स्वास्थ्य मंत्रालय ने चांदीपुरा वायरस, एईएस रोगों के मामलों की समीक्षा की
सुभाष अमित
- 20 Jul 2024, 10:29 PM
- Updated: 10:29 PM
नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने विशेषज्ञों के साथ मिलकर गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश में चांदीपुरा वायरस के मामलों और ‘एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम’ (एईएस) मामलों की समीक्षा की।
स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक और रोग नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय केंद्र (एनसीडीसी) निदेशक प्रोफेसर (डॉ) अतुल गोयल ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), कलावती सरन चिल्ड्रेंस हॉस्पिटल और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरोसाइंसेज (निमहंस) के विशेषज्ञों के अलावा केन्द्र और राज्य निगरानी इकाइयों के अधिकारियों के साथ शुक्रवार को गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश में चांदीपुरा वायरस और एईएस के मामलों की समीक्षा की।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि विस्तृत चर्चा और समीक्षा के बाद, विशेषज्ञ इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि संक्रामक वायरस देश भर में एईएस के मामलों के केवल एक छोटे से हिस्से के लिए जिम्मेदार हैं।
उन्होंने गुजरात में सामने आये एईएस मामलों के व्यापक महामारी विज्ञान, पर्यावरण संबंधी और कीट विज्ञान संबंधी अध्ययनों की आवश्यकता पर जोर दिया।
इन जांचों में गुजरात की सहायता के लिए एनसीडीसी, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और पशुपालन और डेयरी विभाग (डीएएचडी) की एक बहु-विषयक केन्द्रीय टीम तैनात की जा रही है।
एईएस कई अलग-अलग वायरस, बैक्टीरिया, फंगस, परजीवी, स्पाइरोकेट्स, रसायन/विषाक्त पदार्थों आदि के कारण होता है। एईएस के ज्ञात कारणों में जे ई, डेंगू, एचएसवी, सीएचपीवी, वेस्ट नाइल आदि शामिल हैं।
चांदीपुरा वायरस (सीएचपीवी) रैबडोविरिडे समूह का एक सदस्य है जो देश के पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी भागों में छिटपुट मामलों और प्रकोपों का कारण बनता है, खासकर मानसून के दौरान। यह सैंड फ्लाई और टिक्स जैसे रोगवाहक कीटों से फैलता है।
बयान में कहा गया है कि जून 2024 की शुरुआत से ही गुजरात में 15 साल से कम आयु के बच्चों में एईएस के मामले सामने आ रहे हैं। बीस जुलाई 2024 तक एईएस के कुल 78 मामले सामने आए हैं जिनमें से 75 मामले गुजरात के 21 जिलों/निगमों से, दो मामले राजस्थान में और एक मामला मध्य प्रदेश से है।
इनमें से 28 मरीज की मृत्यु हो गई है। राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान, पुणे में जांच किए गए 76 नमूनों में से 9 में चांदीपुरा वायरस (सीएचपीवी) के पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। समस्त 9 सीएचपीवी-पॉजिटिव मामले और इससे जुड़ी 5 मौतें गुजरात में हुई हैं।
भाषा सुभाष