ऑनलाइन फ्रॉड पर पंकज त्रिपाठी के विज्ञापन को एडिट कर गलत दावे के साथ किया गया साझा
रवि कांत अविनाश
- 06 Dec 2024, 09:47 PM
- Updated: 09:47 PM
नयी दिल्ली, छह दिसंबर (पीटीआई फैक्ट चेक) अभिनेता पंकज त्रिपाठी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। करीब 30 सेकंड के इस वीडियो में उन्हें मूंगफली विक्रेता के किरदार में दिखाया गया है, जिसमें वह भाजपा को वोट नहीं देने की अपील करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को आम आदमी पार्टी की अलग-अलग इकाइयों के सोशल मीडिया हैंडल से 'भाजपा वालों से कह दो- मैं मूर्ख नहीं हूं' कैप्शन के साथ शेयर किया गया है।
पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क की जांच में वायरल वीडियो संपादित निकला। मूल वीडियो ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए ‘नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया’ के 'मैं मूर्ख नहीं हूं' अभियान का हिस्सा है, जिसमें पंकज त्रिपाठी आम लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करते हैं।
सोशल मीडिया मंच 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर ‘आम आदमी पार्टी - उत्तर प्रदेश’ के आधिकारिक अकाउंट से पांच दिसंबर को वीडियो शेयर किया गया। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, “भाजपा वालों को कहें - मैं मूर्ख नहीं हूं।”
वायरल वीडियो में पंकज त्रिपाठी कथित तौर पर कहते हैं, "हम मूंगफली बेचते हैं, अपना अक्ल नहीं। ये मैसेज देखिए, भाजपा वालों ने भेजा है, कह रहे हैं कि हमें वोट दो, हम विकास करेंगे। अरे… हमें मालूम नहीं है क्या इधर हम इसे वोट करेंगे और उधर सरकारी पैसा गायब। मूंगफली वाला हूं...मूर्ख नहीं हूं। याद रहे अगर भाजपा के लोग कोई लालच दें तो कहो.. मैं मूर्ख नहीं हूं।”
आम आदमी पार्टी (आप) की अलग-अलग इकाइयों के सोशल मीडिया हैंडल के अलावा कई अन्य यूजर भी इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
दावे की पुष्टि के लिए डेस्क ने वीडियो के ‘की-फ्रेम्स’ को रिवर्स सर्च किया। हमें मूल वीडियो ‘यूपीआई एनपीसीआई’ के आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर मिला। उन्होंने 23 सितंबर 2024 को पंकज त्रिपाठी के मूल वीडियो को ‘मैं मूर्ख नहीं हूं’ हैशटैग के साथ शेयर किया था।
मूल वीडियो में पंकज त्रिपाठी एक मूंगफली वाले के रूप में ऑनलाइन फ्रॉड से बचने की सलाह देते हुए कहते हैं, "हम मूंगफली बेचते हैं, अपना अक्ल नहीं। ये मैसेज देखिए, कहते हैं कि लॉटरी लगी है, लिंक क्लिक कर के यूपीआई पिन डालो, पैसा मिलेगा। अरे… हमको मालूम नहीं है क्या इधर यूपीआई पिन डाला उधर पैसा गायब। मूंगफली वाला हूं, मूर्ख नहीं हूं। याद रहे यूपीआई कहता है, अगर कोई लालच दे तो कहो, ‘मैं मूर्ख नहीं हूं।’ साफ है कि वायरल वीडियो में मूल संवाद को बदलकर इसमें राजनीतिक संदर्भ जोड़ दिया गया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने भी वायरल वीडियो को फर्जी बताया और मूल वीडियो शेयर करते हुए आम आदमी पर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया है।
एनपीसीआई ने हाल ही में डिजिटल भुगतान सुरक्षा के लिए ‘मैं मूर्ख नहीं हूं’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत अभिनेता पंकज त्रिपाठी ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के बारे में जागरूकता फैलाने वाली छह विज्ञापन फिल्मों की श्रृंखला में अलग-अलग किरदारों में नजर आएंगे।
पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क की जांच से यह साफ है कि वायरल वीडियो में मूल संवाद को बदलकर इसमें राजनीतिक संदर्भ जोड़ दिया गया और इसे गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।
पीटीआई फैक्ट चेक साजन
रवि कांत