केजरीवाल मुख्यमंत्री आवास खाली करेंगे; सुरक्षा छोड़ेंगे : आप
यासिर नरेश
- 18 Sep 2024, 05:28 PM
- Updated: 05:28 PM
नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) दिल्ली के निवर्तमान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उन्हें मिलने वाली सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी सरकारी सुविधाएं छोड़ देंगे और 15 दिनों में अपना आधिकारिक आवास छोड़कर आम नागरिक की तरह रहने लगेंगे। आम आदमी पार्टी (आप) ने यह बात उनके इस्तीफा देने के एक दिन बाद बुधवार को कही।
पार्टी के वरिष्ठ नेता और आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने यहां एक पत्रकार वार्ता में कहा कि इस्तीफा देने के बाद केजरीवाल ने सबसे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास छोड़ने का फैसला लिया।
सिंह ने कहा था कि केजरीवाल एक सप्ताह में 6-फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला खाली कर देंगे, जबकि आप ने बाद में स्पष्ट किया कि निवर्तमान मुख्यमंत्री और उनका परिवार 15 दिनों में ऐसा करेगा।
सिंह ने कहा था कि अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार के लिए उपयुक्त आवास की तलाश जारी है।
आप ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ईमानदारी और त्याग की मिसाल पेश करते हुए अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री आवास छोड़ देंगे और सरकारी सुरक्षा भी त्याग देंगे।’’
केजरीवाल जब 2013 में पहली बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बने थे तब वह पुरानी नीली ‘वैगन आर’ कार में सफर करते थे।
आप नेता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं हैं और उन पर पूर्व में ‘‘कई बार हमला’’ हो चुका है।
सिंह ने कहा, ‘‘उनके बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और बच्चे हैं। हम सभी उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। हमने उन्हें समझाने की कोशिश की कि उन्हें खतरा है। फिर भी उन्होंने घर से बाहर जाने का फैसला किया है।’’
सिंह ने कहा, ‘‘केजरीवाल ने कहा कि वह खूंखार अपराधियों के बीच छह महीने तक जेल में रहे और भगवान ने उनकी रक्षा की तथा आगे भी करते रहेंगे।’’
आप सांसद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केजरीवाल को बदनाम करने के लिए उन पर भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगा रही है।
सिंह ने कहा कि अब दिल्ली की जनता को केजरीवाल की ईमानदारी पर अपना फैसला देना है।
उन्होंने कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल भारत के इतिहास में पहले नेता हैं जो गर्व के साथ कह रहे हैं कि ‘अगर मैं ईमानदार हूं तो मुझे वोट दें, वरना नहीं’।’’
भाषा
यासिर