उप्र : बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी की बेकरी ध्वस्त, पीड़िता को धमकाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
सं जफर आनन्द जितेंद्र
- 03 Aug 2024, 08:43 PM
- Updated: 08:43 PM
अयोध्या/लखनऊ, तीन अगस्त (भाषा) अयोध्या जिला प्रशासन ने 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी मोइद खान की बेकरी को शनिवार को ध्वस्त कर दिया। वहीं बेकरी में नमूने एकत्र कराकर खाद्य पदार्थ के पांच नमूने सील किए, जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है। दूसरी तरफ मामले की पीड़िता को धमकाने के मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर समाजवादी पार्टी के दो नेताओं समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की।
अयोध्या के जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “मोइद खान की बेकरी को ध्वस्त कर दिया गया है। इस बेकरी में एक बड़ा और एक छोटा कमरा था। बेकरी को अवैध रूप से एक तालाब के ऊपर बनाया गया था, जिसके चलते इसे ध्वस्त कर दिया गया।”
शनिवार शाम यहां जारी एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े फरमान के बाद जिला प्रशासन ने घटना के मुख्य आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी बेकरी में नमूने एकत्र कराकर खाद्य पदार्थ के पांच नमूने सील किए, जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है।
वहीं तहसील प्रशासन की जांच में आरोपी की बेकरी तालाब की भूमि पर पाए जाने के बाद तहसील प्रशासन ने बेकरी निर्माण इकाई पर बुलडोजर चलवा कर उसे ध्वस्त करा दिया।
बयान के अनुसार, शनिवार पूर्वाह्न 10 बजे बेकरी पर खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी की। टीम ने खाद्य पदार्थों के पांच सैंपल लिए और ए-वन नाम की बेकरी को सील कर दिया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा व प्रशासन मानिक चन्द्र सिंह ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बयान के मुताबिक, पीड़िता को धमकाने के मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की।
बयान में बताया गया कि शुक्रवार रात लगभग 11 बजे तीन लोग महिला अस्पताल पहुंचे, जिनमें भदरसा नगर पंचायत के चेयरमैन मोहम्मद राशिद, सपा नेता जय सिंह राणा व एक अन्य व्यक्ति शामिल था।
परिजनों के अनुसार, पहले उन लोगों ने सुलह समझौता का दबाव बनाया और इनकार करने पर निपट लेने की धमकी दी।
पिपरी गांव के रहने वाले राम सेवक दास की ओर से भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत विभिन्न धाराओं में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में यह बताया गया कि पीड़िता की हत्या के इरादे से ये लोग अस्पताल पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से पीड़िता को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। स्थानीय विधायक अमित सिंह चौहान ने पीड़िता के घर पहुंच कर परिजनों को पांच लाख रुपये का चेक सौंपा।
विधायक अमित सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा था अगर किसी भी चीज की जरूरत होगी तो तुरंत पूरा किया जाएगा। विधायक ने जब पीड़ित बच्ची के माता से पूछा कि आप कार्रवाई से संतुष्ट हैं तो उन्होंने कहा हां सरकार बिल्कुल ठीक कार्रवाई कर रही है। वहीं विधायक ने बताया कि प्रदेश की योगी सरकार पीड़ित परिवार के साथ हमेशा खड़ी रहेगी।
इससे पहले, पुलिस ने बच्ची से दुष्कर्म मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद 30 जुलाई को अयोध्या जिले के पूराकलंदर इलाके से बेकरी मालिक मोइद खान और उसके कर्मचारी राजू खान को गिरफ्तार किया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मोइद और राजू ने दो महीने पहले नाबालिग के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया और इस कृत्य को रिकॉर्ड भी किया। उन्होंने बताया कि यह घटना तब प्रकाश में आई, जब हाल ही में मेडिकल जांच में पीड़िता के गर्भवती होने का पता चला। यह मामला तब राजनीतिक हो गया, जब दावा किया गया कि मोईद समाजवादी पार्टी (सपा) का सदस्य है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में इस घटना का जिक्र किया और सपा पर निशाना साधा।
योगी ने कहा, “यह अयोध्या का मामला है। मोईद खान समाजवादी पार्टी से है और अयोध्या सांसद की टीम का सदस्य है। उसे 12 साल की बच्ची के साथ बलात्कार के मामले में संलिप्त पाया गया है। समाजवादी पार्टी ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।”
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को पीड़ित बच्ची की मां से मिलने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्ची के स्वास्थ्य और उसकी सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं।
शुक्रवार को दुष्कर्म पीड़ित बच्ची की मां ने मुख्यमंत्री से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। योगी से मिलने के बाद पीड़िता की मां ने मीडिया को बताया कि उसकी बच्ची के साथ दरिंदगी करने वालों के लिए उसने सरकार से फांसी की सजा की मांग की है, इस पर मुख्यमंत्री जी ने भी आश्वस्त किया है कि बच्ची को हर कीमत पर न्याय दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
बच्ची की मां ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस बात को लेकर भी आश्वस्त किया कि आरोपी मोईद खान की संपत्तियों की जांच कराई जाएगी और अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया जाएगा।
भाषा सं जफर आनन्द