जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 59 प्रतिशत मतदान: मुख्य निर्वाचन अधिकारी
आशीष अमित
- 18 Sep 2024, 11:27 PM
- Updated: 11:27 PM
जम्मू, 18 सितंबर (भाषा) जम्मू कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी के पोले ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश में बुधवार को विधानसभा चुनाव के पहले चरण में करीब 59 प्रतिशत मतदान हुआ जो ‘‘पिछले सात चुनावों में सर्वाधिक मतदान है।’’
अधिकारी ने कहा कि हालांकि ये अस्थायी आंकड़े हैं और डाक मतपत्रों तथा किश्तवाड़ के मारवाह, वडवान, दच्छन और माछिल जैसे दूरदराज के इलाकों से अंतिम रिपोर्ट आने के बाद इनमें वृद्धि हो सकती है।
पहले चरण में सात जिलों के 24 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हुआ। छह बजे मतदान समाप्त हो जाने के बाद पोले ने संवाददाताओं से कहा कि बिना किसी अप्रिय घटना के चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गया।
उन्होंने कहा कि कुछ मतदान केंद्रों से हाथापाई या कहासुनी की कुछ छोटी-मोटी घटनाओं की सूचनाएं मिलीं लेकिन ‘‘ऐसी कोई गंभीर घटना’’ नहीं हुई जिसके कारण पुनर्मतदान कराना पड़ जाए।
करीब 23 लाख से अधिक मतदाता 90 निर्दलीय उम्मीदवारों सहित 219 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने के लिए मतदान करने के पात्र थे।
उन्होंने कहा, ‘‘59 प्रतिशत मतदान पिछले सात चुनावों (चार लोकसभा चुनावों और तीन विधानसभा चुनावों) में सबसे अधिक है।’’
पोले ने सुरक्षा परिदृश्य में सुधार, राजनीतिक दलों एवं प्रत्याशियों की सक्रिय सहभागिता, विभाग द्वारा प्रचार समेत विभिन्न कारकों को मत प्रतिशत में इस वृद्धि का श्रेय दिया।
उन्होंने कहा कि किश्तवाड़ जिले में सबसे अधिक 77 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि पुलवामा जिले में सबसे कम 46 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने बताया कि डोडा जिले में 69.33 प्रतिशत, रामबन जिले में 67.71 प्रतिशत, कुलगाम जिले में 61.57 प्रतिशत, अनंतनाग जिले में 54.17 प्रतिशत और शोपियां जिले में 53.64 प्रतिशत मतदान हुआ।
निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि दक्षिण कश्मीर के सात जिले पारंपरिक रूप से कम मतदान प्रतिशत वाले निर्वाचन क्षेत्र रहे हैं और पिछले कुछ चुनावों में तो प्रतिशत एकल अंक को भी पार नहीं कर पाया था।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया जिसमें एक पुलिसकर्मी को कथित तौर पर आपा खोते हुए तथा किश्तवाड़ में एक मतदान केंद्र के बाहर अपनी बंदूक तानते हुए देखा गया, बाद में पुलिसकर्मी के सहकर्मियों ने उन्हें काबू किया। इस बारे में पूछे जाने पर पोले ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी तथा संबंधित रिटर्निंग अधिकारी ने इस पर संज्ञान लिया तथा मामले को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझा लिया गया।
पोले ने उम्मीद जतायी कि 25 सितंबर और एक अक्टूबर के बाकी दो चरणों में भी उच्च मतदान होगा।
भाषा आशीष