महिला कर्मी की आत्महत्या का मामला : परिजन ने लगाया कार्यस्थल पर उत्पीड़न का आरोप, मुकदमा दर्ज
किशोर सलीम सिम्मी
- 17 Jul 2024, 10:37 PM
- Updated: 10:37 PM
नोएडा/गाजियाबाद (उप्र), 17 जुलाई (भाषा) गाजियाबाद जिले में एक निजी कंपनी में कार्यरत एक महिला कर्मी ने कथित रूप से शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि नोएडा स्थित एक कंपनी में काम करने वाली 27 वर्षीय एक महिला ने गत 12 जुलाई को कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
महिला के परिजन का आरोप है कि उसने अपने सहकर्मियों द्वारा शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के कारण यह कदम उठाया है।
महिला ‘एक्सिस बैंक’ को सेवाएं देने वाली एक ‘थर्ड पार्टी’ कंपनी के लिए ‘टेली-कॉलर’ के रूप में काम करती थी। ‘एक्सिस बैंक’ और ‘थर्ड पार्टी’ कंपनी के कर्मचारी नोएडा में ‘एक्सिस हाउस बिल्डिंग’ में काम करते हैं, जहां वह भी काम करती थी।
उन्होंने बताया कि इस मामले में मृत महिला के भाई ने गाजियाबाद के नंदग्राम में अपनी बहन के तीन सहकर्मियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत एक मुकदमा दर्ज कराया है। जिन सहकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है उनमें एक महिला भी शामिल है।
वादी ने दावा किया कि उसकी बहन के कमरे में एक नोट मिला था, जिसमें उसने कुछ सहकर्मियों द्वारा शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के कारण आत्महत्या करने की बात लिखी है। उसने कहा कि उसकी बहन ने खुदकुशी करने से तीन-चार दिन पहले परिवार को आपबीती सुनाई थी।
वादी का कहना है कि उसकी बहन ने 12 जुलाई को शाम करीब सवा चार बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे गाजियाबाद के एक अस्पताल ले जाया गया मगर हालत गंभीर होने के कारण उसे कुछ समय बाद दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस बीच, गाजियाबाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सहायक पुलिस आयुक्त (नंदग्राम) रवि कुमार सिंह ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''हम मृतका के कार्यस्थल से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। हम मामले के तथ्यों का पता लगाने के लिए उसके सहकर्मियों से भी पूछताछ कर रहे हैं। विस्तृत जांच की जा रही है।''
इस बीच, एक्सिस बैंक ने एक बयान में कहा कि वह कार्यकारी से संबंधित दुर्भाग्यपूर्ण घटना से "बहुत दुखी" है। हालांकि बयान में यह स्पष्ट किया गया है कि वह बैंक की कर्मचारी नहीं थी।
बैंक ने बयान में कहा, "वह ‘क्वेस कॉर्प लिमिटेड’ की कर्मचारी थी। घटना की प्रारंभिक पड़ताल के आधार पर हम समझते हैं कि हमारे नोएडा स्थित कार्यालय में ‘क्वेस कॉर्प’ के एक कर्मचारी और महिला के बीच कुछ विवाद था। इस मामले में ‘क्वेस’ द्वारा जांच की जा रही थी और उसे 10 जुलाई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। क्वेस कॉर्प द्वारा इस मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई थी।"
बयान में बैंक की तरफ से कहा गया, "हम इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जांच में अधिकारियों के साथ सहयोग कर रहे हैं। एक्सिस बैंक की आचार संहिता के किसी भी उल्लंघन को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति है।"
भाषा किशोर सलीम