फिर से प्रधानमंत्री चुने जाने पर मोदी विपक्ष के सभी नेताओं को जेल में डाल देंगे: केजरीवाल
देवेंद्र नेत्रपाल
- 11 May 2024, 07:43 PM
- Updated: 07:43 PM
(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अंतरिम जमानत पर रिहा होने के एक दिन बाद शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला किया और आरोप लगाया कि वह फिर से चुने जाने पर विपक्ष के सभी नेताओं को जेल में डाल देंगे तथा ‘‘तानाशाही’’ लागू करने के लिए ‘‘एक राष्ट्र, एक नेता’’ के मिशन पर आगे बढ़ेंगे।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोदी भाजपा के नेताओं को ‘‘राजनीतिक रूप से खत्म’’ कर देंगे।
केजरीवाल ने यहां आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्यालय में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लिए वोट मांग रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मोदी के 75 वर्ष के होने पर ‘‘रिटायर’’ होने के बाद अमित शाह उनके (मोदी) उत्तराधिकारी होंगे।
उन्होंने कहा कि ‘आप’ केंद्र में अगली सरकार का हिस्सा होगी और दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाएगी।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘जेल से छूटने के बाद पिछले 20 घंटों में मैंने चुनाव विशेषज्ञों और लोगों से बात की तो इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि भाजपा की सरकार नहीं बन रही है।’’
अपने चुनाव अभियान को फिर से शुरू करने से पहले, केजरीवाल ने अपनी पत्नी सुनीता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मध्य दिल्ली के कनॉट प्लेस में स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।
केजरीवाल को बड़ी राहत देते हुए उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को उन्हें लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए एक जून तक अंतरिम जमानत दे दी थी।
शीर्ष अदालत ने कहा था कि कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार केजरीवाल को दो जून को आत्मसमर्पण करना होगा और जेल वापस जाना होगा।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘ये लोग ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस’ (इंडिया) गठबंधन से उनके चेहरे के बारे में पूछते हैं। मैं भाजपा से पूछता हूं कि उनका प्रधानमंत्री कौन होगा? प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी अगले साल 17 सितंबर को 75 साल के हो रहे हैं। उन्होंने नियम बनाया था कि 75 साल की उम्र वालों को ‘रिटायर’ कर दिया जाएगा। उन्होंने लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, सुमित्रा महाजन को रिटायर (सेवानिवृत्त) कर दिया।’’
उन्होंने पूछा, ‘‘वह (मोदी) अगले साल रिटायर हो जाएंगे। वह अमित शाह को प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट मांग रहे हैं। क्या शाह मोदी जी की गारंटी पूरी करेंगे?’’
केजरीवाल की टिप्पणियों को दरकिनार करते हुए शाह ने हैदराबाद में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मोदी देश का नेतृत्व करना जारी रखेंगे और इस मुद्दे पर ‘‘भाजपा में कोई भ्रम नहीं है’’।
भाजपा ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री का यह दावा कि प्रधानमंत्री चाहते हैं कि अमित शाह उनका स्थान लें, उनकी स्वीकृति है कि पार्टी लगातार तीसरी बार सत्ता बरकरार रखने वाली है।
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने केजरीवाल पर पलटवार किया और कहा कि केजरीवाल उनकी पार्टी (भाजपा) की उत्तराधिकार योजना के बारे में बात कर रहे हैं, लेकिन धनशोधन के आरोप में जेल जाने के बावजूद उन्हें ‘आप’ के किसी भी सहयोगी पर भरोसा नहीं हुआ जो उनका उत्तराधिकारी बन सके।
केजरीवाल ने अपने भाषण में दावा किया कि यदि भाजपा लोकसभा चुनाव जीतती है, तो ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, एम के स्टालिन, पिनराई विजयन और उद्धव ठाकरे समेत सभी विपक्षी नेता जेल में होंगे।
केजरीवाल ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री ने बहुत ही खतरनाक मिशन चलाया है। इस मिशन को ‘एक राष्ट्र, एक नेता’ कहा जाता है। मोदी जी देश के सभी नेताओं को खत्म करना चाहते हैं। इसे दो स्तरों पर चलाया जा रहा है- सभी विपक्षी नेताओं को जेल भेज दिया जाएगा और भाजपा नेताओं को राजनीतिक रूप से समाप्त कर दिया जाएगा।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यदि वे चुनाव जीते तो किसी भी भाजपा नेता को नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और सुमित्रा महाजन को राजनीतिक तौर पर समाप्त कर दिया। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान की राजनीति खत्म कर दी, जिन्होंने उनके लिए मध्य प्रदेश चुनाव जीता लेकिन उन्होंने उन्हें (चौहान) मुख्यमंत्री नहीं बनाया। उन्होंने वसुंधरा राजे, खट्टर (मनोहर लाल), रमन सिंह को भी राजनीतिक रूप से खत्म कर दिया।’’
केजरीवाल ने दावा किया कि अगली कतार में योगी आदित्यनाथ हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मैं लिखित में दे सकता हूं कि अगर वे लोकसभा चुनाव जीत गए तो वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को बदल देंगे। वह योगी आदित्यनाथ की राजनीति खत्म कर देंगे और उन्हें राजनीतिक रूप से भी खत्म कर देंगे।’’
‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा, ‘‘यह ‘एक राष्ट्र, एक नेता’ वाली तानाशाही है और देश में केवल एक तानाशाह रहेगा।’’
उन्होंने कहा कि देश के 4,000 साल पुराने इतिहास में ऐसे कई मौके आए जब तानाशाह उभरे और उन्होंने देश पर कब्जा करने की कोशिश की लेकिन लोगों ने उन्हें उखाड़ फेंका।
केजरीवाल ने कहा कि वह देश में ‘‘तानाशाही खत्म करने’’ के लिए देशभर में अभियान चलाने के लिए अथक प्रयास करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने उनकी गिरफ्तारी से देश को संदेश दिया कि ‘‘कोई मामला नहीं होगा और फिर भी मैं आपको गिरफ्तार कराऊंगा।’’
भाजपा 50 दिन तक हिरासत में रहने के बावजूद मुख्यमंत्री पद नहीं छोड़ने को लेकर केजरीवाल पर निशाना साध रही है।
इस्तीफा नहीं देने के बारे में केजरीवाल ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री का पद मेरे लिए महत्वपूर्ण नहीं है। मैंने मुख्यमंत्री पद नहीं छोड़ा क्योंकि एक फर्जी मामले में मुझे इस्तीफा देने के लिए मजबूर करने की साजिश रची गई थी।’’
केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि सभी ‘‘चोर और डकैत’’ भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यदि प्रधानमंत्री को भ्रष्टाचार से लड़ना सीखना है तो उन्हें अरविंद केजरीवाल से सीखना चाहिए। हमने भ्रष्टाचारियों और यहां तक कि अपने मंत्रियों को भी जेल भेजा।’’
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि ‘‘प्रधानमंत्री ने हमारी पार्टी को कुचलने में कोई कसर नहीं छोड़ी और एक साल में ‘आप’ के चार शीर्ष नेताओं को जेल भेज दिया।’’
केजरीवाल ने कहा, ‘‘उन्होंने सोचा था कि पार्टी खत्म हो जाएगी। लेकिन ‘आप’ सिर्फ एक पार्टी नहीं है, यह एक विचार है, जितना वे नष्ट करने का प्रयास करेंगे, उतना ही हमारी पार्टी आगे बढ़ेगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘किसी को उम्मीद नहीं थी कि मैं चुनाव के बीच में जेल से बाहर आ पाऊंगा, लेकिन आपकी प्रार्थनाओं और भगवान हनुमान के आशीर्वाद के कारण मैं आप सभी के बीच हूं।’’
‘आप’ कार्यालय में केजरीवाल के साथ मौजूद पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने कहा कि केजरीवाल अब देश के ‘‘शीर्ष’’ राजनीतिक नेता हैं और उनकी पार्टी पंजाब में भाजपा और कांग्रेस का सफाया कर देगी तथा वहां सभी 13 सीट पर जीत दर्ज करेगी।
भाषा
देवेंद्र