श्रावण मास के पहले दिन काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
शफीक
- 30 Jul 2026, 05:42 PM
- Updated: 05:42 PM
वाराणसी (उप्र), 30 जुलाई (भाषा) श्रावण मास के पहले दिन बृहस्पतिवार को वाराणसी स्थित बाबा श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन के लिये भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।
काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं की खासी संख्या को देखते हुए काशी विश्वनाथ धाम में पूरी व्यवस्था की गयी है।
मिश्रा ने बताया कि सावन का महीना आते ही काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ता है और सोमवार तथा किसी विशेष त्यौहार के दिन यह संख्या कई गुना बढ़ जाती है।
उन्होंने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम प्रशासन ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था को पहले से अधिक व्यवस्थित और सुगम बनाने का काम किया है।
मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार निर्धारित किये गये हैं और श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थल, चिकित्सा सहायता तथा सूचना केंद्र की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस, पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गयी है और सीसीटीवी कैमरों तथा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से पूरे धाम की निगरानी की जा रही है।
मिश्रा ने बताया कि धाम में पेयजल, चिकित्सा, भीड़ प्रबंधन, दर्शनार्थियों के लिए सुचारू दर्शन व्यवस्था, वृद्ध और दिव्यांग जनों के लिए ई रिक्शा संचालन, पार्किंग व्यवस्था और साफ-सफाई की व्यवस्था की गयी है।
उन्होंने बताया कि जो दर्शनार्थ किसी कार्य की वजह से धाम नहीं आ पा रहे हैं उनके लिए सावन माह में श्री काशी विश्वनाथ महादेव के दर्शन पूजन के लिए लाइव दर्शन की सुविधा भी उपलब्ध है।
मिश्रा ने बताया कि श्रावण मास में आने वाले चढ़ावे को लेकर भी विशेष तैयारी की गयी है। उन्होंने बताया कि श्रावण मास के दौरान मंदिर में सोना-चांदी, नगद सहित अन्य बहुमूल्य वस्तुओं के रूप में करोड़ों रुपए का चढ़ावा आता है।
उन्होंने बताया कि पूर्व की भांति सावन में भी दान पात्रों की नियमित निगरानी, डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना और सुरक्षा के साथ उसे संरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है ताकि प्रत्येक श्रद्धालु का अर्पण पूरी पारदर्शिता के साथ दर्ज हो सके।
भाषा सं. सलीम शफीक
शफीक
3007 1742 वाराणसी