दिल्ली में चिकित्सकों की हड़ताल में शामिल हुए निजी अस्पताल, ओपीडी सेवाएं बंद
जोहेब रंजन
- 17 Aug 2024, 07:39 PM
- Updated: 07:39 PM
(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) कोलकाता के एक अस्पताल में महिला चिकित्सक के साथ कथित बलात्कार एवं हत्या के विरोध में चिकित्सकों की हड़ताल तेज होती जा रही है। शुक्रवार को दिल्ली के प्रमुख निजी अस्पताल भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होते हुए अपनी ओपीडी, वैकल्पिक सर्जरी और आईपीडी सेवाएं बंद कर दीं।
राजधानी में रेजिडेंट डॉक्टर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। शुक्रवार को हड़ताल के छठे दिन सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ निजी अस्पताल भी इसमें शामिल हो गए हैं।
सर गंगा राम, फोर्टिस एवं अपोलो जैसे अस्पतालों ने अपनी ओपीडी, वैकल्पिक सर्जरी एवं आईपीडी सेवाएं बंद कर दी हैं।
सर गंगा राम अस्पताल के प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अजय स्वरूप ने कहा, "हमने ओपीडी, वैकल्पिक ऑपरेशन थियेटर और आईपीडी सेवाएं पूरी तरह बंद करने की घोषणा की है। मेरा मानना है कि अधिकारियों पर दबाव बनाने और जांच प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए अब विरोध प्रदर्शन में शामिल होना और काम बंद करना जरूरी हो गया है, ताकि न्याय में देरी न हो।"
उन्होंने कहा, "जब तक सभी स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक हम हड़ताल का पूरी तरह से समर्थन करते रहेंगे।"
फोर्टिस हॉस्पिटल्स ने एक बयान में कहा, "कोलकाता में हुई भयावह घटना से हम बेहद दुखी और स्तब्ध हैं। हिंसा के ऐसे कृत्य निंदनीय हैं खासकर उन लोगों के खिलाफ जो दूसरों के इलाज के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं। हम त्वरित न्याय की मांग करते हैं।”
बयान में कहा गया है, "फोर्टिस अस्पताल में, हम इस कृत्य की निंदा करने में भारतीय चिकित्सा संघ और चिकित्सा समुदाय के साथ खड़े हैं। हम अपने चिकित्सकों की भावनाओं का सम्मान करते हैं। हम उन लोगों का समर्थन करेंगे जो राष्ट्रव्यापी बंद में भाग लेना चाहते हैं। यह सुनिश्चित करने के लिए कि रोगी की देखभाल से समझौता न हो, आवश्यक सेवाएं प्रदान की जाती रहेंगी।"
दिल्ली के सभी प्रमुख अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर कोलकाता की पीड़िता के लिए न्याय की मांग और सुरक्षा चिंताओं को लेकर विरोध प्रदर्शन व मार्च कर रहे हैं और धरना दे रहे हैं।
इससे पहले भी निजी अस्पतालों के चिकित्सकों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया था।
अपोलो अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, अस्पताल में ओपीडी बंद है और केवल आपातकालीन सेवाएं ही दी जा रही हैं।
एक सूत्र ने कहा, "अपोलो भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गया है।"
भाषा जोहेब