दुनिया भर में प्रौद्योगिकी संबंधी समस्या के कारण बैंक, एयरलाइन और मीडिया सेवाएं प्रभावित
एपी जोहेब नरेश
- 19 Jul 2024, 05:41 PM
- Updated: 05:41 PM
(परिवर्तित फाइल से)
(फोटो के साथ)
वेलिंगटन, 19 जुलाई (एपी) दुनियाभर में प्रौद्योगिकी संबंधी व्यवधान के कारण शुक्रवार को उड़ानों का संचालन और बैंक व मीडिया संस्थानों का कामकाज प्रभावित हुआ। इस व्यवधान से दुनिया भर की कंपनियां और सेवाएं प्रभावित हुईं तथा चंद कंपनियों के सॉफ्टवेयर पर निर्भरता की सीमाएं उजागर हुईं।
साइबर सुरक्षा कंपनी ‘क्राउडस्ट्राइक’ ने कहा कि माना जा रहा है कि इस समस्या की वजह कोई सुरक्षा गड़बड़ी या साइबर हमला नहीं है।
इस समस्या ने माइक्रोसॉफ्ट 365 ऐप और सेवाओं को प्रभावित किया तथा प्रौद्योगिकी कंपनी के यह कहने के कुछ घंटों बाद भी व्यवधान बढ़ता रहा कि वह इसे धीरे-धीरे ठीक कर रही है।
इंटरनेट रुकावटों पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘डाउनडिटेक्टर’ ने बताया कि वीजा, एडीटी सिक्योरिटी और अमेजन, तथा अमेरिकन एयरलाइंस और डेल्टा समेत विभिन्न एयरलाइन के कामकाज में व्यवधान बढ़ा है।
ऑस्ट्रेलिया में समाचार संस्थानों ने बताया कि एयरलाइंस, दूरसंचार सेवाएं और बैंक व मीडिया संस्थानों में कंप्यूटर सिस्टम पर कामकाज नहीं हो पा रहा है। ब्रिटेन, यूरोप और भारत की एयरलाइनों ने समस्याएं होने की शिकायत कीं तथा न्यूजीलैंड के कुछ बैंकों ने कहा कि उनका कामकाज प्रभावित हुआ है।
माइक्रोसॉफ्ट 365 ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि कंपनी ‘प्रभावित ट्रैफिक को वैकल्पिक प्रणालियों पर पुनर्निर्देशित करने पर काम कर रही है ताकि अतिशीघ्रता से प्रतिकूल प्रभाव को कम किया जा सके’ और वे ‘सेवा उपलब्धता में सकारात्मक रुझान देख रहे हैं।’
इस संबंध में सवाल करने पर कंपनी ने फिलहाल जवाब नहीं दिया है।
‘क्राउडस्ट्राइक’ के सीईओ जॉर्ज कर्ट्ज ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि कंपनी "विंडोज सिस्टम में गड़बड़ी के कारण प्रभावित हुए ग्राहकों के साथ सक्रिय रूप से काम कर रही है।”
उन्होंने कहा, “यह कोई सुरक्षा संबंधी घटना या साइबर हमला नहीं है। समस्या की पहचान कर ली गई है और उसका समाधान भी कर दिया गया है।”
न्यूजीलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री डेविड सेमोर ने कहा कि देश के अधिकारी वैश्विक समस्या के "संभावित प्रभावों को समझने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं।”
सीमोर ने लिखा, “मुझे अभी तक ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली है जिससे पता चले कि ये मुद्दे दुर्भावनापूर्ण साइबर सुरक्षा गतिविधि से संबंधित हैं।”
उन्होंने कहा कि इस समस्या से आम लोगों और कारोबारों के लिए परेशानी हो रही है।
इजराइल के साइबर निदेशालय ने कहा कि इजराइल भी वैश्विक समस्या से प्रभावित हुआ है और इसका कारण क्राउडस्ट्राइक की समस्या है।
संचार और स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस समस्या ने देश के डाकघरों और अस्पतालों को भी प्रभावित किया है।
इस बीच, एयरलाइन और हवाई अड्डों पर भी समस्याएं बढ़ने की जानकारी मिली है।
अमेरिका में एफएए ने कहा कि यूनाइटेड, अमेरिकन, डेल्टा और एलीगेंट समेत सभी एयरलाइन का संचालन बंद हो गया है।
कंप्यूटर संबंधी समस्याओं के कारण यूनाइटेड किंगडम में एयरलाइंस, रेलवे और टेलीविजन स्टेशन बाधित हो रहे हैं। बजट एयरलाइन सेवा रेयानएयर, ट्रेन सेवा ट्रांसपेनिन एक्सप्रेस व गोविया थेम्सलिंक रेलवे और ‘स्काई न्यूज’ में भी कामकाज प्रभावित हुआ है।
रेयानएयर ने कहा, "हम फिलहाल प्रौद्योगिकी में व्यवधान के कारण पूरे नेटवर्क में दिक्कतों का सामना कर रहे हैं, जो हमारे नियंत्रण से बाहर है। हम सभी यात्रियों को सलाह देते हैं कि वे अपने निर्धारित प्रस्थान समय से कम से कम तीन घंटे पहले हवाई अड्डे पर पहुंचें।"
एडिनबर्ग एयरपोर्ट ने कहा कि सिस्टम में खराबी के कारण प्रतीक्षा समय सामान्य से अधिक हो गया है। लंदन के स्टैनस्टेड एयरपोर्ट ने कहा कि कुछ एयरलाइन चेक-इन सेवाएं मैन्युअल रूप से पूरी की जा रही हैं, लेकिन फिलहाल उड़ानों का संचालन नहीं किया जा रहा है।
ऑस्ट्रेलियाई हवाई अड्डों पर व्यापक समस्याए सामने आई हैं, जहां यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ यात्री फंस गए हैं। मेलबर्न में यात्रियों को चेक-इन के लिए एक घंटे से ज़्यादा समय तक कतार में खड़े रहना पड़ा।
भारत में एयरलाइन परिचालन बाधित हुआ, जिससे हजारों लोग प्रभावित हुए।
कई एयरलाइन्स कंपनियों ने ‘एक्स’ पर बयान जारी कर कहा कि वे ‘मैनुअल चेक-इन’ और बोर्डिंग प्रक्रिया का पालन कर रही हैं। उन्होंने तकनीकी समस्याओं के कारण देरी होने की जानकारी दी।
एम्स्टर्डम के शिफोल हवाई अड्डे ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि इस व्यवधान का उड़ानों पर "व्यापक असर" पड़ रहा है।
जर्मनी में, बर्लिन हवाई अड्डे ने शुक्रवार सुबह कहा कि “तकनीकी खराबी के कारण, चेक-इन में देरी होगी।”
जर्मन समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार हवाई अड्डे ने कहा है कि उड़ानें 10 बजे तक निलंबित कर दी गई हैं, हालांकि इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिली है।
रोम के लियोनार्दो दा विंची हवाई अड्डे पर अमेरिका जाने वाली कुछ उड़ानों में देरी हुई, जबकि अन्य पर कोई असर नहीं पड़ा।
ऑस्ट्रेलिया में एनएबी, कॉमनवेल्थ और बेंडिगो बैंकों और वर्जिन ऑस्ट्रेलिया व क्वांटास एयरलाइंस के साथ- साथ ही टेल्स्ट्रा जैसी इंटरनेट सेवा कंपनी में भी कामकाज प्रभावित हुआ है।
एबीसी और स्काई न्यूज समेत ऑस्ट्रेलियाई समाचार संस्थानों में टीवी और रेडियो चैनलों पर प्रसारण नहीं हो पा रहा है और विंडोज-आधारित कंप्यूटरों के अचानक बंद होने की सूचना मिली है।
भुगतान प्रणाली में खराबी के कारण दुकानदार कुछ सुपरमार्केट और दुकानों पर भुगतान करने में असमर्थ हैं।
न्यूजीलैंड के बैंकों एएसबी और किवीबैंक ने सेवाएं बंद होने की बात की है।
एपी जोहेब