अपनी घोषणाओं और वादों को पूरा करेगी 'डबल इंजन' सरकार: दिया कुमारी
पृथ्वी कुंज रंजन नोमान
- 16 Jul 2024, 08:59 PM
- Updated: 08:59 PM
जयपुर, 16 जुलाई (भाषा) राजस्थान की वित्त मंत्री दिया कुमारी ने मंगलवार को कहा कि राजस्थान में 'डबल इंजन' की सरकार है जो अपनी बजटीय घोषणाओं और वादों को पूरा करेगी।
उन्होंने विधानसभा में पेश परिवर्तित बजट 2024-25 को विकसित राजस्थान का ‘विजनरी’ बजट बताया है।
दिया विधानसभा में परिवर्तित बजट 2024-25 पर हुई बहस का जवाब दे रही थीं।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार के बजट को 'नीरस और दिशाहीन' करार देते हुए कहा कि सदन ने ऐसा निराशाजनक बजट कभी नहीं देखा होगा।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विपक्ष के सदस्यों द्वारा बजट के कार्यान्वयन व संसाधनों की उपलब्धता पर सवाल उठाए जाने का जवाब देते हुए कहा, “(वित्तीय संसाधन) हम (उपलब्ध) करवाएंगे। राजस्थान में ‘डबल इंजन’ की सरकार है । हम पूरी तरह से प्रयास ही नहीं करेंगे, ये करके दिखाएंगे।”
उन्होंने कहा कि जो घोषणाएं की हैं, वादे किए हैं उन्हें पूरा किया जाएगा।
दिया ने कहा, “हमारी सरकार जिस भी काम का शिलान्यास करेगी, उसका उद्घाटन भी करेगी।”
उन्होंने दस जुलाई को परिवर्तित बजट पेश किया था। यह राज्य की मौजूदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का पहला पूर्ण बजट है।
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर 'खजाना खाली' करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा,“वित्तीय प्रबंधन पूर्ण रूप से होगा और हमारी सरकार ने कार्यभार संभालते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में अपने संकल्पों को पूरा करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं पर काम करना शुरू किया है।”
दिया ने कहा,“हमने तो पहले बजट से ही दूरदर्शी सोच रखते हुए हर क्षेत्र के लिए योजना बनाकर बजट बनाया है। यह दीर्घकालिक बजट है, यह विकसित राजस्थान का बजट है। यह 2047 के राजस्थान का बजट है और यह एक विजनरी बजट है।”
दिया ने कहा, “हमारे द्वारा पेश प्रथम पूर्ण बजट राज्य को विकसित राज्य की दूरगामी सोच के साथ प्रस्तुत किया गया है। हमारे मुख्यमंत्री भजनलाल की सरकार पहले साल से ही धरातल पर प्रदेश हित में काम कर रही है।”
मंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन व मुख्यमंत्री भजनलाल के कुशल नेतृत्व में हमारी सरकार प्रदेश को विकास की ऊंचाइयों तक ले जाने में कोई कसर नहीं रखेगी।”
उन्होंने कहा, “जन सामान्य के कल्याण के लिए शुरू की गई हमारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने का हम अथक प्रयास करेंगे।”
इससे पहले बजट पर हुई बहस में भाग लेते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “सदन ने इतना नीरस, दिशाहीन व निराशाजनक बजट कभी देखा नहीं होगा।”
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने अपना बजट दस संकल्पों के साथ रखा है लेकिन इस संकल्प में 'गरीब नौंवे व सुशासन दसवें' नंबर पर है।
जूली ने कहा कि बजट की आत्मा के पांच तत्व गरीब, किसान, मजदूर, महिला व युवा होते है, लेकिन इन प्राथमिकताओं में गरीब को नौवें और कानून व्यवस्था व सुशासन दसवें नंबर पर है।
अपने जवाब में वित्त मंत्री ने कई और घोषणाएं भी की जिनमें आबादी के हिसाब से एक हजार से अधिक गांवों को डामर सड़क से जोड़ा जाना, दो साल में 2000 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़क निर्माण कार्य करवाना, पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 33 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य चरणबद्ध रूप से करवाना शामिल है।
भाषा पृथ्वी कुंज रंजन