फ्रांस : ओलंपिक शुरू होने से कुछ घंटे पहले आगजनी की घटनाओं से हाई-स्पीड रेल नेटवर्क ठप
जितेंद्र नेत्रपाल
- 26 Jul 2024, 09:22 PM
- Updated: 09:22 PM
पेरिस, 26 जुलाई (एपी) फ्रांस में शुक्रवार को आगजनी सहित व्यापक ‘आपराधिक’ घटनाओं के कारण हाई-स्पीड रेल नेटवर्क ठप हो गया। इससे ओलंपिक के उद्घाटन समारोह से कुछ घंटे पहले फ्रांस व यूरोप के बाकी हिस्सों से पेरिस की यात्रा बाधित हो गई। इतना ही नहीं इन घटनाओं ने एथलीट को ओलंपिक खेलों के भव्य उद्घाटन समारोह से पहले यहां पहुंचने से भी रोक दिया।
फ्रांसीसी अधिकारियों ने हमलों को ‘आपराधिक कृत्य’ करार देते हुए घटना की निंदा की और कहा कि इनका खेलों से कोई सीधा संबंध नहीं है। वहीं, पेरिस में अभियोजकों ने मामले की जांच शुरू कर दी और कहा कि इन अपराधों के लिए दोषियों को 15 से 20 वर्ष की सजा हो सकती है।
पेरिस के गारे डू नॉर्ड स्टेशन पर लंदन जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रही 42 वर्षीय यात्री सारा मोसली ने कहा, “ओलंपिक की शुरुआत का सबसे खराब तरीका।”
रेल पटरियों पर आगजनी के कारण रेल यातायात बाधित हुआ है।
पेरिस में अधिकारी सीन नदी और इसके किनारे एक शानदार परेड के आयोजन की तैयारी कर रहे थे लेकिन अटलांटिक, नॉर्ड और एस्ट की हाई-स्पीड लाइनों पर पटरियों के पास आगजनी की सूचनाएं मिलीं। आगजनी की घटनाओं के कारण रेल यातायात बाधित हुआ और हजारों की तादाद में यात्री प्रभावित हुए।
प्रभावित यात्रियों में ओलंपिक एथलीट भी शामिल हैं।
फ्रांसीसी रेल संचालक एसएनसीएफ के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पश्चिमी अटलांटिक हाई-स्पीड लाइन पर ओलंपिक एथलीट को पेरिस ले जाने वाली चार में से दो ट्रेन उद्घाटन समारोह से कुछ घंटे पहले ही रोक दी गईं।
रेल पटरियों पर तोड़फोड़ के कारण ट्रेन रोकनी पड़ीं।
जर्मन समाचार एजेंसी ‘डीपीए’ की खबर के मुताबिक, उद्घाटन समारोह में भाग लेने के लिए पेरिस जाने वाली ट्रेन में सवार जर्मनी के दो एथलीट को रेल मार्ग बंद होने के कारण वापस बेल्जियम लौटना पड़ा और अब वे समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे। ये खिलाड़ी घुड़सवारी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।
क्रिश्चियन कुकुक के साथ यात्रा कर रहे टीम के एक साथी ‘राइडर’ फिलिप वेइशौप्ट ने डीपीए से कहा, “समय पर पहुंचने का अब कोई सवाल ही नहीं है।”
घटनाओं में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
फ्रांस के प्रधानमंत्री गेब्रियल अट्टल ने कहा कि अपराधियों को खोजने के लिए फ्रांस की खुफिया सेवाओं को काम पर लगाया गया है।
अट्टल ने इन घटनाओं को ‘सुनियोजित और समन्वित’ करार दिया।
उन्होंने कहा कि ओलंपिक की पूर्व संध्या पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं ने देश के मुख्य हिस्सों में फैले हाई स्पीड रेल नेटवर्क को बुरी तरह प्रभावित किया है और इसका मकसद सिर्फ और सिर्फ हाई स्पीड ट्रेन नेटवर्क को बाधित करना था।
अट्टल ने कहा कि ओलंपिक के उद्घघाटन समारोह से महज कुछ घंटे पहले पेरिस की ओर जाने वाले उत्तर, पूर्व और पश्चिम के मुख्य मार्गों को चरणबद्ध तरीके से निशाना बनाया गया।
‘एसएनसीएफ’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जीन-पियरे फरांडौ ने कहा, “ ये सुनियोजित, पूर्वनिर्धारित और समन्वित हमले थे, जो फ्रांसीसी लोगों को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाने की मंशा से किए गए।”
फरांडौ ने कहा, “इन जगहों को खास तौर पर इसलिए चुना गया ताकि प्रभाव गंभीर हो। आगजनी वाली जगहों पर दो ट्रेन अलग-अलग दिशाओं की ओर मुड़ जाती हैं।”
उन्होंने कहा कि रेलवे रखरखाव कर्मचारियों ने पेरिस के दक्षिण-पूर्व की ओर जाने वाली पटरियों पर तोड़फोड़ की संदिग्ध कोशिश को विफल करने में कामयाबी हासिल की।
फरांडौ ने कहा कि रात की पाली में काम करने वाले कर्मचारियों ने घुसपैठियों को देखा और पुलिस को सूचित किया।
उन्होंने कहा, “जब उन लोगों को पता चला कि उन्हें देख लिया गया है तो वे तुरंत भाग निकले। इसलिए, रेलवे कर्मचारियों को धन्यवाद।”
फरांडौ ने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से हम हर जगह ऐसा नहीं कर सके, हालांकि पुलिस फॉरेंसिक जांच और अपराधियों की तलाश में जुटी है तथा साथ ही मरम्मत का काम भी जारी है।’’
फ्रांस के परिवहन मंत्री पैट्रिस वर्ग्रीटे ने कहा कि दोपहर बाद रेल यातायात, खासकर अटलांटिक लाइन पर फिर से शुरू कर दिया गया। इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप था।
उन्होंने कहा, “सबसे अधिक प्रभावित मोंटपर्नासे स्टेशन और बोर्डियोक्स स्टेशन पर दोपहर के समय एक ट्रेन जल्द ही दौड़ती हुई दिखाई देगी। हालात पहले से बेहतर हुए हैं।”
भाषा जितेंद्र