नौ बजे तक के मुख्य समाचार
नोमान माधव
- 22 Apr 2025, 09:18 PM
- Updated: 09:18 PM
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) भाषा की अलग-अलग फाइल से मंगलवार रात नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं -
प्रादे166 कश्मीर चौथी लीड आतंकी हमला
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में कई लोगों की मौत, कम से कम 20 घायल
श्रीनगर: कश्मीर के पहलगाम कस्बे के निकट एक खूबसूरत घास के मैदान में मंगलवार को आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में कई पर्यटकों के मारे जाने और कम से कम 20 के घायल होने की आशंका है।
दि91 मुर्मू कश्मीर आतंकी हमला
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकवादी हमला घिनौना और दर्दनाक: राष्ट्रपति मुर्मू
नयी दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले को घिनौना और दर्दनाक बताते हुए कहा कि निर्दोष लोगों को निशाना बनाने का उनका नृशंस अमानवीय कृत्य माफी के लायक नहीं है।
दि78 मोदी जम्मू कश्मीर हमला
जघन्य कृत्य में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा: प्रधानमंत्री मोदी ने पहलगाम में आतंकी हमले पर कहा
नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए कहा कि इस जघन्य कृत्य में शामिल लोगों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।
दि83 कश्मीर आतंक तीसरी लीड शाह
पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकवादी हमले के बाद अमित शाह जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना
नयी दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर के हालात का जायजा लेने के लिए मंगलवार को श्रीनगर रवाना हो गए। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
दि51 यूपीएससी लीड परिणाम
शक्ति दुबे सिविल सेवा परीक्षा में अव्वल; हर्षिता गोयल, डोंगरे अर्चित पराग को द्वितीय, तृतीय स्थान
नयी दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा मंगलवार को घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2024 के परिणाम में शक्ति दुबे ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। वहीं, हर्षिता गोयल और डोंगरे अर्चित पराग को द्वितीय एवं तृतीय रैंक मिली है।
वि31 सऊदी दूसरी लीड मोदी
प्रधानमंत्री मोदी दो-दिवसीय यात्रा पर सऊदी अरब पहुंचे, युवराज मोहम्मद बिन सलमान से करेंगे वार्ता
जेद्दा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को सऊदी अरब की दो-दिवसीय यात्रा पर जेद्दा पहुंचे, जहां वह दोनों देशों के बीच मित्रता को और मजबूत करने के लिए युवराज मोहम्मद बिन सलमान के साथ वार्ता करेंगे।
प्रादे109 राजस्थान वेंस संबोधन
अमेरिका, भारत मिलकर बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं: वेंस
जयपुर: भारत और अमेरिका के बीच मजबूत संबंधों की एक दिशादृष्टि पेश करते हुए अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ने मंगलवार को भारत से अपने बाजारों तक अधिक पहुंच प्रदान करने तथा अमेरिका से ज्यादा ऊर्जा और रक्षा उपकरण खरीदने का आह्वान किया।
वि26 अमेरिका काश पटेल लीड भारतीय
न्याय किया जाएगा: एफबीआई निदेशक ने अमेरिका में आतंकी हरप्रीत की गिरफ्तारी पर कहा
न्यूयॉर्क: अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई के निदेशक काश पटेल ने आश्वस्त किया है गैंगस्टर से आतंकवादी बने हरप्रीत सिंह की अमेरिका में गिरफ्तारी के बाद ‘‘न्याय किया जाएगा’’।
दि77 अदालत रामदेव दूसरी लीड रूहअफ़ज़ा
रामदेव की ‘शरबत जिहाद’ टिप्पणी ने अंतरात्मा को झकझोर दिया : दिल्ली उच्च न्यायालय
नयी दिल्ली: दिल्ली उच्च न्यायालय ने मंगलवार को कहा कि हमदर्द के ‘रूह अफ़ज़ा’ पर योग गुरु रामदेव की ‘‘शरबत जिहाद’’ संबंधी कथित टिप्पणी ने ‘‘अंतरात्मा को झकझोर दिया’’ और यह बचाव किये जाने योग्य नहीं है। इस पर, योग गुरु ने आश्वासन दिया कि वह संबंधित ऑनलाइन सामग्री को तुरंत हटा लेंगे।
वि30 वेटिकन पोप लीड अंतिम संस्कार
पोप फ्रांसिस का अंतिम संस्कार शनिवार सुबह 10 बजे होगा, बुधवार से लोग कर सकेंगे अंतिम दर्शन
वेटिकन सिटी: पोप फ्रांसिस के निधन के बाद ‘कार्डिनल्स’ ने अपना पहला निर्णय लेते हुए उनका अंतिम संस्कार शनिवार को करना तय किया है, वहीं बुधवार से श्रद्धालु उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे।
अर्थ34 लीड दिल्ली सर्राफा
दिल्ली में सोना एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार, चांदी स्थिर
नयी दिल्ली: स्थानीय आभूषण विक्रेताओं और कारोबारियों की लिवाली से मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 1,800 रुपये की तेजी के साथ एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के महत्वपूर्ण स्तर को पार कर गई। इस बीच, अक्षय तृतीया और शादी-विवाह के सीजन में मांग बढ़ने की उम्मीद के चलते कीमती धातु को समर्थन मिला।
अर्थ49 आरबीआई अर्थव्यवस्था
बेहतर मानसून के अनुमान से खाद्य कीमतों को काबू में रखने में मिलेगी मदद: आरबीआई बुलेटिन
मुंबई: इस साल मानसून के सामान्य से बेहतर रहने के अनुमान से कृषि क्षेत्र की स्थिति बेहतर रहने की उम्मीद है। इससे कृषि आय में वृद्धि हो सकती है और खाद्य कीमतों को काबू में रखने में मदद मिल सकती है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के अप्रैल के बुलेटिन में यह कहा गया है।
भाषा
नोमान