केजरीवाल ने सुखबीर बादल पर हमले की निंदा की
शुभम प्रशांत
- 04 Dec 2024, 10:00 PM
- Updated: 10:00 PM
नयी दिल्ली, चार दिसंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी के (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने अमृतसर के स्वर्णमंदिर के बाहर शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की बुधवार को निंदा करते हुए कहा कि एक ‘‘बहुत बड़ी घटना’’ को टालने के लिए पंजाब पुलिस प्रशंसा की पात्र है।
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने पूरे देश के लिए एक उदाहरण पेश किया है।
केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा में अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘बहुत बड़ी शक्तियां’’ पंजाब और राज्य के लोगों को बदनाम करने की साजिश कर रही हैं।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब पुलिस के उत्कृष्ट कार्य के कारण आज एक बहुत बड़ी घटना टल गई। मैं उनकी सतर्कता की सराहना करता हूं, जिसने पूरे देश के लिए कानून और व्यवस्था बनाए रखने का एक उदाहरण स्थापित किया है।”
उन्होंने कहा कि बादल पर हमले का मुद्दा भाजपा ने उठाया है लेकिन पार्टी “दिल्ली में हो रही हत्याओं, बलात्कार एवं गोलीबारी” पर चुप है, जहां पुलिस केंद्र सरकार के अधीन है।
केजरीवाल ने भाजपा पर दिल्ली में बढ़ती अपराध दर पर आंखें मूंद लेने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “पंजाब में हम एक त्रासदी को रोकने में कामयाब रहे। लेकिन दिल्ली में हत्या के मामले बढ़ रहे हैं, दिनदहाड़े गोलीबारी हो रही है और महिलाओं के साथ बलात्कार हो रहा है। पूरी राजधानी गैंगस्टरों के कब्जे में है।”
उन्होंने कहा, “फिर भी भाजपा का पूरा नेतृत्व चुप है। जब उनसे पूछा जाता है तो उनके शीर्ष नेता कहते हैं कि अपराध कोई मुद्दा नहीं है। दिल्ली में कानून-व्यवस्था उनके लिए कोई मुद्दा नहीं है।”
आप प्रमुख ने राष्ट्रीय राजधानी में बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी जिम्मेदार ठहराया।
सुखबीर सिंह बादल पर बुधवार को एक पूर्व आतंकवादी ने उस समय गोली चलाने का प्रयास किया जब वह स्वर्ण मंदिर के बाहर ‘सेवादार’ के रूप में सेवाएं दे रहे थे। इस दौरान सादे कपड़े में मौजूद एक पुलिसकर्मी द्वारा आरोपी को काबू में किए जाने से उसका निशाना चूक गया और बादल बाल-बाल बच गए।
पंजाब में शिअद सरकार द्वारा 2007 से 2017 तक की गई ‘‘गलतियों’’ के लिए स्वर्ण मंदिर में ‘सेवादार’ के रूप में बादल की सजा का यह दूसरा दिन था, जिसे ‘कवर’ करने पहुंचे मीडियाकर्मियों के कैमरे में हमले का पूरा दृश्य ‘रिकॉर्ड’ हो गया।
भाषा
शुभम