जहरीली शराब त्रासदी की जिम्मेदारी पुलिस, जिला पुलिस अधीक्षक पर होगी: स्टालिन
अमित माधव
- 29 Jun 2024, 09:03 PM
- Updated: 09:03 PM
चेन्नई, 29 जून (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने शनिवार को विधानसभा में कहा कि जहरीली शराब त्रासदी की जिम्मेदारी जिला पुलिस अधीक्षक और स्थानीय पुलिस अधिकारी की होगी।
स्टालिन ने विपक्षी ‘आल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम’ (अन्नाद्रमुक) पर लोकसभा चुनाव में अपने खराब प्रदर्शन और पार्टी के भीतर संकट को छिपाने के लिए कल्लाकुरिची जहरीली शराब त्रासदी का मुद्दा उठाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पास कल्लाकुरिची जहरीली शराब की घटना के बारे में छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी की सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) जांच की मांग अनावश्यक है, क्योंकि उनकी सरकार ने घटना पर त्वरित कार्रवाई की है और अपराधियों को गिरफ्तार किया है, अधिकारियों को स्थानांतरित किया है, जांच आयोग का गठन किया है और अपराध शाखा सीआईडी द्वारा जांच का आदेश दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमने ऐसी स्थिति उत्पन्न कर दी है, जहां कोई बच नहीं सकता। इन सभी प्रयासों के बावजूद, वह भी 24 घंटे के भीतर, अन्नाद्रमुक सीबीआई जांच पर जोर दे रही है। हमारे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है, जैसा कि पूर्ववर्ती अन्नाद्रमुक सरकार के दौरान सथानकुलम की हिरासत में मौत (2020 में थूथुकुडी जिले में) मामले में हुआ था।"
स्टालिन ने यह बात गृह विभाग को अनुदान की मांग पर बहस को समाप्ति की ओर ले जाते कहा, जिसका प्रभार उनके पास है।
उन्होंने कहा कि द्रमुक ने तब सीबीआई द्वारा जांच की मांग की थी, क्योंकि पूर्ववर्ती अन्नाद्रमुक सरकार ने सथानकुलम घटना पर "तथ्यों को छुपाया और तोड़ा मरोड़ा।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्लाकुरिची घटना में त्वरित कार्रवाई के अलावा, उन्होंने सख्त चेतावनी दी है कि इसके बाद जिला पुलिस अधीक्षक और स्थानीय पुलिस अधिकारी को अपने अधिकार क्षेत्र में जहरीली शराब से होने वाली किसी भी मौत की जिम्मेदारी लेनी होगी।
उन्होंने कहा कि अन्नाद्रमुक ने सदन में इस मुद्दे को कई बार उठाया और कार्यवाही को बाधित किया क्योंकि वह लोकसभा चुनाव में अपनी हार से हताश है, उसने उन सभी सीटों पर हार का सामना किया जिस पर चुनाव लड़ी थी।
द्रमुक अध्यक्ष स्टालिन ने कहा, "अन्नाद्रमुक ने चुनाव में अपनी हार और पार्टी के भीतर संकट को छिपाने के लिए कल्लाकुरिची की घटना को अंजाम दिया।"
उन्होंने कहा कि सरकार मादक पदार्थों की आवाजाही और बिक्री को पूरी तरह से रोकने के लिए सभी प्रयास कर रही है। स्टालिन ने कहा, "मैं आपके सामने सभी 40 सीट (तमिलनाडु में 39 और पुडुचेरी की एकमात्र सीट) जीतने के गौरव के साथ खड़ा हूं... हालांकि यह एक संसदीय चुनाव था, विपक्षी दलों ने मुझे निशाना बनाया और इस द्रविड़ मॉडल सरकार की आलोचना की।"
उन्होंने कहा कि हालांकि लोगों ने विपक्ष के दुष्प्रचार को खारिज किया और द्रमुक गठबंधन को निर्णायक जीत दिलायर। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों से पता चलता है कि लोगों को द्रमुक सरकार पर भरोसा था और जीत द्रमुक की जन-हितैषी पहलों की स्वीकृति है। उन्होंने कहा और जनादेश के लिए लोगों को धन्यवाद दिया।
भाषा अमित