उमर ने भाजपा पर 'पिछले दरवाजे से सत्ता में आने की राजनीति' करने का आरोप लगाया
नरेश
- 12 Jul 2026, 04:57 PM
- Updated: 04:57 PM
जम्मू, 12 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला करते हुए उस पर देशभर में राजनीतिक दलों में विभाजन कराने, ''पिछले दरवाजे से सत्ता में आने की राजनीति'' करने और जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने का अपना वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई द्वारा एक दिन पहले उनके उस आरोप को खारिज किए जाने के बाद आई है, जिसमें उमर ने भाजपा पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) की सरकार गिराने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।
भाजपा ने उमर अब्दुल्ला से कथित तौर पर नेकां विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश करने वाले नेताओं के नाम सार्वजनिक करने या फिर सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की थी। भाजपा ने यह भी कहा था कि यदि अब्दुल्ला अपने आरोपों के समर्थन में सबूत पेश नहीं कर सके तो उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।
रविवार को जम्मू में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अब्दुल्ला ने भाजपा के इस दावे को खारिज कर दिया कि वह नेकां के खिलाफ कोई साजिश नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का राजनीतिक दलों को कमजोर करने का पुराना रिकॉर्ड रहा है।
उमर अब्दुल्ला ने कहा, ''आज भाजपा के नेता कहते हैं कि वे नेशनल कॉन्फ्रेंस के खिलाफ कोई साजिश नहीं कर रहे हैं। लेकिन अब उनकी बात पर कौन विश्वास करेगा?''
भाजपा पर कई राज्यों में राजनीतिक दलों में विभाजन कराने का आरोप लगाते हुए अब्दुल्ला ने कहा, ''आप (भाजपा) साजिश रचने और राजनीतिक दलों को तोड़ने से कभी नहीं थकते। इस देश का कौन-सा हिस्सा है, जहां आपने राजनीतिक दलों को नहीं तोड़ा? फिर आप कैसे कह सकते हैं कि झूठ हम बोल रहे हैं?''
उन्होंने महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और पंजाब का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने विभिन्न राज्यों में लगातार अपने राजनीतिक विरोधियों को कमजोर करने की कोशिश की है।
नेकां नेता ने कहा, ''महाराष्ट्र को देखिए। आपने शरद पवार और उद्धव ठाकरे की पार्टियों के साथ क्या किया? पश्चिम बंगाल को देखिए। आपने ममता बनर्जी की पार्टी के साथ क्या किया? पड़ोसी राज्य पंजाब में आम आदमी पार्टी को देखिए। मैं किस राज्य से बात शुरू करूं? और फिर आप गर्व से कहते हैं कि आपने 'ऑपरेशन लोटस' चलाया।''
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतकर नहीं, बल्कि राजनीतिक जोड़तोड़ के जरिए सत्ता हासिल करने की कोशिश करती है।
उन्होंने कहा, ''जब आप सामने के दरवाजे से सत्ता में नहीं आ पाते, तो पीछे के दरवाजे से सत्ता में आने की कोशिश करते हैं।''
भाषा शफीक नरेश
नरेश
1207 1657 जम्मू