कारोबारी को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी की घटनाओं में बॉक्सर-बिश्नोई गिरोह से जुड़ा शूटर गिरफ्तार
जितेंद्र
- 15 Jul 2026, 10:13 PM
- Updated: 10:13 PM
नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक कारोबारी से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मंगाने और उसे निशाना बनाकर की गई गोलीबारी की घटनाओं के संबंध में हैरी बॉक्सर-लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक संदिग्ध शूटर को गिरफ्तार किया। पुलिस के सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सूत्र ने बताया कि आरोपी की पहचान जगदीश उर्फ जैक के रूप में हुई है, जिसे पश्चिम बंगाल के मालदा से गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके एक साथी विकास को पूर्व में उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से पकड़ा गया था।
सूत्र के मुताबिक, मामला दिल्ली के छावला इलाके के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गयी शिकायत से संबंधित है, जिसमें शिकायतकर्ता ने दावा किया था कि उसे 12 जनवरी 2025 को एक विदेशी नंबर से फोन कॉल आया था।
सूत्र ने बताया कि फोन कॉल करने वाले ने कथित तौर पर अपनी पहचान लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सहयोगी गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के रूप में बताई और उसे धमकी दी।
फोन करने वाले शख्स ने उससे कहा कि वह अपने दोस्त कारोबारी से पांच करोड़ रुपये दिलवाए, अन्यथा उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
आठ दिन बाद, अज्ञात हमलावरों ने व्यवसायी से जुड़े एक जिम के बाहर तीन गोलियां चालईं।
सूत्र ने बताया, "अगले दिन, शिकायतकर्ता के भाई को एक फोन आया, जिसमें फोन करने वाले ने एक बार फिर खुद को हैरी बॉक्सर बताते हुए गोलीबारी की जिम्मेदारी ली।"
इस साल 26 जून को गोलीबारी की एक और घटना सामने आई, जिसमें व्यवसायी के आवास पर कथित तौर पर कई गोलियां चलाई गईं।
घटना के तुरंत बाद, व्यवसायी को कथित तौर पर एक फोन आया जिसमें फोन करने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताते हुए हमले की जिम्मेदारी ली।
सूत्र ने कहा, इसके बाद तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने कथित रंगदारी मामले में विकास को मैनपुरी से गिरफ्तार कर लिया।
विकास से पूछताछ के बाद जांचकर्ता जगदीश के ठिकाने तक पहुंचे।
सूत्र ने बताया कि पुलिस की एक टीम पश्चिम बंगाल गई और मालदा में कमला बारी रेलवे गेट के पास से जगदीश को गिरफ्तार कर लिया।
सूत्र ने बताया कि जगदीश को मालदा की एक अदालत में पेश किया गया और आगे की पूछताछ के लिए दो दिन की ट्रांजिट हिरासत पर दिल्ली लाया गया।
भाषा नोमान
नोमान जितेंद्र
जितेंद्र
1507 2213 दिल्ली