अपराह्न सवा दो बजे तक के मुख्य समाचार
खारी मनीषा
- 06 Jan 2026, 02:25 PM
- Updated: 02:25 PM
नयी दिल्ली, छह जनवरी (भाषा) ‘भाषा’ की अलग-अलग फाइल से मंगलवार अपराह्न सवा दो बजे तक जारी अहम खबरें इस प्रकार हैं-
दि12 दिल्ली जेएनयू मोदी लीड नारे
उमर खालिद फैसला: जेएनयू छात्रों ने मोदी, शाह के खिलाफ विवादास्पद नारे लगाए
नयी दिल्ली: उच्चतम न्यायालय द्वारा 2020 के दिल्ली दंगा साजिश मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार किए जाने के बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्रों के एक समूह ने विश्वविद्यालय परिसर के भीतर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ विवादास्पद नारे लगाए।
वि11 बांग्लादेश हिंदू
बांग्लादेश में एक और हिंदू की हत्या
ढाका: बांग्लादेश के नरसिंगदी शहर में अज्ञात हमलावरों ने एक किराना दुकान के मालिक 40 वर्षीय हिंदू व्यक्ति की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी।
दि10 क्यूबा राजदूत वेनेजुएला
कोई भी देश अकेला अमेरिका को नहीं रोक सकता, भारत समेत सभी को साथ आना चाहिए: क्यूबा के राजदूत
नयी दिल्ली: भारत में क्यूबा के राजदूत जुआन कार्लोस मार्सेन एगुइलेरा ने वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य अभियान की सोमवार को कड़ी निंदा की, जिसके तहत वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया।
दि13 न्यायालय छात्र चुनाव जनहित याचिका
न्यायालय ने छात्र चुनावों से संबंधित लिंगदोह कमेटी की रिपोर्ट लागू करने की जनहित याचिका खारिज की
नयी दिल्ली: उच्चतम न्यायालय ने देशभर के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनावों के लिए नियामक ढांचा निर्धारित करने से जुड़ी 2006 की लिंगदोह समिति रिपोर्ट को लागू करने की मांग कर रही याचिका मंगलवार को खारिज कर दी।
प्रादे4 महाराष्ट्र कलमाड़ी निधन
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का निधन
पुणे: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार तड़के पुणे में निधन हो गया।
दि6 सोनिया अस्पताल
सोनिया गांधी सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती : सूत्र
नयी दिल्ली: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को यहां सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
प्रादे36 पंजाब किशोर पाकिस्तान
पंजाब: पाकिस्तानी आकाओं को संवेदनशील सूचनाएं साझा करने के आरोप में किशोर पकड़ा गया
चंडीगढ़: पंजाब के पठानकोट में 15 वर्षीय किशोर को पाकिस्तानी आकाओं से संवेदनशील स्थानों की जानकारी साझा करने के आरोप में पकड़ा गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अर्थ10 रिलायंस रूस तेल
रूस से तीन सप्ताह से तेल नहीं मिला, जनवरी में भी मिलने की उम्मीद नहीं: रिलायंस
नयी दिल्ली: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने मंगलवार को कहा कि उसे रूस से करीब तीन सप्ताह से तेल का कोई बैरल नहीं मिला है और जनवरी में भी इसके प्राप्त होने की कोई उम्मीद नहीं है।
वि2 ईरान प्रदर्शन
ईरान में विरोध प्रदर्शनों में अब तक कम से कम 35 लोगों की मौत, 1,200 हिरासत में
दुबई: ईरान में खस्ताहाल अर्थव्यवस्था के कारण हुए विरोध-प्रदर्शनों के दौरान अब तक कम से कम 35 लोगों की मौत हो चुकी है और इन प्रदर्शनों के थमने के कोई आसार भी नजर नहीं आ रहे। एक मानवाधिकार एजेंसी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अर्थ6 पीएमआई सेवाएं
देश के सेवा क्षेत्र की गतिविधि में दिसंबर में नरमी, नए कारोबार का धीमा विस्तार रहा कारण: पीएमआई
नयी दिल्ली: देश के सेवा क्षेत्र की वृद्धि दर में दिसंबर में गिरावट दर्ज की गई। नए कारोबार एवं उत्पादन में विस्तार की दर 11 महीनों में सबसे धीमी रही और कंपनियों ने अतिरिक्त कर्मचारियों की भर्ती से परहेज किया। मंगलवार को जारी मासिक सर्वेक्षण में यह जानकारी मिली।
खेल5 खेल स्क्वाश भारत
अनाहत ब्रिटिश जूनियर ओपन स्क्वाश के फाइनल में
नयी दिल्ली: शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी अनाहत सिंह ने सेमीफाइनल में मिस्र की मलिका अल कराक्सी को आसानी से पराजित करके प्रतिष्ठित ब्रिटिश जूनियर ओपन स्क्वाश में महिला एकल के अंडर-19 वर्ग के फाइनल में प्रवेश किया।
भाषा
खारी