रिलायंस वृद्धि के अगले स्तर के लिए तैयारः मुकेश अंबानी
प्रेम प्रेम अजय
- 07 Aug 2024, 06:22 PM
- Updated: 06:22 PM
नयी दिल्ली, सात अगस्त (भाषा) रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा है कि समूह अपने दूरसंचार व्यवसाय को मजबूत करने के साथ हरित एजेंडा पर भी काम कर रहा है और कंपनी अगले स्तर की वृद्धि के लिए तैयार है।
अंबानी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज की नवीनतम वार्षिक रिपोर्ट में शुद्ध-शून्य उत्सर्जन से लेकर ट्रू 5जी नेटवर्क और खुदरा कारोबार से जुड़ी योजनाओं की रूपरेखा भी पेश की है।
उन्होंने कहा कि अस्थिरता और अनिश्चितता से भरी दुनिया में भारत स्थिरता और समृद्धि के प्रकाश-स्तंभ के रूप में चमक रहा है।
बाजार मूल्यांकन के हिसाब से देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बीते दशक में कच्चे तेल और रसायन के अपने मुख्य कारोबार के साथ दूरसंचार, खुदरा और वित्त कारोबार को भी जोड़ा है। अब यह 2035 तक अपने परिचालन से शुद्ध शून्य कार्बन उत्सर्जन को लक्ष्य बनाकर हरित मार्ग पर आगे बढ़ रही है।
कारोबार में व्यापक वृद्धि ने रिलायंस को बाजार पूंजीकरण के लिहाज से 20 लाख करोड़ रुपये की सीमा पार करने वाली पहली भारतीय कंपनी बना दिया।
अंबानी ने कहा, ‘‘रिलायंस ने पूंजीगत व्यय के पिछले दौर के बाद अपने बही-खाते को मजबूत कर लिया है और वृद्धि के अगले स्तर के लिए तैयार है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वर्ष 2016 में जियो 4जी मोबाइल सेवाओं की शुरुआत ने डेटा के लिहाज से अंधकारपूर्ण भारत को डेटा-समृद्ध राष्ट्र में बदल दिया, जिससे हर भारतीय घर को किफायती, उच्च गति वाला 4जी डेटा मिलने लगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस साल जियो ने विश्व रिकॉर्ड समय में पूरे भारत में अपने ट्रू 5जी नेटवर्क को शुरू कर देश के डिजिटल बुनियादी ढांचे को और मजबूत किया है।’’
उन्होंने कहा कि किफायती स्मार्टफोन जियोभारत की पेशकश भारत को ‘2जी-मुक्त’ बनाने में एक लंबा रास्ता तय करेगी।
खुदरा कारोबार के बारे में उन्होंने कहा कि भारत के सबसे बड़े खुदरा विक्रेता के रूप में रिलायंस रिटेल तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की खपत की जरूरतें पूरी करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने कहा कि रिलायंस रिटेल के उत्पादों की व्यापक शृंखला को लोग पसंद कर रहे हैं और कंपनी किराना से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों को घर तक पहुंचाने के साथ छोटे स्वदेशी दुकानदारों और किराना दुकानदारों का समर्थन भी कर रही है।
उन्होंने कहा कि दुनिया अब भारत की अपार संभावनाओं को समझ रही है और बड़ी फर्मों ने 100 अरब अमेरिकी डॉलर के मूल्यांकन पर रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड में निवेश किया है।
रिलायंस पारंपरिक पेट्रोरसायन क्षेत्र में निवेश को भी जारी रखे हुए है। उन्होंने कहा, ‘‘हम वर्ष 2035 तक शुद्ध कार्बन-शून्य के अपने लक्ष्य की दिशा में काम कर रहे हैं। जामनगर में धीरूभाई अंबानी ग्रीन एनर्जी गीगा कॉम्प्लेक्स का काम तेजी से बढ़ रहा है। यह परिसर वैश्विक स्तर पर सबसे बड़ी एकीकृत नवीकरणीय ऊर्जा विनिर्माण इकाइयों में से एक होगा।’’
उन्होंने कहा कि रिलायंस कार्बन का संग्रह और पुनर्चक्रण करने के लिए कई प्रौद्योगिकियों की तलाश भी कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें विश्वास है कि हमारा नया ऊर्जा कारोबार स्वच्छ ईंधन को अपनाने के वैश्विक आंदोलन में अहम भूमिका निभाएगा।’’
अंबानी के मुताबिक, रिलायंस समूह के मीडिया एवं मनोरंजन कारोबार ने जियोसिनेमा पर आईपीएल टूर्नामेंट के रिकॉर्ड दर्शकों के साथ अपनी बाजार हिस्सेदारी को मजबूती दी।
उन्होंने कहा कि वॉल्ट डिज्नी कंपनी के साथ हुए समझौते के अनुरूप गठित होने वाला संयुक्त उद्यम भारत में अग्रणी टेलीविजन और डिजिटल स्ट्रीमिंग मंचों में से एक होगा।
भाषा प्रेम प्रेम