सेंसेक्स 391 अंक चढ़कर नए शिखर पर, निफ्टी का भी नया रिकॉर्ड
प्रेम अजय
- 09 Jul 2024, 06:02 PM
- Updated: 06:02 PM
मुंबई, नौ जुलाई (भाषा) स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 391 अंक उछलकर नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ। वाहन और दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली (एफएमसीजी) कंपनियों के शेयरों में लिवाली और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के पूंजी प्रवाह से एनएसई निफ्टी भी नये शिखर पर पहुंच गया।
बीएसई का तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 391.26 अंक यानी 0.49 प्रतिशत चढ़कर अपने अबतक के उच्चतम स्तर 80,351.64 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 436.79 अंक की बढ़त के साथ रिकॉर्ड 80,397.17 अंक तक गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 112.65 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,433.20 अंक के नये शिखर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह 123.05 अंक चढ़कर रिकॉर्ड 24,443.60 अंक तक गया था।
सेंसेक्स की कंपनियों में मारुति सुजुकी इंडिया के शेयर में छह प्रतिशत से अधिक तेजी देखी गई। उत्तर प्रदेश में पर्यावरण अनुकूल वाहनों को बढ़ावा देने के लिए हाइब्रिड वाहनों (पेट्रोल और इलेक्ट्रिक मोटर दोनों से चलने वाले) पर पंजीकरण निःशुल्क किए जाने की खबरों के बीच कंपनी का शेयर चढ़ा।
इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन, सन फार्मा, आईटीसी, नेस्ले और टाटा मोटर्स भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस और जेएसडब्ल्यू स्टील शामिल हैं।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू एवं वैश्विक दोनों कारक बाजार को दिशा दे रहे हैं। फिलहाल एफएमसीजी और वाहन जैसे खपत-आधारित उद्योग इस तेजी की अगुवाई कर रहे हैं और मानसून एवं खरीफ की बुवाई से उसे समर्थन मिल रहा है।’’
नायर ने कहा कि विदेशी निवेशकों का प्रवाह बने रहने से भी सकारात्मक असर देखा जा रहा है। हालांकि, निवेशकों को अब कंपनियों के अप्रैल-जून तिमाही के वित्तीय नतीजों का इंतजार है और इससे बाजार की दिशा निर्धारित हो सकती है।
व्यापक बाजार में बीएसई मिडकैप सूचकांक 0.36 प्रतिशत चढ़ गया जबकि स्मॉलकैप में 0.22 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
बाजार में तेजी के बीच बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण बढ़कर 451.27 लाख करोड़ रुपये के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट लाभ में, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहा।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार सोमवार को कमोबेश बढ़त में रहे थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ 85.31 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंक़ड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 60.98 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।
बीएसई सेंसेक्स में सोमवार को 36.22 अंक और एनएसई निफ्टी में 3.30 अंक की मामूली गिरावट रही थी।
भाषा
प्रेम