दिल्ली में 13 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत
योगेश रंजन
- 11 Aug 2024, 09:15 PM
- Updated: 09:15 PM
नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के रनहोला इलाके में क्रिकेट खेलते समय बिजली के खंभे के संपर्क में आने से 13 वर्षीय लड़के की मौत हो गयी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि रनहोला इलाके में जब किशोर क्रिकेट खेल रहा था उस दौरान यह घटना हुयी।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी) जिमी चिराम ने कहा, ‘‘हमें शनिवार की दोपहर करीब एक बजकर 27 मिनट पर रनहोला पुलिस थाने में एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें बिजली का करंट लगने से एक लड़के की मौत की सूचना दी गई।’’
डीसीपी चिराम ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उन्हें बताया गया कि किशोर कोटला विहार फेज-2 में क्रिकेट खेल रहा था, तभी वह गौशाला को बिजली की आपूर्ति करने वाले लोहे के खंभे के संपर्क में आ गया और करंट लगने से उसकी मौत हो गई।
डीसीपी ने कहा, "उसे तुरंत पीसीआर वैन द्वारा दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।"
पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 (1) (लापरवाही से मौत) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।
इस बीच, मृतक की मां अनीता देवी ने गौशाला और बिजली विभाग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अनीता ने कहा, ‘‘मेरा बेटा, जो सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था, शनिवार को अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने गया था। वह गेंद लेने के लिए गौशाला के पास गया। उसे वहां उस खंभे के संपर्क में आने पर करंट लग गया जिससे बिजली का तार गौशाला तक ले जाया गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बहुत से छोटे बच्चे क्रिकेट खेलने के लिए मैदान में जाते हैं और ऐसा किसी के साथ भी हो सकता है। जब मेरा बेटा मर रहा था, तब कोई भी उसे बचाने के लिए आगे नहीं आया।’’
शाम को परिवार के सदस्य और स्थानीय लोगों ने किशोर के शव को सड़क पर रखकर नांगलोई-नजफगढ़ सड़क को बंद कर दिया और परिवार के लिए मुआवजे और न्याय की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और डिस्कॉम (वितरण कंपनी) के खिलाफ नारेबाजी की।
एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "हम सभी यहां न्याय के लिए एकत्र हुए हैं। बिजली का करंट लगने से मरने वाला बच्चा अपने परिवार का सहारा था। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और परिवार के सदस्यों के लिए उचित मुआवजे की घोषणा की जानी चाहिए।"
पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "हम परिवार के सदस्यों से लड़के के शव का अंतिम संस्कार करने का अनुरोध कर रहे हैं क्योंकि मामला पहले ही दर्ज हो चुका है और जांच शुरू हो चुकी है।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी किशोर की मौत पर दुख व्यक्त किया और मामले की जांच की मांग की है।
सचदेवा ने एक बयान में कहा, "इस वर्ष करंट लगने से हुई मौत के सभी मामलों में संबंधित बिजली वितरण कंपनियों के खिलाफ आपराधिक लापरवाही का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।"
भाषा योगेश