताबिक, टायर के पास हमले में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। हिज्बुल्ला ने उस व्यक्ति की पहचान के बारे में तुरंत कोई बयान जारी नहीं किया है।
एपी जितेंद्र