हरियाणा में मुठभेड़ में तीन बदमाश ढेर: पुलिस
योगेश अविनाश
- 13 Jul 2024, 09:34 PM
- Updated: 09:34 PM
नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) हरियाणा के सोनीपत में पुलिस के साथ मुठभेड़ में तीन कथित गैंगस्टर मारे गए और दिल्ली पुलिस का एक उपनिरीक्षक (एसआई) घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इस घटना के एक दिन बाद अधिकारी ने बताया कि बदमाशों ने 24 गोलियां चलाईं जबकि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 19 गोलियां चलाईं।
यह मुठभेड़ दिल्ली और हरियाणा पुलिस की संयुक्त टीम और गैंगस्टर के बीच हुई।
इस मुठभेड़ में हरियाणा के रहने वाले आशीष उर्फ लालू, सनी खरार और विक्की रिधाना की मौत हो गई। आशीष और विक्की ने 18 जून को राजौरी गार्डन में स्थित 'बर्गर किंग' रेस्तरां पर 26 वर्षीय अमन जून की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी।
विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) शालिनी सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम ने रात करीब आठ बजकर 40 मिनट पर रोहतक-चिनौली रोड पर 'किआ सेल्टोस' कार से जा रहे तीन लोगों को रोक लिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस को देखकर उन्होंने (बदमाशों ने) मौके से भागने की कोशिश की और कच्ची सड़क की ओर चले गए लेकिन उनका वाहन एक खेत के पास फंस गया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी व्यक्तियों ने कार के अंदर से ही पुलिस पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया और उन्होंने पुलिस पर करीब 24 गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली एसआई अमित के पैर में लगी और दूसरी गोली पुलिस उपायुक्त अमित गोयल और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) उमेश बर्थवाल द्वारा पहनी गई 'बुलेटप्रूफ जैकेट' में लगी।
अधिकारी ने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई की और गोलियां चलाईं।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पुलिस दल ने 19 गोलियां चलाईं, जिनमें से सनी को पांच और आशीष तथा विक्की को तीन-तीन गोलियां लगीं।
अधिकारी ने बताया कि गैंगस्टर सनी, विक्की और सनी पर दिल्ली और हरियाणा में हत्या, हत्या के प्रयास और जबरन वसूली आदि के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
ये तीनों हिमांशु भाऊ गिरोह के सदस्य थे। हिमांशु भाऊ पर यूरोप के स्पेन और पुर्तगाल से काम करने का संदेह है।
एक हफ़्ते पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दावा किया गया था कि पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया है और उन्हें फ़र्ज़ी मुठभेड़ में मारा जा सकता है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि बाद में पोस्ट को हटा दिया गया क्योंकि यह पुलिस पर दबाव बनाने की उनकी रणनीति का हिस्सा हो सकता है।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शुक्रवार को सोनीपत में मुठभेड़ से पहले आरोपियों को पुलिस ने कभी नहीं पकड़ा था।
अधिकारी ने कहा कि तीनों मृतक हिमांशु भाऊ गिरोह के 'शूटर' थे।
अधिकारी ने कहा कि आशीष और विक्की मार्च में मुरथल में गुलशन डाबा के बाहर एक व्यापारी की हत्या में भी शामिल थे।
हरियाणा पुलिस ने दोनों पर एक लाख रुपये से अधिक का इनाम घोषित किया था।
पुलिस ने कहा कि दिल्ली पुलिस के उपायुक्त गोयल और हरियाणा पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के उपाधीक्षक इंदीवीर और सोनीपत के निरीक्षक योगेंद्र संयुक्त टीम का नेतृत्व कर रहे थे।
भाषा
योगेश