न्यूजीलैंड की यात्रा पूरी करने के बाद स्वदेश रवाना हुए प्रधानमंत्री मोदी
माधव
- 11 Jul 2026, 04:52 PM
- Updated: 04:52 PM
(फोटो के साथ)
ऑकलैंड, 11 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिन की न्यूजीलैंड यात्रा पूरी करने के बाद शनिवार को भारत के लिए रवाना हो गए। इस यात्रा के दौरान भारत और न्यूजीलैंड ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक विस्तार दिया।
प्रधानमंत्री मोदी की तीन देशों की यात्रा के आखिरी चरण में न्यूजीलैंड पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी को विदा किया।
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "इस यात्रा ने रिश्तों को मजबूत किया, साझेदारी को नयी मजबूती दी और साझा भविष्य की दिशा तय की। न्यूजीलैंड में महत्वपूर्ण बैठकों और कई अहम फैसलों के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत के लिए रवाना हुए। विशेष सम्मान के तौर पर प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने उन्हें हवाई अड्डे पर विदाई दी।"
विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा से व्यापार, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा, शिक्षा, नवाचार और लोगों के बीच आपसी संबंधों समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण परिणाम हासिल हुए।
न्यूजीलैंड में मोदी ने प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ वार्ता की, जिसके बाद दोनों देशों ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक विस्तार दिया और अगले पांच वर्ष में दोनों देशों के बीच वस्तुओं व सेवाओं के वार्षिक द्विपक्षीय व्यापार को 35,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा।
इस बैठक में 18 ठोस फैसले हुए, जिनमें 10 समझौते शामिल हैं। इनमें अगले चार वर्ष में संबंधों को मजबूत करने की रूपरेखा तैयार करना, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सहयोग बढ़ाना और भारतीय नौसेना तथा न्यूजीलैंड रक्षा बल के बीच पारस्परिक लॉजिस्टिक सहायता से जुड़ा समझौता प्रमुख हैं।
यह यात्रा भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हाल ही में हस्ताक्षर होने के बाद हुई। साथ ही, यह पिछले 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली न्यूजीलैंड यात्रा थी।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने चुनिंदा मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) और उद्योग जगत के नेताओं से भी मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाएगा तथा बाजार तक पहुंच और निवेश के नए अवसर खोलेगा।
उन्होंने ऑकलैंड में आयोजित 'किया ओरा मोदी' कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की।
इससे पहले शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रमुख खिलाड़ियों और खेल जगत की हस्तियों की ओर से प्रदर्शित आधुनिक खेल उपकरणों और नयी खेल प्रौद्योगिकी की प्रदर्शनी भी देखी।
प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूजीलैंड से पहले ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया। वहां उन्होंने प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के साथ शिखर वार्ता की। दोनों नेताओं ने शांतिपूर्ण हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।
दोनों नेताओं की बातचीत का एक प्रमुख विषय रक्षा सहयोग, खासकर समुद्री क्षेत्र में सहयोग को प्रगाढ़ बनाना रहा।
दो वर्ष से अधिक समय तक चली बातचीत के बाद दोनों देशों के बीच असैन्य परमाणु ऊर्जा समझौता भी हुआ। इसके तहत ऑस्ट्रेलिया भारत की परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं के लिए यूरेनियम की आपूर्ति कर सकेगा।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया गए थे, जहां उन्होंने महत्वपूर्ण खनिज, समुद्री सुरक्षा और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए 14 समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
भाषा जोहेब माधव
माधव
1107 1652 ऑकलैंड