भारत नवंबर में मीडिया और मंनोरजन के क्षेत्र में पहले वैश्विक शिखर सम्मेलन का करेगा आयोजन
अमित दिलीप
- 13 Jul 2024, 09:29 PM
- Updated: 09:29 PM
नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) भारत नवंबर में गोवा में भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के साथ-साथ पहले ‘विश्व दृश्य, श्रव्य एवं मनोरंजन शिखर सम्मेलन’ का भी आयोजन करेगा।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में बौद्धिक संपदा अधिकारों के संरक्षण के लिए पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने का वादा किया।
वैष्णव और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने 20 से 24 नवंबर तक गोवा में पहले ‘विश्व श्रव्य-दृश्य और मनोरंजन शिखर सम्मेलन’ (वेव्स) आयोजित किए जाने की शनिवार को घोषणा की और इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी पहल बताया, क्योंकि भारत मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में अपनी पहचान बनाना चाहता है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री वैष्णव ने ‘वेव्स’ को लेकर आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, "मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में बौद्धिक संपदा अधिकारों का बहुत महत्व है। हम बौद्धिक संपदा अधिकारों की सुरक्षा के लिए परिवेश मजबूत करेंगे।"
वैष्णव ने कहा कि सरकार उद्यम पूंजी मॉडल से सीख लेकर मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र को कम लागत वाली धनराशि उपलब्ध कराने के तरीके भी तलाश रही है।
उन्होंने कहा, "मीडिया और मनोरंजन की दुनिया एक संरचनात्मक परिवर्तन से गुजर रही है और इसमें बहुत अधिक प्रौद्योगिकी का समावेश हुआ है। इसने एक ओर तो कई अवसर खोले हैं, लेकिन दूसरी ओर, कुछ प्रतिभागियों के बीच चिंता भी पैदा की है, जो इस बदलाव के साथ तालमेल नहीं बिठा पाए हैं।’’
वैष्णव ने कहा कि सार्वजनिक नीति की भूमिका इस संरचनात्मक परिवर्तन से सर्वोत्तम लाभ उठाने में सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार इस परिवर्तन से निपटने में मीडिया और मनोरंजन के पूरे परिवेश का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री ने कहा कि सरकार का ध्यान मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में रोजगार सृजन और प्रतिभा को बढ़ाने पर है।
वैष्णव ने कहा, "इसे संरचनात्मक और प्रक्रियात्मक दोनों प्रयासों के माध्यम से क्रियान्वित किया जाएगा। ये प्रयास एक ऐसे परिवेश का निर्माण सुनिश्चित करेंगे, जो उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री को प्रोत्साहित करता है और देश में बौद्धिक संपदा अधिकारों का निर्माण और संरक्षण करता है।"
सावंत ने कहा कि ‘वेव्स’ मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में उद्योग सहयोग, नेटवर्किंग और विकास के लिए एक नया आयाम जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र ने 2023 में ही ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए 3,000 घंटे की सामग्री का निर्माण किया है।
सावंत ने कहा कि भारत का अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 20-28 नवंबर को गोवा में आयोजित किया जाएगा।
भारत में मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र का आकार 27.5 अरब अमेरिकी डॉलर आंका गया है और सरकार ‘वेव्स’ को विचारों को जगाने, विचारों को बढ़ावा देने, ज्ञान के आदान-प्रदान को सुविधाजनक बनाने और दुनिया भर के उद्योग जगत के दिग्गजों के साथ सार्थक सहयोग करने के लिए एक मंच के रूप में स्थापित करना चाहती है।
यह भारत को एक व्यापार-अनुकूल देश और इस क्षेत्र के लिए एक निवेश गंतव्य के रूप में पेश करना चाहता है।
सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू ने कहा कि ‘वेव्स’ कार्यक्रम भारत को मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में वैश्विक गुरु के रूप में स्थापित करने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन नवाचार और तकनीकी उन्नति को बढ़ावा देने; उद्योग की वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ाने; उद्योग सहयोग को मजबूत करने; निवेश आकर्षित करने; कौशल विकास को बढ़ावा देने; सामग्री विविधता को प्रोत्साहित करने और सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्यों को प्राप्त करेगा।
भाषा अमित