राहुल गांधी हार की हताशा में विदेशों में भारत को बदनाम कर रहे हैं : शिवराज सिंह चौहान
शफीक अविनाश
- 10 Sep 2024, 08:22 PM
- Updated: 08:22 PM
रांची, 10 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा नीत केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा अमेरिका में की गई कथित टिप्पणी को लेकर मंगलवार को उन पर निशाना साधा और उन पर चुनावों में बार-बार हार की हताशा में विदेशों में भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया।
भाजपा के झारखंड चुनाव प्रभारी चौहान इस महीने होने वाली पार्टी की ‘परिवर्तन रैली’ के सिलसिले में एक बैठक में शामिल होने के लिए आज रांची पहुंचे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी के कथित बयान को लेकर उन पर निशाना साधते हुए चौहान ने कहा, ‘‘केवल एक कुंठित व्यक्ति ही देश को बदनाम कर सकता है और विदेशों में इसकी छवि खराब कर सकता है। अब वह न केवल सरकार बल्कि निर्वाचन आयोग पर भी सवाल उठा रहे हैं।’’
उन्होंने यहां भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘अपने ही देश की दूसरे देश में आलोचना करना देशभक्ति का काम नहीं हो सकता।’’
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं और यह जिम्मेदारी का पद होता है।
चौहान ने कहा कि जब नरसिम्हा राव देश के प्रधानमंत्री थे तो अटल बिहारी वाजपेयी विपक्ष के नेता थे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘अटल जी ने विदेश में देश का प्रतिनिधित्व किया था, लेकिन राहुल गांधी देश को बदनाम करने के अलावा और कुछ नहीं कर रहे हैं।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘लगातार हार के कारण राहुल निराश व हताश हैं और अपनी हताशा विदेश में निकाल रहे हैं।’’
राहुल गांधी वर्तमान में अमेरिका की चार दिवसीय यात्रा पर हैं। शनिवार से शुरू हुई उनकी यात्रा का पहला पड़ाव डलास था और वह सोमवार को वाशिंगटन पहुंचे।
अमेरिका के प्रतिष्ठित जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय और वाशिंगटन के वर्जीनिया के एक उपनगर हर्नडॉन में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में सभी को समान अवसर उपलब्ध नहीं कराए गए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इसे स्वतंत्र चुनाव नहीं मानता हूं। मैं इसे काफी हद तक नियंत्रित चुनाव मानता हूं।’’
कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘निर्वाचन आयोग वही कर रहा था जो वे चाहते थे। पूरा प्रचार अभियान ऐसे बनाया गया कि (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी देशभर में अपना एजेंडा चला सकें।’’
इस बीच, झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला करते हुए चौहान ने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार ‘‘चरम स्तर’’ पर पहुंच गया है, कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है और ‘‘झारखंड में हो रहा जनसांख्यिकीय परिवर्तन भयावह है।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘सरकार ने पिछले पांच साल में अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया। इसने महिलाओं को 2,000 रुपये ‘चूल्हा खर्च’ (खाना पकाने की लागत) देने का वादा किया था। अब चुनाव से पहले सरकार केवल वोट के लिए 1,000 रुपये दे रही है।’’
भाषा
शफीक