जी20 : शेखावत ने ब्राजील, स्पेन और सऊदी अरब के पर्यटन मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बातचीत की
पारुल माधव
- 21 Sep 2024, 06:05 PM
- Updated: 06:05 PM
नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शनिवार को कहा कि उन्होंने ब्राजील, स्पेन और सऊदी अरब के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय वार्ता में पर्यटन क्षेत्र में सहयोग तथा लोगों से लोगों के बीच संबंधों को बढ़ावा देने के उपायों पर चर्चा की।
शेखावत ने ब्राजील में जी20 देशों के पर्यटन मंत्रियों के सम्मेलन के इतर ब्राजील के पर्यटन मंत्री सेल्सो सबिनो, स्पेन के पर्यटन मंत्री जॉर्डी हेरू आई बोहर और सऊदी अरब के पर्यटन मंत्री अहमद बिन अकील अल-खतीब के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं।
ब्राजील जी20 समूह का मौजूदा अध्यक्ष है।
शेखावत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “ब्राजील के साथ एक सार्थक द्विपक्षीय बैठक कर खुशी हुई। दोनों देशों के बीच पर्यटन को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर चर्चा हुई, जिसमें संयुक्त सहयोग समझौता, आगमन पर वीजा, मुफ्त वीजा सुविधा और सीधी उड़ानों के जरिये हवाई ‘कनेक्टिविटी’ बढ़ाना शामिल है।”
उन्होंने ब्राजीलियाई पक्ष के साथ अपनी बैठक की तस्वीरें भी साझा कीं।
शेखावत ने कहा, “ये पहल न सिर्फ हमारे आर्थिक संबंधों को मजबूत करेंगी, बल्कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों से लोगों के बीच संबंधों को भी बढ़ावा देंगी। इन उपायों को लागू करने और भारत में अधिक ब्राजीलियाई आगंतुकों का स्वागत करने के लिए उत्सुक हूं!”
एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, शेखावत ने ब्राजील के पर्यटन मंत्री सेल्सो सबिनो के साथ शुक्रवार को द्विपक्षीय बैठक की।
पर्यटन मंत्री ने ब्राजील में जी20 सम्मेलन के इतर हुई अन्य द्विपक्षीय बैठकों और कार्यक्रमों का ब्योरा भी ‘एक्स’ पर साझा किया।
उन्होंने लिखा, “आज पर्यटन पर पहले जी20 मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में विश्व यात्रा और पर्यटन परिषद (डब्ल्यूटीटीसी) द्वारा पर्यटन क्षेत्र में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के हितधारकों के बीच आयोजित बहुत ही ज्ञानवर्धक चर्चा में हिस्सा लिया। विकास को गति प्रदान करने के लिए टिकाऊ पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने तथा विरासत को संरक्षित करने की दिशा में सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्रों के बीच सहयोग की आवश्यकता के बारे में बात की।”
एक अन्य पोस्ट में शेखावत ने शनिवार को स्पेन के पर्यटन मंत्री जॉर्डी हेरू आई बोहर के साथ हुई द्विपक्षीय बैठक की तस्वीरें साझा कीं।
उन्होंने लिखा, “सीधी ‘कनेक्टिविटी’, पर्यटन व्यापार मेलों और लोगों के आदान-प्रदान के माध्यम से दोनों देशों (भारत और स्पेन) के बीच पर्यटन संबंधों को बढ़ावा देने के उपायों पर सार्थक चर्चा हुई। भविष्य में दिलचस्प अवसरों की प्रतीक्षा कर रहा हूं।”
शेखावत ने एक अन्य पोस्ट में कहा, “चेक गणराज्य के साथ पर्यटन संबंधों को बढ़ावा देते हुए। दोनों देशों में पर्यावरण-अनुकूल यात्रा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और नवीन बुनियादी ढांचा सुनिश्चित करने के अलावा पर्यटक संपर्क को सुविधाजनक बनाने के सहकारी तंत्र पर चर्चा के लिए चेक गणराज्य के डिजिटलीकरण मामलों के उप प्रधानमंत्री एवं क्षेत्रीय विकास मंत्री इवान बार्टो से मुलाकात करके खुशी हुई।”
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, “पर्यटन दुनिया को एक साथ और सतत रूप से बढ़ने में मदद करता है! सिंगापुर के व्यापार और उद्योग राज्य मंत्री एल्विन टैन शेंग हुई के साथ बैठक करके प्रसन्नता हुई। हमारे बीच चर्चा द्विपक्षीय पर्यटन, सहयोग, स्थिरता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और बुनियादी ढांचे के विकास पर ध्यान केंद्रित थी।”
शेखावत ने ‘एक्स’ पर सऊदी अरब के पर्यटन मंत्री अहमद बिन अकील अल-खतीब के साथ हुई बैठक के बारे में भी पोस्ट किया।
उन्होंने लिखा, “जी20 पर्यटन मंत्रियों के सम्मेलन के दौरान सऊदी अरब के पर्यटन मंत्री अहमद बिन अकील अल-खतीब से मिलकर खुशी हुई। हमने युवा प्रशिक्षण और विकास पहल के माध्यम से भारत-सऊदी अरब पर्यटन संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। टिकाऊ पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों से लोगों के जुड़ाव को बढ़ावा देने की दिशा में सहयोगात्मक अवसर तलाशने के लिए उत्सुक हूं।”
भाषा पारुल