प्रदर्शनकारी चिकित्सकों के साथ ममता की बैठक के बाद बंगाल में पुलिस, स्वास्थ्य विभागों में फेरबदल
सुभाष माधव
- 17 Sep 2024, 06:51 PM
- Updated: 06:51 PM
कोलकाता, 17 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने आंदोलनकारी कनिष्ठ चिकित्सकों के साथ अपनी बैठक के एक दिन बाद, स्वास्थ्य और पुलिस विभागों में मंगलवार को फेरबदल किया।
वरिष्ठ आईपीएस (भारतीय पुलिस सेवा) अधिकारी मनोज कुमार वर्मा को विनीत गोयल की जगह कोलकाता का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया। एक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई।
आरजी कर अस्पताल में एक चिकित्सक से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले से निपटने को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे गोयल को हटाने की घोषणा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार रात प्रदर्शनकारी चिकित्सकों के साथ बैठक के बाद की थी।
गोयल 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्हें पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) का अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) तथा पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) बनाया गया था।
आंदोलनकारी कनिष्ठ चिकित्सकों में से एक ने कहा कि उन्होंने सरकार का आदेश देखा है और अपनी बैठक करने के बाद आगे की रणनीति की घोषणा करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी एक बैठक होगी और फिर हम इस बारे में निर्णय लेंगे कि क्या आगे भी काम बंद रखा जाए।’’
नये पुलिस आयुक्त बनाये गए वर्मा 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले वह एडीजी और आईजी (कानून व्यवस्था) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
एडीजी और आईजी (कानून व्यवस्था) की जिम्मेदारी अब 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी जावेद शमीम को सौंपी गई है।
पश्चिम बंगाल सरकार ने चिकित्सा शिक्षा निदेशक (डीएमई) डॉ कौस्तव नायक और स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक (डीएचएस) डॉ देबाशीष हालदार को उनके पद से हटा दिया है। स्वास्थ्य विभाग के एक आदेश में यह जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और आंदोलनकारी कनिष्ठ चिकित्सकों के बीच सोमवार रात हुई बैठक होने के बाद यह आदेश जारी किया गया है। बैठक में ममता ने नायक और हालदार को उनके पद से हटाने का वादा किया था।
स्वास्थ्य विभाग के आदेश के अनुसार, डॉ स्वप्न सोरेन को स्वास्थ्य सेवाओं का नया प्रभारी निदेशक नियुक्त किया गया है, जबकि डॉ सुपर्णा दत्ता चिकित्सा शिक्षा की विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) होंगी।
हालदार को स्वास्थ्य भवन में सार्वजनिक स्वास्थ्य के विशेष कार्य अधिकारी और नायक को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान का निदेशक नियुक्त किया गया है।
राज्य सरकार ने कोलकाता पुलिस के उपायुक्त (उत्तर) अभिषेक गुप्ता को भी हटा दिया और उनकी जगह सिलीगुड़ी पुलिस से दीपक सरकार को लाया गया। गुप्ता को ईएफआर द्वितीय बटालियन का सीओ बनाया गया है।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में प्रशिक्षु चिकित्सक से दुष्कर्म और उसकी हत्या के विरोध में पिछले 39 दिनों से प्रदर्शन कर रहे कनिष्ठ चिकित्सक राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में भ्रष्टाचार में कथित संलिप्तता के लिए स्वास्थ्य सेवा निदेशक, चिकित्सा शिक्षा निदेशक और स्वास्थ्य सचिव को हटाने की मांग कर रहे हैं।
कई असफल प्रयासों के बाद, गतिरोध तोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ने सोमवार शाम कनिष्ठ चिकित्सकों से मुलाकात की और उनकी मांग के अनुसार पुलिस और स्वास्थ्य विभाग में फेरबदल की घोषणा की।
भाषा
सुभाष