कारोबार के अंतिम समय में तेज बिकवाली से शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 114 अंक टूटा
अजय
- 19 May 2026, 06:24 PM
- Updated: 06:24 PM
मुंबई,19 मई (भाषा) कारोबार के अंतिम समय में तेज बिकवाली से बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 114 अंक के नुकसान में रहा जबकि एनएसई निफ्टी में 32 अंक की गिरावट आई।
रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने को लेकर चिंताएं बढ़ने के साथ एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली हुई। इसके साथ वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता के बीच कच्चे तेल की ऊंची कीमत ने भी बाजार धारणा को प्रभावित किया। हालांकि, आईटी शेयरों में मजबूत लिवाली से गिरावट पर कुछ अंकुश लगा।
कारोबार के दौरान बाजार में ज्यादातर समय तेजी रही। लेकिन कारोबार समाप्त होने से पहले तेज बिकवाली से बाजार नुकसान में बंद हुआ। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 114.19 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75,200.85 अंक पर बंद हुआ।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद कारोबार के दौरान एक समय यह 431.23 अंक यानी 0.57 प्रतिशत बढ़कर 75,746.27 अंक पर पहुंच गया था।
ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के अनुरोध पर ईरान पर नए हमले रोक दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के साथ चल रही गंभीर बातचीत जारी है, जिससे एक स्वीकार्य समझौते पर पहुंचने की उम्मीद है।
पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 31.95 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,618 अंक पर बंद हुआ।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ''ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियानों में अस्थायी रोक की उम्मीद से शुरुआती तेजी के बावजूद घरेलू शेयर बाजार अंत में गिरावट के साथ बंद हुए।''
उन्होंने कहा, ''आईटी शेयरों में तेजी देखने को मिली। रुपये की विनिमय दर में गिरावट और आकर्षक मूल्यांकन से आईटी शेयरों में अच्छी तेजी रही।''
सेंसेक्स की कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन, अदाणी पोर्ट्स, भारती एयरटेल और सन फार्मा प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।
दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, इटर्नल और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज शामिल हैं।
लाइवलॉन्ग वेल्थ के संस्थापक और शोध विश्लेषक हरिप्रसाद के. ने कहा कि कारोबार के दौरान पहले पहर में आईटी शेयरों में जोरदार तेजी और अनुकूल वैश्विक संकेतों के बावजूद, मानक सूचकांक उच्चस्तर को बनाए रखने में विफल रहे। इसका कारण मुद्रा को लेकर बढ़ती चिंता और कच्चे तेल की ऊंची कीमत है।
छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.39 प्रतिशत चढ़ा, जबकि मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप 0.93 प्रतिशत के लाभ में रहा।
इस बीच, रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अबतक के सबसे निचले स्तर 96.60 तक फिसल गया। हालांकि, बाद में यह 96.52 (अस्थायी) पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.80 प्रतिशत टूटकर 110 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 2,813.69 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा उद्योगपति गौतम अदाणी और उनके भतीजे सागर के खिलाफ सभी आपराधिक आरोप स्थायी रूप से हटाए जाने के बाद अदाणी समूह की अधिकांश कंपनियों के शेयरों में तेजी देखी गई। अभियोजकों के इस निष्कर्ष पर पहुंचने के साथ कि वे आरोपों को साबित नहीं कर सकते, अमेरिका में जारी प्रतिभूति और धोखाधड़ी का मामला पूरी तरह समाप्त हो गया।
एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में सकारात्मक रुख था। अमेरिकी बाजार सोमवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे।
बीएसई सेंसेक्स सोमवार 77.05 अंक के लाभ में रहा था जबकि निफ्टी में 6.45 अंक की मामूली तेजी रही थी।
भाषा रमण अजय
अजय
1905 1824 मुंबई