दिल्ली: नेब सराय में एक ही परिवार के तीन लोगों की चाकू घोंपकर हत्या
शुभम प्रशांत
- 04 Dec 2024, 06:52 PM
- Updated: 06:52 PM
(तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, चार दिसंबर (भाषा) दिल्ली के नेब सराय इलाके में बुधवार सुबह एक अधेड़ दंपति और उनकी बेटी की उनके घर में कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकरी दी।
पुलिस ने बताया कि तीनों की पहचान राजेश कुमार (51), उनकी पत्नी कोमल (46) और उनकी बेटी कविता (23) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दंपति के बेटे अर्जुन ने सुबह करीब साढ़े पांच बजे सैर के बाद घर लौटकर शवों को देखा। एक अधिकारी ने बताया कि उसने पड़ोसियों को सूचित किया, फिर पुलिस को फोन किया।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अंकित सिंह ने कहा, “दंपति के बेटे ने पीसीआर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। राजेश का शव घर की पहली मंजिल पर पड़ा मिला, जबकि महिलाओं के शव भूतल पर थे। हमलावर ने धारदार हथियार का इस्तेमाल किया।”
उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया घर में कोई तोड़फोड़ या चोरी नहीं हुई है तथा अपराध स्थल को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि पूरी वारदात एक घंटे के भीतर अंजाम दी गई।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए अर्जुन के मामा सतीश कुमार ने कहा, ‘‘राजेश मेरे जीजा थे। मुझे मेरे भांजे (अर्जुन) ने घटना के बारे में फोन पर सूचित किया था। राजेश सेना से सेवानिवृत्त थे और वर्तमान में वह सुरक्षा अधिकारी के रूप में काम कर रहे थे, जबकि उनकी बेटी कॉलेज में पढ़ती थी और मार्शल आर्ट्स में ब्लैक बेल्ट थी।’’
कुमार ने बताया कि एक वित्तीय विवाद हमले का कारण हो सकता है।
सिंह ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर लिए हैं तथा परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों के बयान दर्ज कर लिए हैं।
घर का मुख्य दरवाजा क्योंकि बंद था, इसलिए पुलिस को संदेह है कि आरोपी ने नकली चाबी का इस्तेमाल किया होगा या छत के रास्ते घर में प्रवेश किया होगा।
एक अन्य पुलिस अधिकारी के अनुसार घटनाक्रम की जानकारी हासिल करने तथा यह पता लगाने के लिए कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी तो नहीं थी, अर्जुन से पूछताछ की गई है।
एक पड़ोसी के अनुसार हरियाणा के मूल निवासी राजेश का दो मंजिला मकान था, जिसमें उनका परिवार पिछले 15 वर्षों से रह रहा था।
उनके रिश्तेदारों ने बताया कि आज राजेश और कोमल की शादी की 27वीं सालगिरह भी है।
देवली से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक प्रकाश जरवाल ने पीड़ित के घर जाकर राजेश के बेटे से बात की। जरवाल ने कहा, ‘‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उनके बेटे ने मुझसे पूछा, ‘अब मैं किसके लिए जिऊंगा?’’’
जारवाल ने कहा, ‘‘किसी ने घर में घुसकर पीड़ितों की गर्दन पर चाकू से वार किया।’’ उन्होंने कहा कि दिल्ली में हर रोज लोगों की हत्याएं होना आम बात हो गई है।
भाषा
शुभम