दिल्ली: नरेला में नाले में डूबने से हुई मौत मामले में आप ने डीडीए पर लापरवाही का आरोप लगाया
अविनाश
- 27 Jun 2026, 08:21 PM
- Updated: 08:21 PM
नयी दिल्ली, 27 जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को नरेला में एक नाले में डूबने से 36 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत को लेकर दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) पर लापरवाही का आरोप लगाया और मांग की कि मॉनसून से पहले राजधानी के सभी खुले नालों और खतरनाक जगहों को सुरक्षित किया जाए।
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए डीडीए ने एक बयान में कहा कि मौके के निरीक्षण के आधार पर इतने उथले नाले में दुर्घटनावश डूबने की कोई आशंका नहीं दिखती।
डीडीए ने कहा कि घटना के तुरंत बाद विस्तृत निरीक्षण किया गया, जिसमें पाया गया कि यह करीब दो फुट तीन इंच गहरा और डेढ़ फुट चौड़ा ढका हुआ वर्षा जल निकासी नाला है, जिसे केवल सड़क से वर्षा का पानी निकालने के लिए बनाया गया है।
डीडीए ने यह भी कहा कि निरीक्षण के दौरान नाले का एक ढक्कन गायब मिला। प्राधिकरण का दावा है कि पास में लगने वाले साप्ताहिक बाजार के कुछ दुकानदार अस्थायी मंच के रूप में इस्तेमाल करने के लिए नालों के ढक्कन हटा देते हैं और कई बार उन्हें वापस नहीं लगाते।
डीडीए के अनुसार, उसके सफाई कर्मचारी ऐसे मामलों की जानकारी मिलने पर नियमित रूप से हटाए गए ढक्कनों को दोबारा लगाते हैं।
प्राधिकरण ने कहा कि वह अन्य नागरिक एजेंसियों के साथ समन्वय कर अपने बुनियादी ढांचे के रखरखाव और एहतियाती उपायों के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं, 'आप' पार्षदों पुनीत राय और राकेश जोशी ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि स्थानीय निवासी लंबे समय से क्षेत्र में खुले नालों की शिकायत डीडीए से करते रहे हैं, लेकिन इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
आप ने दावा किया कि क्षेत्र के पार्षद ने भी कई बार डीडीए अधिकारियों के समक्ष यह मुद्दा उठाया था और कार्यपालक अभियंता को वीडियो भी भेजे थे, लेकिन इसके बावजूद नाला खुला रहा।
पार्टी ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी कई बच्चे इस नाले में गिर चुके थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने बचाया था। उसका दावा है कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
आप ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली में नालों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण कई स्थानों पर नाले खुले पड़े हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
पार्टी ने केंद्र, दिल्ली सरकार और नगर निगम (एमसीडी) में सत्तारूढ़ भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि राजधानी में नागरिक सुविधाओं और सार्वजनिक सुरक्षा की स्थिति खराब हुई है।
भाषा राखी अविनाश
अविनाश
2706 2021 दिल्ली