अपराह्न ढाई बजे तक के मुख्य समाचार
सुमित पवनेश
- 19 Nov 2025, 02:37 PM
- Updated: 02:37 PM
नयी दिल्ली, 19 नवंबर (भाषा) भाषा की विभिन्न फाइलों से बुधवार को अपराह्न ढाई बजे तक जारी अहम खबरें इस प्रकार हैं -
प्रादे40 बिहार जदयू नीतीश सम्राट
नीतीश कुमार जदयू विधायक दल के नेता चुने गए,सम्राट चौधरी बने भाजपा विधायक दल के नेता
पटना: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रमुख घटक दलों ने बुधवार को अपने-अपने विधायक दल के नेताओं का चयन किया। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायकों की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना गया। वहीं, भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों ने एक बैठक में वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उपनेता चुना। दोनों दलों की ओर से यह जानकारी दी गई।
प्रादे47 आंध्र प्रदेश साईं बाबा दूसरी लीड मोदी
सत्य साई बाबा की शिक्षाएं 140 देशों में लाखों लोगों को प्रकाश दिखा रही हैं: मोदी
पुट्टपर्थी (आंध्र प्रदेश): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को आध्यात्मिक गुरु श्री सत्य साई बाबा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं और सेवा दुनिया भर में लाखों अनुयायियों का मार्गदर्शन करती रहेंगी।
दि12 दिल्ली अदालत अल फलाह ईडी
अल फलाह समूह के चेयरमैन जवाद सिद्दीकी को 13 दिन की ईडी हिरासत में भेजा गया
नयी दिल्ली: दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार सुबह अल फलाह विश्वविद्यालय के संस्थापक जवाद अहमद सिद्दीकी को 13 दिन के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेज दिया।
प्रादे1 उप्र फर्जी अधिकारी गिरफ्तार
नोएडा में फर्जी रॉ अधिकारी गिरफ्तार, दिल्ली विस्फोट से जुड़ा वीडियो मिला
नोएडा (उप्र): उत्तर प्रदेश के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की टीम ने अपने आप को रॉ का अधिकारी बताने वाले एक व्यक्ति को बुधवार तड़के गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ की जा रही है।
प्रादे26 आंध्र प्रदेश माओवादी लीड मुठभेड़
आंध्र प्रदेश में मुठभेड़ के दौरान सात माओवादी ढेर
अमरावती: आंध्र प्रदेश के मारेडुमिल्ली में छह माओवादियों के मारे जाने के एक दिन बाद बुधवार को आसपास के क्षेत्र में हुई एक अन्य मुठभेड़ में सात और माओवादी मारे गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
प्रादे34 मणिपुर आरएसएस भागवत दौरा
जातीय हिंसा भड़कने के बाद पहली बार मणिपुर का दौरा करेंगे आरएसएस प्रमुख
इंफाल: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत दो साल पहले भड़की जातीय हिंसा के बाद 20 नवंबर को पहली बार मणिपुर आयेंगे। संगठन के एक पदाधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
दि15 विदेश मंत्रालय ऑस्ट्रेलिया वॉन्ग
ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री भारत यात्रा पर आएंगे, जयशंकर से मुलाकात करेंगे
नयी दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री पेनी वॉन्ग बुधवार को भारत पहुंचेंगे और कल विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात करेंगे।
अर्थ9 भारत इजराइल व्यापार
गोयल की तेल अवीव की यात्रा के दौरान भारत-इजराइल एफटीए की प्रगति की समीक्षा की संभावना
नयी दिल्ली: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की इस सप्ताह तेल अवीव की तीन दिवसीय यात्रा के दौरान प्रस्तावित भारत-इजराइल मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की प्रगति की समीक्षा किए जाने की उम्मीद है। बुधवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।
प्रादे41 बंगाल बीएसएफ बांग्लादेशी
एसआईआर के बीच सीमा पार करने की कोशिश कर रहे अवैध बांग्लादेशियों की संख्या में वृद्धि: बीएसएफ अधिकारी
कोलकाता: सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हाल के सप्ताहों में दक्षिण बंगाल में भारत-बांग्लादेश सीमा पार करने का प्रयास करने वाले अवैध बांग्लादेशी नागरिकों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है तथा इस वृद्धि को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जोड़ा जा रहा है।
अर्थ13 जियो जेमिनी-3
जियो ने ‘जेमिनी प्रो प्लान’ के तहत गूगल के जेमिनी-3 मॉडल को किया शामिल
नयी दिल्ली: जियो ने अपनी कृत्रिम मेधा (एआई) पेशकश को और बेहतर बनाते हुए अब ‘जियो जेमिनी प्रो प्लान’ के तहत गूगल के नवीनतम जेमिनी-3 मॉडल को भी शामिल कर लिया है।
वि1 अमेरिका ट्रंप सऊदी अरब नाटो
ट्रंप ने खशोगी की हत्या में सऊदी के क्राउन प्रिंस की संलिप्तता की खुफिया रिपोर्ट को खारिज किया
वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के उन निष्कर्षों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि 2018 में ‘वाशिंगटन पोस्ट’ के पत्रकार जमाल खशोगी की हत्या में सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की कुछ हद तक संलिप्तता हो सकती है।
वि9 ऑस्ट्रेलिया भारतीय मां
ऑस्ट्रेलिया: सड़क दुर्घटना में भारतीय मूल की गर्भवती महिला और उसके अजन्मे बच्चे की मौत
मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में कार की चपेट में आने से भारतीय मूल की एक गर्भवती महिला की अपने अजन्मे बच्चे के साथ मौत हो गयी। आठ महीने की गर्भवती समन्विता धारेश्वर (33) तकनीकी विशेषज्ञ थी।
खेल7 खेल भारत गिल
गिल दूसरे टेस्ट के लिए गुवाहाटी जाएंगे: बीसीसीआई
नयी दिल्ली: भारतीय कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट के बावजूद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 22 नवंबर से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए गुवाहाटी जाएंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को यह जानकारी दी।
खेल8 खेल बैडमिंटन लीड भारत
लक्ष्य और प्रणय सहित पांच भारतीय खिलाड़ी ऑस्ट्रेलियाई ओपन के दूसरे दौर में
सिडनी: लक्ष्य सेन और एचएस प्रणय सहित पांच भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत करते हुए बुधवार को यहां 475,000 डॉलर इनामी आस्ट्रेलियाई ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया।
भाषा
सुमित