यह राजनीति करने के लिए सही समय नहीं: जगत सिंह नेगी का कंगना रनौत पर प्रहार
योगेश राजकुमार
- 07 Aug 2024, 06:01 PM
- Updated: 06:01 PM
शिमला, सात अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने बुधवार को कहा कि यह राजनीति करने के लिए सही समय नहीं है तथा मंडी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद कंगना रनौत को जिम्मेदारी के साथ बोलना चाहिए।
नेगी की टिप्पणी रनौत द्वारा हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए कुछ नहीं करने का आरोप लगाये जाने के बाद आई है।
उन्होंने कहा, ‘‘राजनीति करने के लिए यह सही समय नहीं है।"
नेगी ने कहा कि रनौत पहले मूर्खतापूर्ण बयान देती थीं लेकिन अब सांसद चुने जाने के बाद उन्हें कम से कम जिम्मेदारी से बात करनी चाहिए।
‘पीटीआई-वीडियो' के साथ बातचीत के दौरान नेगी ने कहा कि इस तरह के बयान से बचाव कार्य में लगे लोगों का मनोबल गिरता है जो अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि कुछ अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने रनौत से कहा कि यहां 'रेड अलर्ट' है और उन्हें नहीं आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वह अब मौसम ठीक होने के बाद यहां आयी हैं और उन लोगों पर उंगली उठा रही हैं जो पहले दिन से ही मौके पर हैं।
अठारह सौ करोड़ रुपये का जिक्र करते हुए नेगी ने कहा कि रनौत को इसकी जानकारी नहीं है। मंत्री ने रनौत से पूछा कि वह बताएं कि यह राशि किस मद के तहत दिए गए।
भाजपा सांसद पर हमला तेज करते हुए उन्होंने कहा कि जो भारत के पहले प्रधानमंत्री के बारे में नहीं जानती और जिन्हें यह नहीं पता है कि भारत को आजादी कब मिली, वह ऐसे सवाल ही पूछेगीं।
इकत्तीस जुलाई की रात को कुल्लू के निरमंड, सैंज और मलाणा, मंडी के पधर और शिमला के रामपुर उपमंडल में बादल फटने से आई बाढ़ के कारण 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक लोग अब भी लापता हैं।
रनौत ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और रामपुर उपमंडल के समेज में पीड़ितों से बातचीत की, जहां लगभग 30 लोग अभी भी लापता हैं।
रनौत ने कहा, "यह दिल दहला देने वाली त्रासदी है। लोगों ने बच्चों सहित अपने सभी परिवार के सदस्यों को खोया है, वे सदमे में हैं।"
उन्होंने कहा, "मैं राज्य सरकार से अनुरोध करूंगी कि वह प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत (वित्तीय सहायता) प्रदान करे।"
मंडी से भाजपा सांसद ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर समेज गांव के प्रभावित लोगों की मदद के लिए कुछ भी नहीं करने का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मुझे यहां राज्य सरकार द्वारा किया जा रहा कुछ भी नजर नहीं आ रहा है....यह अमानवीय है।’’
अभिनेत्री से नेता बनीं रनौत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले वर्ष की आपदा के बाद हिमाचल प्रदेश को 1,800 करोड़ रुपये का पैकेज प्रदान किया था।
भाजपा सांसद ने पिछले वर्ष की बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राज्य की कांग्रेस सरकार द्वारा धन आवंटन की विशेष जांच की मांग की।
भाषा
योगेश