जम्मू-कश्मीर चुनाव : भाजपा के देवेंद्र सबसे अधिक तो पीडीपी के रफीक सबसे कम अंतर से जीते
धीरज माधव
- 08 Oct 2024, 06:51 PM
- Updated: 06:51 PM
श्रीनगर, आठ अक्टूबर (भाषा)जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के मंगलवार को घोषित नतीजों के मुताबिक नगरोटा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार देवेंद्र राणा ने सबसे अधिक अंतर से जीत हासिल की, जबकि त्राल से पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के प्रत्याशी रफीक अहमद नाइक सबसे कम मतों के अंतर से विजयी हुए।
राणा ने 2014 के विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के टिकट पर चुनाव लड़ा था और इस बार वह भाजपा के टिकट से लड़े और नगरोटा का दोबारा प्रतिनिधित्व हासिल करने में सफल रहे। उन्हें कुल 30,472 मतों से जीत मिली। राणा के निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं नेकां उम्मीदवार जोगिंदर सिंह को 17,641 वोट मिले।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव गुलाम अहमद मीर ने भी 29,728 मतों के अंतर से बड़ी जीत हासिल की। सबसे अधिक अंतर से जीत दर्ज करे के मामले में तीसरे स्थान पर नेकां छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सुरजीत सिंह स्लाथिया हैं जिन्हें सांबा सीट पर 29,481 मतों के अंतर से जीत मिली।
भाजपा के पांच अन्य उम्मीदवारों ने भी 20 हजार से अधिक मतों से जीत हासिल की है।
जम्मू कश्मीर की 90 सदस्यीय विधानसभा में 42 सीट के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी नेशनल कॉन्फ्रेंस के केवल दो उम्मीदवार 20,000 से अधिक मतों के अंतर से जीतने में सफल रहे। पार्टी के इरशाद रसूल कार ने सोपोर सीट पर 20,356 मतों के अंतर से जीत दर्ज की, जबकि उसके पार्टी सहयोगी ऐजाज अहमद जान ने पुंछ-हवेली सीट पर 20,879 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
पीडीपी के नाइक ने बहुकोणीय मुकाबले में त्राल सीट मात्र 460 मतों के मामूली अंतर से जीती। नाइक को कुल 10,710 मत मिले जबकि उनके निकटतम उम्मीदवार कांग्रेस के सुरिंदर सिंह चन्नी को 10,250 मत मिले।
किश्तवाड़ से भाजपा उम्मीदवार शगुन परिहार ने नेकां उम्मीदवार सज्जाद किचलू को 521 मतों के मामूली अंतर से हराया।
पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन सहित पांच अन्य उम्मीदवारों को भी एक हजार से कम मतों के अंतर से जीत मिली है।
नेकां के जावेद रियाज ने पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार इमरान अंसारी को मात्र 603 मतों के अंतर से हराया।
निर्दलीय उम्मीदवार प्यारे लाल शर्मा ने पूर्व मंत्री जी एम सरूरी को 643 मतों से हराया। इस सीट पर भी चारकोणीय मुकाबला था। शर्मा को 14,195 मत मिले जबकि उनके निटकतम प्रतिद्वंद्वी सरूरी को 13,552 मत, कांग्रेस उम्मीदवार मोहम्मद जफरुल्लाह को 12,533मत और भाजपा के तारिक हुसैन कीन को 9,550 मत मिले।
सज्जाद गनी लोन किसी तरह अपने पारिवारिक गढ़ हंदवाड़ा को बचाने में सफल रहे। उन्होंने इस सीट से 662 मतों से जीत हासिल की।
भाषा धीरज