डॉलर के मुकाबले रुपया चार पैसे मजबूत
राजेश राजेश रमण
- 03 Dec 2024, 09:39 PM
- Updated: 09:39 PM
मुंबई, तीन दिसंबर (भाषा) अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया मंगलवार को चार पैसे की तेजी के साथ 84.68 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच रुपये में मजबूती आई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि रुपये में गिरावट की मुख्य वजह डोनाल्ड ट्रंप की ब्रिक्स मुद्रा को लेकर दी गई चेतावनी, यूरो क्षेत्र में राजनीतिक अस्थिरता, कमजोर घरेलू समष्टि आर्थिक संकेतक और निरंतर विदेशी पूंजी की निकासी रही।
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि ब्रिक्स राष्ट्र अमेरिकी डॉलर को कमजोर करने के लिए काम करते हैं तो उन देशों से आयात पर 100 प्रतिशत शुल्क लगाया जाएगा।
इसके अलावा, निवेशक छह दिसंबर को आने वाली भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जिसमें संभवतः मुद्रास्फीति और वृद्धि के बीच संतुलन पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 84.75 प्रति डॉलर पर खुला। रुपया सीमित दायरे में कारोबार करता हुआ दिन के 84.64 प्रति डॉलर के उच्च स्तर और 84.76 प्रति डॉलर के अपने सर्वकालिक निचले स्तर तक पहुंचा। रुपया अंत में 84.68 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से चार पैसे की तेजी है।
रुपया सोमवार को 12 पैसे की गिरावट के साथ अपने अबतक के निचले स्तर 84.72 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक, अनुज चौधरी ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप की रिपोर्ट और घरेलू शेयर बाजार में मजबूती के कारण रुपये में सुधार हुआ। वहीं डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ब्रिक्स पर 100 प्रतिशत टैरिफ की चेतावनी के कारण अमेरिकी डॉलर में तेजी आई।
चौधरी ने कहा कि डॉलर-रुपया हाजिर कीमत 84.45 से 84.90 के बीच रहने का अनुमान है।’’
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 106.25 पर रहा।
वायदा कारोबार में अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 1.11 प्रतिशत चढ़कर 72.63 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक 597.67 अंक की तेजी के साथ 80,845.75 और निफ्टी 181.10 अंक की तेजी के साथ 24,457.15 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को 3,664.67 करोड़ रुपये के शेयरों की लिवाली की।
भाषा राजेश राजेश